बिजली और पानी के संकट का सामना कर रहे प्रदेश वासियों को मानसून का इंतजार रहा। अंततः जब वर्षा आई तो लोगों ने राहत अनुभव की। नदियों में जल स्तर में गिरावट के कारण विद्युत उत्पादन में कटौती हो गई और बिजली न होने से नलकूपों का पानी सप्लाई करना भी कठिन रहा। भारतीय जनता पार्टी ने राज्य में कांग्रेस के 100 दिनों के कार्यकाल को निराशाजनक बताते हुए कहा कि भाजपा के शासन में हुए जनहित के कामों को पलटने के साथ ही विधायकों की खरीद-फरोख्त को बढ़ावा देकर राज्य के राजनीतिक वातावरण को विषाक्त बनाया गया है।
नैनीताल
मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने रामनगर में एक बैठक में बताया कि कार्बेट में विभिन्न परियोजनाओं के लिए 10 करोड़ रु की पंचवर्षीय योजना मंजूर की गई है। भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल डॉ. अजीज कुरैशी से भेंट कर सितारगंज के पूर्व भाजपा विधायक किरण मंडल के त्यागपत्र देने के मामले की पूरी तरह से जाँच करवाने की मांग की। विधायक सरिता आर्य की अध्यक्षता में पुलिस व व्यापारियों की बैठक में तय किया गया कि तल्लीताल बाजार में सुबह नौ बजे से रात आठ बजे तक दुपहिया वाहनों व अन्य वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बिशन सिंह चुफाल ने हल्द्वानी में कहा कि कांग्रेस विधायकों की खरीद-फरोख्त में व्यस्त है और तीन महीनों के दौरान उसने जन समस्याओं के समाधान के लिए कोई कदम नहीं उठाया। हल्द्वानी में सोना चाँदी ज्वैलर्स में हुई डकैतीके विरोध में सर्राफा व्यापारियों ने एक दिन के लिए अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। पानी- बिजली के संकट से परेशान कालाढूंगी के लोगों ने रामनगर-हल्द्वानी रोड पर ढाई घंटे का जाम लगा कर विरोध प्रकट किया। रोज-रोज की अघोषित बिजली कटौती से क्षुब्ध हल्दूचौड़ व आसपास के गाँववासियों ने बिजली कार्यालय में धरना देने के बाद एस.डी.ओ. का घेराव कर अपना विरोध प्रकट किया। भवाली में भी लोगों ने बिजली कटौती के विरोध में प्रदर्शन किया। पहाड़पानी के पास एक कार के खाई में गिर जाने से कार चालक नवीन बोरा की मौत हो गई जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए। खुर्पाताल के युवक चंदन राम ने कुछ रुपयों का कर्ज न चुका पाने के कारण कोई जहरीला पदार्थ खा कर आत्म- हत्या कर ली। पवित्र कैंची धाम के प्रतिष्ठा दिवस व बाबा नीम करौली के जन्म दिवस पर भारी संख्या में श्रद्धालु वहां पहुंचे। नथुवाखान क्षेत्र में बाइक में सवार एक युवती मीना की बाइक रपटने से ट्रक की चपेट में आ जाने से घटना स्थल पर ही मौत हो गई।
अल्मोड़ा
धारानौला स्टेशन के पास एक शराब व्यवसायी द्वारा होटल बनाने के लिये जेसीबी मशीन लगाने के कारण मोटर सड़क में खतरनाक दरार पड़ गई और आधा दर्जन मकान कमजोर पड़ कर खाली करवाने पड़े। व्यवसायी के खिलाफ कार्रवाही न होने से जनता में आक्रोश है। सुदूर जंगलों के साथ ही अब मुख्यालय के निकट जंगलों में भी आग लगने से दावनल की तपन जिले के बड़े अधिकारियों ने भी अनुभव की। विकास भवन में बिजली संबंधित एक बैठक में अल्मोड़ा- पिथौरागढ़ क्षेत्र के सांसद प्रदीप टम्टा ने कहा कि जनपद के रानीखेत, ताड़ीखेत,सल्ट, भिकियासैंण, द्वाराहाट, चैखुटिया आदि इलाकों से मिल रही बिजली संबंधी शिकायतों का शीघ्र निराकरण किया जाए। विकास खंड धौलादेवी में काफली के जंगल में आग लगने से बाँज के पेड़ों सहित सैंकड़ों पेड़ जल कर स्वाहा हो गए। रसोई गैस की किल्लत से परेशान लोगों ने पिथौरागढ़ मार्ग पर मकेड़ी में ढ़ाई घंटे तक जाम लगा कर गुस्सा प्रकट किया। रानीखेत- चिलियानौला पेयजल परियोजना के लिये बजट स्वीकृत हो गया है बलि।
बागेश्वर
