मानसून आते ही उत्तराखंड निवासियों के चेहरों पर चिंता के बादल घुमड़ने लगे। पिछले साल की बरसात में हुई बरबादी के अवशेष अभी तक हट नहीं पाए हैं और अब नए सिरे से भूस्खलन और मार्ग अवरुद्ध होने का सिलसिला आरंभ हो गया, जिससे यात्रा मार्ग में तीर्थ यात्री भी अनेक स्थानों पर फँसे। अनेक स्थानों पर मानसूनी मौसम की बीमारियों का जोर रहा। पालतू कुत्तों में पार्वो इन्फेक्शन फैला तो सब्जियों की खेती पर कीड़ों का कहर टूट पड़ा। खाद्य पदार्थों और औषधियों में मिलावट की जाँच करने वाली उत्तराखंड की पहली प्रयोगशाला रुद्रपुर में काम करने लगी है। इससे पहले उत्तराखंड में भरे जा रहे नमूनों की जांच का काम हिमाचल प्रदेश की प्रयोगशाला में किया जा रहा था। कलक्ट्रेट कर्मचारियों की मांगों पर सरकार के अनुकूल रुख का ऐलान होने के बाद डेढ़ माह से चल रहा आंदोलन समाप्त करने की घोषणा कर दी गई। सरकार ने स्वतंत्रता सेनानियों के आश्रितों को उत्तराधिकारी का दर्जा देने के साथ ही अनेक सुविधाएं देने का फैसला किया है।
नैनीताल
उच्च न्यायालय ने आवासीय विद्यालयों में भोजन पर बिक्री कर लगाने के नोटिस रद्द करने के आदेश दिये हैं तथा इस प्रकार कर लगाने को असंवैधानिक बताया है। धर्मगुरु दलाई लामा का जन्म दिन यहाँ धूमधाम से मनाया गया। नैनीताल के चिडि़याघर में तिब्बती मादा भेडि़या शीला ने दो स्वस्थ बच्चों को जन्म दिया। ज्योलीकोट के पास गांजा गाँव में 13 फुट की मादा किंग कोबरा ने अंडे दिये। वन्य जीव अधिकारी आधुनिक तरीकों से उस पर पूरी निगरानी रखे हुए हैं। भीमताल में जैव प्रौद्योगिकी विभाग के सभागार में बौद्धिक सम्पदा अधिकार पर कार्यशाला आयोजित की गई। सरकार ने धारी तहसील में उपकोषागार खोलने को मंजूरी दे दी है। हल्द्वानी स्थित संभागीय परिवहन विभाग ने ओवर लोडिंग, नशे में तथा लापरवाही से वाहन चलाने जैसी गलतियों को तीन बार करने वाले 49 वाहनों के परमिट रद्द करने तथा कुछ चालकों के लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई आरंभ की है। प्रशासन ने रामनगर में राशन की दुकानों पर छापे मारे। कालाढ़ूंगी थाना क्षेत्र में बौर नदी में नहाते समय अचानक पानी का बहाव बढ़ने से आठ लोग बह गए जिनमें से तीन लोगों को बचा लिया गया जबकि पांच लोग बह कर दूर चले गए। बाद में इनमें से चार लोगों के शव बरामद हो गए। पाँचवा शव दो दिन बाद मिला। नैनीताल के समीप भूमियाधार में एक युवक की हत्या कर लाश गधेरे में डाल दी गई।
अल्मोड़ा
भारी वर्षा को देखते हुए जिलाधिकारी डी.एस. गर्ब्याल ने विद्यालयों को चार दिनों तक बंद रखने का निर्देश दिया। विवेकानन्द पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान के 88 वें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए गांधी शांति प्रतिष्ठान की अध्यक्ष राधा भट्ट ने कहा कि पहाड़ की खेती हमेशा ही उपेक्षित रही है। उन्होंने वनों के विकास द्वारा किसानों को मदद की जरूरत बताई। पद्मविभूषण स्व. बी.डी.पाण्डे स्मृति समारोह में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के महानिदेशक डॉ. राजेन्द्र डोभाल ने संवाद-2010 का विमोचन किया। एस.एस.जे. परिसर विधि संकाय के चतुर्थ सेमस्टर के छात्र-छात्राओं ने परीक्षा की स्थिति स्पष्ट न होने का आरोप लगाते हुए परीक्षा का बहिष्कार किया। विधायक मनोज तिवारी ने जल मूल्य में 15 प्रतिशत की वृद्धि पर कड़ा विरोध जताया। जिलाधिकारी ने जागेश्वर के पास आरतोला में निर्माणाधीन हर्बल पार्क का निरीक्षण किया।
