शिक्षक!![]()
मेरे बच्चे को
रट्टू तोता मत बनाना
उसे अक्षर बताना
शिक्षक!
मेरे बच्चे को
लूट की तरकीब मत बताना
चारों तरफ फैला है लूट का साम्राज्य
इस शिक्षा में
भरे हैं उसके अवगुण
एक पाठ कम पढ़ाना
शिक्षक!
हो सके तो मेरे बच्चे को भला
आदमी बनाना
स्कूल भेजते वक्त
मेरा बच्चा
बहुत चंचल था
हमने उसका नाम भी
यही रखा
तुम्हारी कक्षा में
जरूर हो जाता होगा दाएँ-बाएँ
बच्चे की शरारत माफ करना
शिक्षक!
मेरे बच्चे को
गऊ मत बनाना
प्यार बहुत बड़ी चीज है
लेकिन, नफरत
बहुत बुरी चीज नहीं
जुल्म के बनैले पशुओं
के खिलाफ
उसे गुस्सा
आना ही चाहिए
शिक्षक!
मेरे बच्चे को
इतनी आग देना
कि वह इस जंगल-तंत्र को जलाने का
हौसला रखे
तुम्हारे ही हुनर से बनना है बालक मन को
भविष्य को
पेशे की गरिमा बचाये रखना
शिक्षक!
मेरे बच्चे को इस योग्य बनाना
कि वह तुम्हें इज्जत बख्शे
राजेश्वरी
(‘दस्तक’ अंक 41 जुलाई-अगस्त से साभार)