11 जून से पिथौरागढ़ में राष्ट्रीय स्तर की फुटबाल प्रतियोगिता प्रारम्भ हो गई है। प्रतियोगिता का उद्घाटन 69 माउण्ट ब्रिगेड पिथौरागढ़ के ब्रिगेडियर सुनील बी. बोधे ने किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में अर्जुन अवार्ड विजेता हरि दत्त कापड़ी एवं दानवीर देब सिंह बिष्ट के परिवार के सामाजिक कार्यकर्ता रवीन्द्र सिंह बिष्ट मालदार थे। इस अवसर पर अन्तराष्ट्रीय मुक्केबाज मोनिका सौन को भी पुरस्कृत किया गया। उद्घाटन मुकाबला पिथौरागढ़ फुटबाल क्लब एवं आर्मी जूनियर बॉयज लखनऊ के बीच खेला गया, जिसमें लखनऊ ने मेजबान टीम को 3-0 से शिकस्त दी।
जिला क्रीड़ाधिकारी विनोद वल्दिया के अनुसार प्रतियोगिता में पिथौरागढ़ फुटबाल क्लब सहित कुल 14 टीमें भाग ले रही हैं। ये हैं बी.एस.एफ. जालंधर, आर. के. स्टील सिवान (बिहार), गढ़वाल हीरोज, नई दिल्ली, जे.सी.टी. फगवाड़ा, स्पोर्ट्स कालेज लखनऊ, डी.एफ.ए. बनारस, आर्मी जूनियर ब्वायज, लखनऊ, यूथ फुटबाल क्लब तमिलनाडु, एच.वाई.सी. हिसार (हरियाणा), नीमच फुटबाल एसोसिएशन मध्य प्रदेश, उत्तराखंड पुलिस, स्पोट्र्स एकेडमी गंगटोक (सिक्कम), आरसीएफ कपूरथला (पंजाब) शामिल हैं। विजेता टीम को नकद पुरस्कार के रूप में 1.50 लाख रुपये तथा उपविजेता टीम को 0.75 लाख रुपये का इनाम प्रदान किया जायेगा। प्रथम एवं द्वितीय पुरस्कार के लिये शहर के दो मशहूर लोगों ने चंदे के रूप में धनराशि देने की घोषणा भी कर दी है। प्रदेश सरकार ने इस प्रतियोगिता हेतु 5 लाख की घोषणा की है। विधायक प्रकाश पन्त ने 3 लाख तथा सांसद प्रदीप टम्टा ने 6 लाख रुपये देने की घोषणा की है।

प्रतियोगिता में कुल रु. 14 लाख व्यय होने की संभावना है। प्रतियोगिता स्थानीय देव सिंह मैदान में हो रही है। इस बहाने इस मैदान का जीर्णोद्धार भी हो गया है। अन्यथा इस मैदान में आवारा जानवरों का अड्डा था या स्कूल के बिगड़ैल लौंडे दम लगाते थे। शहर में बड़े-बड़े होर्डिग्स, बैनर लगे हैं। मैदान के निकट का शौचालय भी अपनी दशा को सुधर गया देख गदगद है। पूरे प्रदेश में आयी भीषण आपदा के समय पर भी ना दिखे हों, मगर प्रत्येक विभाग के आला अधिकारी दिन रात इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिये जुटे हैं। इस प्रतियोगिता में सर्वाधिक रुचि दिखा रहे हैं, जिले के युवा पुलिस अधीक्षक नीलेश आनन्द भरणे। शहर की चरमरा गई यातायात व्यवस्था को पटरी पर ले आये इस युवा अधिकारी ने तो प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिये जान लगा दी है।
Picture : MeraPahad Forum