बागेश्वर
पूर्व मुख्य मंत्री व राज्य सभा सदस्य भगत सिंह कोश्यारी ने लामबगड़ कन्यालीकोट में लघु पनबिजली परियोजना के लोकार्पण के अवसर पर कहा कि उतराखंड को ऊर्जा प्रदेश के रूप में विकसित करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। स्थानीय समस्याओं से उद्वेलित व्यापारियों ने भराड़ी में कोश्यारी का घेराव किया। गरुड़ विकास खंड के लमचूला गांव में निमोनिया फैलने के कारण 45 बकरियों की मृत्यु हो गई। लोहारी के चाय बागान में काम कर रहे एक श्रमिक पर बाघ ने दिन में ही हमला कर उसे जख्मी कर दिया। राजकीय चिकित्सालय कमेड़ीदेवी में आग लग गई। इस अग्निकांड में विभाग के किसी सदस्य का हाथ होने की आशंका व्यक्त की जा रही है।
पिथौरागढ़
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दैवीय आपदा मद के वितरण में बंदरबाँट का आरोप लगाते हुए आपदाग्रस्त क्षेत्रों की उपेक्षा किये जाने पर जिला कार्यालय पर प्रदर्शन किया। कांग्रेस की अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ के कार्यकर्ताओं ने सहायता वितरण में उपेक्षा का आरोप लगाते हुए जिला मुख्यालय में प्रदर्शन किया और सरकार का पुतला फूँका। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में दो दिवसीय मत्स्यपालन प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। धारचूला से प्राप्त समाचार के अनुसार बलुआकोट क्षेत्र की जन समस्याओं को लेकर लामबंद हुए व्यापारियों ने उपजिलाधिकारी से मिल कर समस्याओं को हल करने की मांग की। उत्तराखंड क्रांति दल के नेता काशी सिंह ऐरी ने विश्वास व्यक्त किया कि चुनाव चिन्ह विवाद में उनकी पार्टी को ही चुनाव चिन्ह आबंटित होगा। स्वर्ण जयन्ती स्वरोजगार योजना के अन्तर्गत महिलाओं को पुष्प गुच्छ निर्माण का प्रशिक्षण दिया गया।
चंपावत
लोहाघाट में पेयजल मंत्री प्रकाश पन्त ने नगर के ऐतिहासिक ऋषेश्वर महादेव मंदिर के पास सिंचाई विभाग द्वारा 49 लाख रु. की लागत से लोहावती नदी में बनाये जा रहे लघु जलाशय का निरीक्षण किया। कनेड़ी के प्रसिद्ध कालेशन मंदिर माँ भगवती के जयकारे के साथ देवी रथ यात्रा निकाली गई। टनकपुर में बसपा कार्यकर्ताओं ने महंगाई और भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रदर्शन किया। नगर के नई टैक्सी स्टैंड क्षेत्र में रहने वाली पार्वती देवी की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई।
उधमसिंह नगर