टनकपुर-बागेश्वर रेलवे लाईन के शीघ्र निर्माण के लिये जिला मुख्यालय में प्रदर्शन किया गया। बैजनाथ झील में अवैध खनन का 13 लाख रुपये का उप खनिज जब्त किया गया। जिलाधिकारी वी शणमुगम ने बैंक प्रबंधकों और जिला विकास अधिकारी को निर्देश दिये कि वे परस्पर तालमेल के साथ गरीबों को विेकास योजनाओं का लाभ पहुँचाएं। लम्बे समय से रसोई गैस की आपूर्ति से वंचित महिलाओं ने गरुड़ में प्रदर्शन कर अपना रोष प्रकट किया। स्वास्थ्य मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी ने बागेश्वर व गरुड़ में जिला चिकित्सालय का निरीक्षण कर समस्याओं की जानकारी ली।
पिथौरागढ़
सांसद प्रदीप टम्टा ने कहा कि मैं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल नहीं हूँ लेकिन पार्टी मुझे जो भी जिम्मेदारी सौंपेगी उसका निर्वहन करूँगा। तहसील डीडीहाट के अस्कोट क्षेत्र में तीन माह बाद गैस सिलेंडर की आपूर्ति पहुँचने पर अफरातफरी मच गई और पुलिस संरक्षण में गैस का वितरण करना पड़ा। नाचनी सहित आसपास के कई गाँवों में बिजली की हाई वोल्टेज में सप्लाई से कई घरों में टी.वी व फ्रिज जैसे कई विद्युत उपकरण फुँक गए। अनुसूचित जाति व जनजाति आयोग के अध्यक्ष चनर राम ने मुवानी और थल में शिविर लगा कर लोगों की शिकायतें सुनीं। तीन विकास खंडों के पंचायत प्रतिनिधियों को पिथौरागढ़ में आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया गया।
चंपावत
पहाड़ों में वर्षा होने व ग्लेसियरों के पिघलने से शारदा के जलस्तर में एकाएक वृद्धि हुई जिससे राष्ट्रीय जल विद्युत निगम के बनबसा स्थित केन्द्र व खटीमा स्थित लोहिया हेड बिजलीघर के उत्पादन में सुधार हुआ। टनकपुर में उत्सव गार्डन में संदिग्ध हालत में एक युवक का शव बरामद किया गया। हाईकोर्ट के निर्देशानुसार अब बाराहीधाम देवीधुरा में पशुबलि नहीं हो पायेगी। चम्पावत नगर के बहुत से हिस्सों में पेयजल संकट के कारण लोग नौलों और धारों की शरण में जा रहे हैं। कांग्रेस सांसद प्रदीप टम्टा ने लोहाघाट में कहा कि जहाँ-जहाँ क्षेत्रीय जनता शराब की दुकानों का विरोध कर रही है, वहाँ सरकार को शराब की दुकानें नहीं खोलनी चाहिए। माँ पूर्णागिरी धाम में आयोजित मेले की सरकारी अवधि पूरी हो जाने के बाद भी श्रद्धालुओ की आवाजाही जारी है।
उधमसिंह नगर
जनकवि बल्ली सिंह चीमा को राष्ट्रपति के हाथों गंगाशरण सिंह पुरस्कार दिये जाने पर साहित्य प्रेमियों ने हर्ष व्यक्त किया है। आठ जुलाई को सितारगंज सीट के लिए होने वाले विधान सभा उपचुनाव के लिये कांग्रेस के प्रत्याशी विजय बहुगुणा ने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए पहले ही आदेश दिये जा चुके हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि चुनाव के बाद अधिकारी गाँव-गाँव जा कर आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करेंगे। यहाँ भाजपा ने पूर्व काबीना मंत्री प्रकाश पन्त को मैदान में उतारा है। नाम वापसी के बाद चुनाव क्षेत्र में छः प्रत्याशी रह गए हैं। बाजपुर रोड में द्रोण सागर के पास पीछे से आ रहे डंपर ने 15 वर्षीय साइकिल सवार आकाश को टक्कर मारने के बाद कुचल दिया जिससे उसकी मौत हो गई। केलाखेड़ा के पास तेज गति से आ रहे ट्रक द्वारा बाइक को टक्कर मारे जाने से अपने पुत्र के साथ जा रही वृद्धा की मौत हो गई। दिनेशपुर में तालाब में डूबने से आठ वर्ष के बालक प्रीतम राय की मौत हो गई। रुद्रपुर में छः वर्षीय राहुल के छत से गिर जाने के कारण मौत हो गई। तेज गति से जाते ट्रक द्वारा रौंदे जाने से 42 वर्षीय बाइक सवार नरेश कुमार की मौत हो गई।
हरिद्वार
