गोपेश्वर से कर्णप्रयाग जा रही खचाखच भरी बस यूए 11-0654 9 जुलाई को सुबह 10 बजे चमोली से पाँच किलोमीटर आगे कुहेड़ गाँव के समीप अनियंत्रित होकर अलकनंदा में जा गिरी, जिसमें 5 महिलाओं तथा 4 पुरुषों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। घायल तीन बच्चों में से एक की अस्पताल लाते समय तथा दो बच्चों की अस्पताल में मौत हो गई। एक बुजुर्ग ने अस्पताल लाते समय दम तोड़ा। कई और लोगों के नदी में बहने की संभावना जताई जा रही है। मरने वालों में 10 लोग एक ही परिवार के हैं। घायलों को गोपेश्वर और श्रीनगर के अस्पतालों में भर्ती कराया है। घायल बस कंडक्टर ने बताया कि बस में 32 से ज्यादा लोग सवार थे। खबर लिखे जाने तक राहत दल अलकनंदा में डूबी बस की खोजबीन में जुटे हुए हैं। घायलों तथा प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना का कारण ओवरलोडिंग तथा तेज रफ्तार बताया जा रहा है।
बांतोली गाँव की यशोदा देवी के परिवार के लोग मंडल गाँव में रिश्तेदारों के घर शादी सम्पन्न होने के बाद सुबह खुशी-खुशी इस अभागी बस में सवार होकर गोपेश्वर से चले थे। 10 लोगों के इस परिवार में केवल एक छोटी बच्ची ही जीवित बची है। इस दुर्घटना में दो मासूम भाई-बहिन अंशू एवं मानसी की भी मौत हुई। अस्पताल में जब वे आए तो उनकी आखिरी साँसें चल रही थीं। डाक्टरों द्वारा उनको बचाने की हर संभव कोशिश असफल रही। नगरासू का रहने वाला कैलाश भी अपनी बहन कुसुम तथा चार वर्षीय भांजे प्रियांशु को ससुराल से लाने के लिए कोठियालसेण से इस बस में सवार हुआ था। बहन और भांजा हादसे के शिकार हो गए, कैलाश गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना में बुरी तरह घायल मंडल निवासी शिवम बर्त्वाल ने अपनी जान की परवाह किए बगैर अदम्य साहस का परिचय दे कर तीन वर्षीय बच्ची को नदी से बचा लिया। 24 वर्षीय नेपाली युवक लोकेन्द्र राउल बस से छिटक कर झाड़ियों में गिरकर बेहोश हो गया। शाम को होश आने पर सरकता हुआ सड़क पर आ गया और घायल अवस्था में ही गाड़ी में बैठकर जिला चिकित्सालय पहुँच गया।
इस हादसे में एक बार फिर आपदा प्रबंघन के दावों की कलई खुल गई। दुर्घटनास्थल पर प्रशासन के देर से आने के कारण स्थानीय लोगों ने अपनी जान जोखिम पर डाल कर घायलों को निकाला। बचाव के तमाम उपकरण भी समय से घटनास्थल नहीं पहँुच पाये। इस सवाल पर गुस्साये लोगों ने जिलाधिकारी का घेराव किया। लोगों का कहना था कि आपदा प्रबंधन का पुख्ता इन्तजाम न होने से अधिकांश लोगों को बचाया नहीं जा सका। उन्होंने दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की माँग की।

























आपकी टिप्पणीयाँ