रुद्रपुर में मोबाइक पर सवार युवक गोविन्द सिंह की सिडकुल से लौटते समय ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। सितारगंज में ग्राम बिजरी में खेत में पानी लगाने गए 36 साल के रणजीत सिंह की मोटर चलाने पर करेंट लगने से मौत हो गई। किच्छा में एक 35 साल के व्यक्ति की रेलगाड़ी से कटने से मौत हो गई। काशीपुर में लायंस क्लब सेंट्रल ने रक्तदान शिविर का आयोजन किया जिसमें 45 लोगों ने रक्तदान किया।
हरिद्वार
आषाढ़ी अमावस्या के पहले दिन लगभग दो लाख लोगों ने गंगा में डुबकी लगाई। देवशयनी एकादशी पर लगभग तीन लाख लोगों ने गंगा में स्नान किया। रुड़की में एक युवक की हत्या कर उसका शव बोरों में बंद कर नहर पटरी पर एस.पी. देहात के निवास स्थान के पास फेंक दिया गया। राजकीय इन्टर कालेज ज्वालापुर की शिक्षिकाओं ने प्रधानाचार्य पर मनमानी का आरोप लगाते हुए उनका घेराव किया। छात्रों ने गुरुकुल कांगड़ी में निर्माणाधीन एक भवन की दीवार तोड़ दी। छात्रांे का आरोप था कि उसमें घटिया सामग्री का प्रयोग हो रहा था, जबकि ठेकेदार ने छात्र नेताओं पर अनुचित दबाव बना कर धन ऐंठने के प्रयास का आरोप लगाया। रवासन नदी में डूबने से 75 साल की एक वृद्धा की मौत हो गई।
देहरादून
राज्य में स्कूलों में रिक्त 8000 पदों को नियुक्ति और अध्यापन पात्रता-टी.ई.टी. के पैमाने से मुक्ति की मांग को लेकर बी.एड. प्रशिक्षित बेरोजगारों ने सचिवालय कूच किया। समाज कल्याण मंत्री मातवर सिंह कंडारी ने भाजपा के पूर्व अध्यक्ष राजनाथ सिंह को उत्तराखंड का चुनाव प्रभारी बनाये जाने का स्वागत किया है। उत्तराखंड क्रांति दल के नेता त्रिवेन्द्र सिंह पवार ने पूर्व मुख्य मंत्री भुवन चन्द्र खंडूड़ी के साथ अपनी बातचीत के बाद कहा कि अगले चुनाव में मुख्य मुकाबला राष्ट्रीय दलों और क्षेत्रीय दलों के बीच होगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय सवालों से सहमत नजर आने वाले संगठनों से बातचीत की पहल चल रही है। पूर्व मुख्य मंत्री ने इस मामले में अपनी चुप्पी तोड़ते हुए कहा कि वह सभी तरह के लोगों से मिलते रहते हैं परन्तु तीसरे मोर्चे को लेकर किया जा रहा प्रचार एक षडयंत्र है। केन्द्रीय कृषि राज्य मंत्री हरीश रावत ने उत्तराखंड के कृषि मंत्री को पत्र लिख कर जलवायु परिवर्तन पर ठोस योजना न बनाये जाने पर चिंता प्रकट की है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत केन्द्र सरकार द्वारा आबंटित 132 करोड़ रु. का भी पूरा उपयोग नहीं किया गया है। टिहरी जल विद्युत विकास निगम की 1000 मेगावाट की परियोजना पर काम शुरू होगा। इस पर 1800 करोड़ रु. खर्च होंगे और यह 2016 में पूरी होगी। उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के केन्द्रीय उपाध्यक्ष जय प्रकाश ने कहा कि उत्तराखंड के सवालों को लेकर तीसरे मोर्चे के गठन का वे स्वागत करेंगे। शिक्षा मंत्री गोविन्द सिंह ने बताया कि मुख्य मंत्री ने भीड़ापानी और ओखलकांडा ब्लाक में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र की स्थापना करने की घोषणा की है। विधान सभा अध्यक्ष हरवंश कपूर ने कहा कि जन प्रतिनिधियों और जागरूक लोगों को विकास कार्यों की प्रगति पर पैनी नजर रखनी चाहिए। मुख्य मंत्री ने ऋषिकेश में महिला डिग्री कालेज खोलने की घोषणा की है। धाद सृजन एकांश ने गढ़वाल विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति के.