सिंचाई विभाग द्वारा भीमगौड़ा बैराज से अचानक पानी छोड़े जाने से स्नान कर रहे श्रद्धालुओं की जान खतरे में पड़ गई। छः लोग बह गए जिन्हें जल पुलिस ने जैसे-तैसे बचा लिया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने प्रशासन से हरिद्वार में पॉलीथीन के उपयोग पर प्रतिबंध की मांग करते हुए कहा कि इससे वातावरण प्रदूषित हो रहा है। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के प्रवक्ता बाबा हठयोगी ने गंगा की अविरल धारा की बाधा के लिए बांधों के बजाय नहरों को जिम्मेदार बताया। स्वामी सानंद ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार के इशारे पर उन्हें बदरीनाथ की यात्रा पर जाने से रोका गया और प्राणों का भय दिखा कर जबरन वापस भेज दिया गया। काँवड़ यात्रा के दौरान व्यवस्था सुचारु बनाये रखने के लिए तीन प्रकार के यातायात प्लान तैयार किये गए हैं। राज्य सरकार ने काँवड़ यात्रा सुचारु रखने के लिए उत्तर प्रदेश के साथ बैठक कर साझा योजना भी तैयार की है। सपा के प्रदेश अध्यक्ष विनोद बड़थ्वाल ने कहा कि राज्य की आर्थिक स्थिति पर्यटन और जल विद्युत पर टिकी हुई है इसलिए बड़ी जल विद्युत परियोजनाओं का विरोध नहीं किया जाना चाहिए। हरिद्वार- ऋषिकेश मार्ग पर रोडवेज की बस द्वारा विक्रम को टक्कर मारे जाने से तीन लोगों की मौत हो गई तथा पाँच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
देहरादून
गढ़वाल मंडल विकास निगम के अध्यक्ष व टिहरी के विधायक दिनेश धनै द्वारा निदेशक प्राथमिक शिक्षा अनिल कुमार नेगी के साथ की गई अभद्रता के विरोध में शिक्षा निदेशालय, राज्य परियोजना कार्यालय सर्व शिक्षा अभियान और सीमेट में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक दिन के लिए कार्य बहिष्कार कर विरोध प्रकट किया। गोवा के मुख्य मंत्री मनोहर पारीकर ने मसूरी प्रवास से लौटने के बाद कहा कि उत्तराखंड में पर्यटन के विकास की असीमित संभावनाएं हैं जिसके लिए बेहतर सम्पर्क सुविधाएं जुटाना जरूरी है। सचिवालय के समीप खंडहर से एक महिला की लाश नग्नावस्था में मिली। ऋषिकेश-देहरादून मार्ग पर एक सड़क दुर्घटना में मोटर साइकिल पर सवार एक युवक की मौत हो गई जबकि एक अन्य युवक को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती किया गया। मोतीचूर रेलवे स्टेशन के समीप पुलिस ने रेल की पटरी पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया। नीलकंठ महादेव आश्रम में एक महिला की हत्या के सिलसिले में सफाई कर्मी को पुलिस द्वारा परेशान किये जाने के विरोध में नीलकंठ के व्यापारियों ने आधे दिन तक बाजार बंद रखा। देहरादून पांवटा मार्ग पर एक ट्रक व कार की टक्कर होने से एक व्यक्ति की मौत हो गई तथा दो अन्य लोग घायल हो गए। मसूरी हाई वे पर दुर्घटना में एक स्कूटी सवार की मौत हो गई। लच्छीवाला पिकनिक स्थल में नहाते समय डूबने से सहारनपुर निवासी 13 वर्षीय मूसा की मौत हो गई। सहसपुर क्षेत्र में बाइक फिसलने से डी.बी.आई.टी. के छात्र 21 वर्षीय रमेश चंद जोशी की मौत हो गई। पूर्व राज्य मंत्री साधूराम का 74 वर्ष की अवस्था में निधन हो गया। ऋषिकेश रेंज के बीबीवाला जंगल में हाथी ने एक भिक्षुक को कुचल कर मार डाला।
टिहरी
कांग्रेस में जाने के लिये भूमिगत होने के कारण चर्चा में आये घनसाली के भाजपा विधायक भीमलाल ने कहा है कि जिला व क्षेत्र पंचायत की बैठकों में अधिकारियों के शामिल न होने पर वे धरना देंगे। सुरकुट पर्वत स्थित जंगल में आँधी-तूफान से गिरे सैकड़ों देवदार और थुनेर के पेड़ वन विभाग की काहिली के कारण सड़ने की कगार पर हैं। कीर्तिनगर प्रखंड की पट्टी बडियार में एक युवक ने पेड़ से फाँसी लगा कर आत्महत्या कर ली। देवप्रयाग से प्राप्त सूचना के अनुसार हिंडोलाखाल के समीप एक टाटा सूमो के गहरी खाई में गिर जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि कार का चालक घायल हो गया। पाँव फिसल कर टिहरी झील में गिर जाने से प्रतापनगर के झिवाली गांव निवासी एक व्यक्ति की मौत हो गई।
