उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्रियों ने औद्योगिक पैकेज को 2013 तक के लिए बहाल करने की माँग से भी आगे बढ़ कर 2020 तक बढ़ाने के लिए संयुक्त रणनीति बनाई है। वे मिल कर प्रधानमंत्री को पत्र लिखेंगे। केन्द्र सरकार ने पूर्वोत्तर राज्यों को 20 सालों का औद्योगिक पैकेज दिया था।
बिजली उत्पादन में सुधार के दावे व ऊर्जा प्रदेश के सरकारी महिमामंडन के बीच राज्य की जनता गर्मी, बिजली की कटौती और पेयजल की कमी से त्रस्त रही। टिहरी बाँध के जल स्तर में गिरावट के चलते वहाँ आगे भी बिजली उत्पादन में कमी आने की आशंका है।
शिक्षा मंत्री गोविन्द सिंह बिष्ट के अनुसार राज्य में प्राथमिक से माध्यमिक स्तर तक शीघ्र ही 5000 शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी।
आंदोलनकारी सम्मान परिषद के अध्यक्ष रवीन्द्र जुगरान के अनुसार आंदोलनकारियों के लिए नई सेवा नियमावली जारी कर दी गई है।
श्रीबदरीनाथ धाम में विशेष पूजा में बैठने वाले श्रद्धालुओं को अब 40 प्रतिशत अधिक फीस देनी पड़ेगी।
मुख्य सचिव एन.एस. नपलच्याल द्वारा इस साल भी सालाना तबादले पाँच जुलाई तक कर लेने को कहा गया है।
नैनीताल
नगरपालिका और ‘पीपुल्स फार एनीमल’ के सहयोग से शहर में चलाये जा रहे आवारा कुत्तों के बधियाकरण अभियान के तहत हर रोज दो कुतियाओं का बधियाकरण किया जाएगा।
ओलिया गाँव के एक किसान की दो नाली जमीन को आवासीय भूमि में दर्ज करने के लिए रिश्वत माँगने वाले एस.डी.एम. कोश्या कुटोली व पेशकार एन.के.दीक्षित सतर्कता विभाग के जाल में फंस गए। दीक्षित को 22 हजार रु. के साथ रंगे हाथों पकड़ कर गिरफ्तार कर लिया गया।
मंडलायुक्त कुणाल शर्मा ने मंडल में बिजली पानी की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारियों को नियंत्रण कक्षों की स्थापना के निर्देश दिये हैं।
आर्य समाज का 137वाँ वार्षिक सम्मेलन संस्थापक सदस्य बांके लाल कंसल के अभिनन्दन के साथ सम्पन्न हुआ।
रामनगर क्षेत्र में एस.डी.एम. द्वारा की गई जाँच से पता चला कि वहाँ बने 622 बी.पी.एलकार्ड में से सिर्फ 76 परिवार ही इनके सही हकदार थे।
माह के अंतिम सप्ताहांत तक नैनीताल में ओलावृष्टि और वर्षा से तापमान में चार डिग्री से अधिक की गिरावट दर्ज की गई।
राज्यपाल मार्ग्रेट अल्वा ने आठवें गवर्नर कप गोल्फ टूर्नामेंट को टी-ऑफ किया।
क्षेत्र की जनता के दबाव के चलते नैनीताल के मल्लीताल में वन वे यातायात व्यवस्था को खत्म कर दिया गया।
अल्मोड़ा
शासन के आदेश पर उपजिलाधिकारी एन.एस. क्वीरियाल द्वारा जनपद मुख्यालय के चार अस्पतालों के औचक निरीक्षण में 15 चिकित्सक और 19 फार्मेसिस्ट अनुपस्थित पाये गये। इस निरीक्षण से नाराज चिकित्सकों और अन्य कर्मचारियों ने चोरी और सीनाजोरी करते हुए तीन घंटे तक कार्य बहिष्कार किया।
एस.एस.बी. में स्थाई नियुक्ति की माँग को लेकर कलक्ट्रेट पर चल रहा गुरिल्लों का धरना 200 दिन से भी अधिक पुराना हो चला है। गुरिल्लों ने एस.एस.बी. में सीधी भर्ती के प्रस्ताव का विरोध करने का ऐलान भी किया है।
केबल चोरी हो जाने के बाद सोमेश्वर के दूर संचार केन्द्र के अन्तर्गत रनमन व ग्राम सूपाकोट के फोन दो महीने से भी अधिक समय से ठप पड़े हैं।
विकास खंड धौलादेवी के पंचायत क्षेत्र अण्डोली की समस्याओं से क्षुब्ध ग्रामीणों ने आंदोलन की धमकी दी है।