पी. नौटियाल के निधन को अपूरणीय क्षति बताया है। नगर पालिका विकासनगर ने अपना छः करोड़ रु से अधिक का बजट पारित किया। कालसी में रोहाड़ा गाँव के पास यमुना में एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ। ऋषिकेश में 48 साल के गोपाल सिंह नेगी की गंगा नदी में नहाते समय तेज धारा की चपेट में बह जाने से मौत हो गई। ढालवाला जंगल के पास सुबह की सैर पर निकले लोगों पर हाथी ने हमला कर 78 साल के श्रीदत्त चमोली को मार डाला। पिछले माह भी हाथी ने एक उद्यमी को सुबह की सैर के समय मार डाला था। रायवाला में पार्क से निकल कर रिहायशी इलाके में घुसे हाथी ने एक घर की चारदीवारी को तोड़ डाला और खेत में लगी फसल को नुकसान पहुँचाया। भारी वर्षा के कारण पिछले साल 17 मकानों की क्षति को देखने वाले गाँव वासियों ने इस बार चंदा करके जे.सी.बी. मशीन मंगवा कर अमलावा नदी की सफाई करवा कर भारी मात्रा में मलबा व पत्थर बाहर निकलवाये हैं। कुल्लू से देहरादून आ रहे एक हेलीकाप्टर को आपात स्थिति में पुरकुल में एक स्कूल के मैदान में उतारना पड़ा। भारतीय जनता पार्टी के महिला मोर्चे की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक ऋषिकेश में सम्पन्न हुई।
टिहरी गढ़वाल
टिहरी बांध से प्रभावित क्षेत्रों में घाट की समस्या के समाधान के लिए प्रभावित क्षेत्रों में 23 नए घाटों के निर्माण का निर्णय किया गया है। यह फैसला जिलाधिकारी राधिका झा की अध्यक्षता में आयोजित एक बैठक में किया गया। पट्टी दोगी के केन्द्र स्थल हिण्डोला में धरना प्रदर्शन आयोजित कर नरेन्द्र नगर को जिला बनाने की मांग की गई। नई टिहरी नागरिक मंच ने अपनी लम्बित मांगों को लेकर जिलाधिकारी के साथ बैठक की। घनसाली में लगातार बारिश के बाद स्कूल भवनों की सुरक्षा के खतरे को देखते हुए विद्यार्थियों को वासप घर भेजना पड़ा।
उत्तरकाशी
लगातार भारी वर्षा होने से गंगोत्री-यमुनोत्री मार्ग में यातायात ठप रहा। गंगोत्री मार्ग में सुक्खी के पास मलबा हटाने में बहुत समय लगा जबकि यमुनोत्री मार्ग में धरासू- ब्रह्मखेली के बीच सड़क में अवरोध रहा। नेहरू पर्वतारोहण संस्थान के एक दल ने 6905 मीटर ऊँचे थलय सागर हिमशिखर पर फतह हासिल की। वह ऐसा करने वाला पहला भारतीय दल है। इस शिखर पर विजय तकनीकी दृष्टि से जटिल मानी जाती है। केन्द्रीय पर्यावरण मंत्रालय ने मुख्य मंत्री को पत्र भेजकर उत्तरकाशी से गोमुख तक 135 किलोमीटर क्षेत्र को इको संेसटिव जोन बनाने के फैसले पर आगे की कार्रवाई के बारे में स्मरण पत्र भेजा है। गंगा घाटी में काश्तकार भारी वर्षा के कारण खेत में ही आलू की बर्बादी से चिंतित रहे।
रुद्रप्रयाग
ब्लाक जखोली के अन्तर्गत ग्राम पंचायत सुमाड़ी भरदार में पेयजल की नियमित आपूर्ति न होने से परेशान ग्रामीणों ने तिलवाड़ा-मयाली मोटर मार्ग पर दो घंटे तक चक्का जाम किया। ग्राम पंचायत बाँसी भरदार की समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर ग्रामीणों के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी एस.ए.मरुगेशन से भेंट की। गुप्तकाशी-कोटमा मोटर मार्ग में एक डंपर के खाई में गिर जाने से 35 वर्षीय कमल सिंह भंडारी की मौत हो गई।