उत्तरकाशी
जूनियर राजकीय विद्यालय रैथल को उन्नत कर हाई स्कूल का दर्जा दिये जाने के बाद ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि आवश्यक संसाधनों के बिना स्कूल को उच्चीकृत किया गया तो वे दो जुलाई से धरने पर बैठ जाएंगे। जंगल में लगी आग की चपेट में आने से मोरी ब्लाक के आराकोट में उद्यान विभाग के भवन व स्टोर में लाखों रु. की सम्पत्ति स्वाहा हो गई। देवता रेंज मोरी के जंगलों में लगी आग को बुझाने के लिए गई एक महिला की झुलसने व खाई में गिरने से मौत हो गई। भटवाड़ी में आयोजित विकास एवं सांस्कृतिक मेले का आयोजन रंगारंग समारोह के साथ हुआ।
पौड़ी
श्रीनगर जल विद्युत परियोजना बंद करने के समाचारों से क्षुब्ध परियोजना समर्थकों ने बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर परियोजना का विरोध करने वालों का पुतला फूँका। बांध समर्थकों के गुण्डों ने धारी देवी मंदिर पहुँचे स्वामी ज्ञानस्वरूप सानंद, जलपुरुष राजेन्द्र सिंह और वरिष्ठ पत्रकार वेद प्रताप वैदिक का कड़ा विरोध किया। हालात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपनी सुरक्षा में वहाँ से सुरक्षित निकाला। बांध समर्थकों ने 19 किलोमीटर दूर तक उनका पीछा किया। बाद में आंदोलनकारियों ने उनके मित्र डॉ. भरत सिंह झुनझुनवाला के घर पर तोड़फोड़ की।पुलिस ने इस आपराधिक कार्रवाही में चुप्पी ओड़ रखी है। विश्वविद्यालय गेट के पास बाइक की टक्कर लगने से 28 वर्षीय महबूब आलम की मौत हो गई।
रुद्रप्रयाग
मानसून पूर्व की वर्षा से मलबा आने के कारण केदारनाथ राजमार्ग नौलपाणी में बन्द हो गया। कृषि मंत्री व क्षेत्रीय विधायक हरक सिंह रावत ने जखोली क्षेत्र के विभिन्न गाँवों का दौरा कर जन समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जखोली में कृषि विश्वविद्यालय की स्थापना की जाएगी। अगस्त्यमुनि ब्लाक में धान्यों ग्राम सभा में क्षेत्रीय विधायक शैलारानी रावत ने नलकूप से सिंचाई परियोजना का उद्घाटन किया। महिलाओं के शराब विरोधी अभियान के प्रभाव में ग्राम पंचायत बजूण में सार्वजनिक समारोहों में शराब परोसने पर रोक लगा दी गई। शराब परोसने वालों का सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा। श्रीनगर गढ़वाल में उच्च न्यायालय की खंडपीठ या सर्किट बेंच खोले जाने की मांग को लेकर वकीलों ने जिला न्यायालय परिसर में धरना दिया। रुद्रप्रयाग से छः किलोमीटर दूर एक कार अलकनन्दा में समा जाने से दो परिवारों के पाँच तीर्थयात्रियों की मौत हो गई। कालीदास की जन्मस्थली कविल्ठा में तीन दिवसीय कालीदास समारोह का आयोजन किया गया।
चमोली
प्रस्तावित 252 मेगावाट की देवसारी विद्युत परियोजना के विरोध में प्रभावित गाँवों के निवासियों ने प्रदर्शन किया। गोपेश्वर के पास ग्वानधार तोक में पेयजल संकट का सामना कर रहे लोगों ने चमोली-ऊखीमठ केदारनाथ मार्ग में जीरो बैंड में जाम लगा कर अपना विरोध दर्ज कराया। पोखरी के पास डंपर की चपेट में आने से एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया। देवाल के रूपकुंड- ज्यूंगरागली क्षेत्र में छिड़ानाग के पास पैर फिसल कर खाई में गिरने से एक पर्यटक की मौत हो गई। गैरसैंण में कार्यकारिणी की बैठक के बाद उत्तराखंड क्रांति दल (पंवार) ने भू अधिकारों को लेकर चंपावत से विकास नगर तक की पद यात्रा करने और सदस्यता अभियान चलाने की घोषणा की। प्रेम संबंधों में धोखा खाने के बाद पुलिस की बेरुखी से परेशान एक युवती ने गैरसैंण पुलिस चौकी के बाहर ही कीटनाशक खा कर आत्महत्या कर ली। पिंडर में डूबे एक 25 वर्षीय युवक का शव कर्णप्रयाग में संगम के पास बरामद किया गया।