‘नैनीताल समाचार’ नियमित हमारे पास आ रहा है और इसे देख कर नैनीताल और समस्त पहाड़ की याद आप लोगों के स्नेह के साथ ताजा हो जाती है। नैनीताल समाचार अब दिनोंदिन उन्नति पर है। सरकारी विज्ञापनों से भी सुसज्जित होता जा रहा है। यह सुखद बात है और आप सभी के लिये बधाई है। इन सब बातों के अतिरिक्त नैनीताल समाचार जो हमें दे रहा है, वह छोटी-मोटी बात नहीं, पूरे पहाड़ के कण-कण से परिचित करवा रहा है।
कुछ बात है कि मुझ में और डॉ. साहब में पहाड़ के प्रति केवल आकर्षण ही नहीं था, अटूट श्रद्धा भी बनी हुई है। हर मास आने वाली ढेरों पत्रिकाओं के बीच नैनीताल समाचार का मैं एक-एक पृष्ठ पढ़ लेती हूँ और बार-बार नैनीताल आने के लिये मन भी मचल जाता है। बंधु, आपको हमारी पत्रिका शुभ तारिका नियमित भेजी जा रही है। पूर्ण आशा भी है कि आपको मिल ही रही होगी। किन्तु लगता है कि आप अपनी व्यस्तताओं में नैनीताल समाचार के अतिरिक्त कोई भी पत्र शायद देख नहीं पाते। पत्र हमारे बीच संवाद का माध्यम होते हैं। वे सब पुरानी और नई यादों को परिमार्जित करते रहते हैं। कभी-कभी आप कुछ एकाध शब्द लिखें, तो बहुत अच्छा लगेगा। आगे डा. महाराज कृष्ण जैन स्मृति अंक के लिये भी आप अपनी कोई श्रद्धांजलि, विचार कुछ भी दीजिये।
उर्मि कृष्ण
संपादक, ‘शुभ तारिका’, अम्बाला






















आपकी टिप्पणीयाँ