राष्ट्रपति प्रतिभा देवी सिंह पाटिल के पुत्र राजेन्द्र सिंह शेखावत अपने परिवार के सदस्यों व संबंधियों के साथ भ्रमण पर अल्मोड़ा पहुँचे।
रानीखेत थाने के अन्तर्गत मोना के पास सड़क निर्माण में लगे एक डम्पर के सड़क के किनारे खाई में गिर जाने से एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई और छः अन्य लोग घायल हो गए।
बागेश्वर
रेल निर्माण संघर्ष समिति ने तहसील में प्रदर्शन कर चेतावनी दी कि यदि पंचेश्वर बाँध के नाम पर बागेश्वर- टनकपुर रेलवे लाइन परियोजना को रोकने की कोशिश हुई तो आंदोलन किया जाएगा।
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनने के बाद पहली बार यहाँ आगमन पर भगत सिंह कोश्यारी का भव्य स्वागत किया गया।
इलाके में अंधड़ और ओलावृष्टि होने से अनेक वृक्ष धराशायी हो गए, फसल को नुकसान पहुँचा।
जिला साहसिक खेल कार्यालय ने दुलम में पाँच दिवसीय प्री- बेसिंक पैरा ग्लाइडिंग और एडवेंचर फाउंडेशन कोर्स का आयोजन किया।
पिथौरागढ़
सेवा निवृत्ति के बाद सेना के जवानों को रोजगार देने के इरादे से यहाँ जवानों के लिए तीन दिवसीय मत्स्य पालन शिविर आयोजित किया गया।
कैलास मानसरोवर के यात्रियों को अब पांगला के बजाय गाला में रात्रि विश्राम करना होगा।
वर्षा समय से न होने से जौलजीवी क्षेत्र में आम व लीची की 75 प्रतिशत फसल को क्षति पहुँची है।
सेना द्वारा गाँवों के आम रास्ते बंद किये जाने से नाराज 22 गाँवों के लोगों ने कनालीछीना के विधायक के नेतृत्व में पिथौरागढ़-झूलाघाट मोटर मार्ग में चक्का जाम कर दिया। जिलाधिकारी द्वारा हस्तक्षेप व सेना के अधिकारियों से बातचीत के बाद पाँच घंटे का जाम खोला गया।
पिथौरागढ़ के समीप सुकौली के जंगलों में आग लगने से भारी नुकसान हुआ है।
थलकेश्वर मंदिर नवनिर्माण समिति ने 8,200 फुट से अधिक ऊंचाई पर भूकम्परोधी भव्य मंदिर का निर्माण कराया गया है।
जोहार क्लब मुनस्यारी द्वारा आयोजित फुटबॉल मैच का शुभारम्भ 1 जून को सूचना आयुक्त, आर.एस. टोलिया करेंगे।
चम्पावत
जिला मुख्यालय से 55 किलोमीटर दूर तल्लादेश के पोपल गाँव में एक वैवाहिक कार्यक्रम में आकाशीय बिजली गिरने से दो दर्जन लोग घायल हो गए, जिनमें लड़की का पिता भी शामिल था।
सांसद प्रदीप टम्टा ने लोहाघाट, पाटी व बाराकोट क्षेत्रों के गाँवों में जा कर लोगों की समस्याएँ सुनीं। उनके साथ क्षेत्रीय विधायक महेन्द्र सिंह माहरा शामिल थे।
पाटी विकास खंड के दूरस्थ क्षेत्र भिंगराड़ा में स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित शिविर में लगभग 250 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें मुफ्त दवाई दी गई।
लोहाघाट में पेयजल की गंभीर समस्या को देखते हुए पिकप के माध्यम से जलापूर्ति आरंभ की गई।
गुरुद्वारा रीठासाहिब में जोड़ मेले के आयोजन के लिए अखंड पाठ आरंभ हुआ।
लोहाघाट के राजकीय महाविद्यालय को उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के रीजनल सेंटर के रूप में पाठ्यक्रम संचालित करने की अनुमति मिल गई है।
ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने के कार्यक्रम के अन्तर्गत दिल्ली के स्कूली बच्चे चम्पावत की वादियों में सैर करने पहुँचे।
उधमसिंह नगर
नानकमत्ता सितारगंज मार्ग में सितारगंज की तरफ जा रही तेज रफ्तार प्राइवेट बस के गड्ढे में गिर जाने से 36 लोग घायल हो गए।