पौड़ी गढ़वाल
कार्बेट पार्क की दक्षिणी सीमा से सटे दो दर्जन गांवों में किसानों की फसलों को जंगली हाथियों ने तहस-नहस कर दिया। निकाय सभासद महासंघ ने निकायों को मजबूत करने के लिए प्रदेश में अपना नगरपालिका कानून लागू करने की मांग की है। लालपुर क्षेत्र में दूषित पेयजल की आपूर्ति से क्षुब्ध ग्रामीणों ने जल संस्थान के अधिकारियों का घेराव कर स्वच्छ जल की मांग की। कालागढ़ में भिक्कावाला पंप नहर में तीन मगरमच्छों के घुस आने से इलाके के लोगों में दहशत है। गढ़वाल विश्वविद्यालय के पौड़ी परिसर के छात्रों ने अब तक भी भूगर्भ विज्ञान, बी.एस.सी. प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय वर्ष की प्रायोगिक परीक्षा आयोजित न होने के विरोध में कालेज में तालाबंदी कर दी। कोटद्वार में उपजिलाधिकारी की पहल पर नगरपालिका कार्यालय में 25 दिनों से चल रहा क्रमिक अनशन समाप्त हो गया। जिला बार संघ के बैनर के तले अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में धरना दिया और कोटद्वार को जिले का दर्जा देने की मांग की। श्रीनगर में कुछ संगठनों ने मिल कर लोक हिमालय नीति का मसौदा जारी किया। लैंसडौन में पुलिस ने बड़े भाई भरत सिंह की हत्या के आरोप में उसके भाई सुभाष सिंह को गिरफ्तार किया। उसकी गिरफ्तारी उनके पिता किशन चन्द की तहरीर पर हुई। दिल्ली-पौड़ी राजमार्ग पर कोटद्वार व नजीबाबाद के मध्य जीप की टक्कर लगने से अल्मोड़ा के सल्ट ब्लाक में तैनात उप कृषि निरीक्षक हीरा मल धस्माना की मौत हो गई। कालागढ़ में रामगंगा में नहाते समय 17 साल के युवक कुलदीप रावत की मौत हो गई। कोटद्वार के भाबर क्षेत्र में दुर्गापुरी में एक मजदूर मो. हुसैन की सांप के काटने से मौत हो गई। नृत्य व संगीत में पौड़ी की उभरती कलाकार राजू सिलमाणा का जौलीग्रांट में उपचार के दौरान निधन हो गया। इक्कीस साल की राजू बी.टेक की छात्रा थी।
चमोली
गोपेश्वर से प्राप्त समाचार के अनुसार परसारी जोशीमठ निवासी 22 साल के युवक की सी.डी. प्लेयर चलाते समय करेंट लगने से मौत हो गई। खैनूरी गाँव में एक घटना में भवानी लाल व उनकी पत्नी धन्ना देवी हाई टेंशन तार के सम्पर्क में आने से बुरी तरह से झुलस गए। उन्हें जिला मुख्यालय के अस्पताल में भर्ती किया गया है। गोपेश्वर में आवारा पशुओं को रखने के लिए प्रस्तावित कांजी हाउस की भूमि पर अतिक्रमण हटाने के लिए पहुँचे एस.डी.एम. का तल्ला नैग्वाण की महिलाओं ने घेराव किया। उनका दावा था कि यह भोटिया पड़ाव की भूमि है, यहाँ कांजी हाउस नहीं बनाया जाना चाहिए। नाट्य संस्था अक्षत के कलाकारों ने नाट्य कार्यशाला के समापन के अवसर पर मनमोहक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। विकास खंड घाट के भेंटी गांव में 12 साल के किशोर जितेन्द्र की तालाब में डूबने से मौत हो गई।