नई दिल्ली में चाणक्यपुरी स्थित उत्तराखण्ड भवन में पिछले पखवाड़े देवेन्द्र उपाध्याय द्वारा लिखित और नेशनल बुक ट्रस्ट द्वारा प्रकाशित पुस्तक ‘उत्तराखण्ड की राजस्व पुलिस व्यवस्था’ पुस्तक का लोकार्पण केन्द्रीय संसदीय कार्य, कृषि, खाद्य एवं प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री हरीश रावत ने किया। रावत ने कहा कि उत्तराखण्ड में भू प्रबन्धन कानून में और अधिक सुधार की आवश्यकता है। पिछले सालों मंे इस क्षेत्र में बहुत अधिक कार्य नहीं हुआ है। इस पुस्तक के माध्यम से राजस्व पुलिस व्यवस्था को समझने तथा आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा को भी कार्यक्रम में सम्मिलित होना था, किन्तु दिल्ली में ही अन्यत्र व्यस्तता के चलते वे नहीं आ सके। उनके द्वारा भेजे गये संदेश में कहा गया कि उत्तराखण्ड की भौगोलिक परिस्थितियों का अच्छा ज्ञान होने के कारण राजस्व पुलिस प्रदेश में बहुत अच्छा कार्य कर रही है।
इस अवसर पर देवेन्द्र उपाध्याय ने पुस्तक के बारे में विस्तार से जानकारी दी। देवेन्द्र उपाध्याय के अब तक तीन कविता संग्रह, पाँच कहानी संकलन, तीन उपन्यास और दो यात्रा-वृतांत प्रकाशित हो चुके हैं। नेशनल बुक ट्रस्ट के निदेशक एम.ए. सिंकदर और उत्तराखण्ड पत्रकार परिषद के सचिव अवतार सिंह नेगी ने भी विचार व्यक्त किये। इस अवसर पर कांग्रेस प्रवक्ता धीरेन्द्र प्रताप तथा अनेक पत्रकार एवं प्रबुद्ध उपस्थित थे।