कांग्रेसी विधायक शैलेन्द्र मोहन सिंह ने सिंचाई मंत्री मातबर सिंह कंडारी का काशीपुर में घेराव करवा अपने क्षेत्र की अनेक समस्याओं के समाधान के लिए उनसे वायदा करवाने में सफलता प्राप्त की।
पल्लवी की रहस्यमय मौत और सुरभि के घायल होने की घटना का पूरा पर्दाफाश करने की माँग को लेकर भाजपा महिला मोर्चा ने कोतवाली का घेराव किया।
खटीमा में उल्टी व दस्त की बीमारी का प्रकोप जारी रहा।
हरिद्वार
आतंकवादी संगठनों द्वारा हरिद्वार व रुड़की स्टेशनों को उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस ने हाई अलर्ट घोषित कर चौकसी बढ़ा दी।
रुड़की में शादी से लौट कर आ रहे एक परिवार की कार को तेल के टैंकर ने सामने से टक्कर मार दी जिससे उसमें सवार छः लोगों में से पाँच की मौत हो गई।
शहर में बिजली की बड़े पैमाने पर चोरी के कारण कई इलाकों में लो वोल्टेज और ट्रिपिंग की समस्या आम है।
रुड़की में एक अनियंत्रित वाहन ने दो गार्डों को टक्कर मार दी जिससे एक गार्ड की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
दिल्ली से बच्चे का मुंडन करवाने आए एक परिवार के दो युवक गंगा में नहाते समय डूब गए।
कनखल थाने के अन्तर्गत जमालपुर गांव से पुलिस ने शादी का झांसा देकर एक युवती का यौन शोषण करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है।
बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर सात लाख श्रद्धालुओं ने हर की पैड़ी में गंगा में डुबकी लगाई।
देहरादून
मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ और पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने रात्रि भोज के दौरान सूबे के राजनीतिक परिदृश्य पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने देहरादून में तहसील परिसर में छापा मार कर अनेक खामियाँ पकड़ी और सम्बद्ध लोगों को कर्तव्यपालन में शिथिलता बरतने पर लताड़ लगाई। एक नाजिर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया, जबकि एक कानूनगो के खिलाफ जाँच बिठा दी गई।
ऋषिकेश में चार धाम यात्रा का विधिवत उद्घाटन लोक वाद्यों की धुन के बीच पूर्व मुख्यमंत्री बी.सी. खंडूरी ने बसों को हरी झंडी दिखा कर किया।
राजभवन ने सरकारी सेवाओं में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के आरक्षित पदों पर नियुक्तियाँ न होने को गंभीरता से लिया है तथा सरकार से इस बारे में पूरा ब्योरा तलब किया है।
टिहरी
गंगोत्री-ऋषिकेश राजमार्ग पर टाटा इंडिगो कार के दुर्घटनाग्रस्त होने से उसमें सवार गुजरात के तीन तीर्थ यात्रियों की मौत हो गई।
प्रतापनगर विकास खंड के बिन गाँव में एक तेंदुए ने 14 वर्षीय किशोर सिंह पर हमला कर उसे मार डाला।
गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय रानीचौरा में कृषि विज्ञान केन्द्रों की समीक्षा बैठक में वैज्ञानिकों ने मौसम में आ रहे बदलाव को देखते हुए खेती, पशुपालन और उद्यानीकरण में दिन प्रतिदिन आ रही दिक्कतों से निबटने के लिए ठोस कार्य योजना तैयार करने पर सहमति प्रकट की।
जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने जालसाजी के मामले में दो विदेशी व्यक्तियों सहित मिजोरम की एक महिला को छः साल के सश्रम कारावास व 25 हजार रु. के अर्थदंड की सजा सुनाई।
हिमालयी आजीविका सुधार परियोजना टिहरी चालू वित्तीय वर्ष में परियोजना कार्यां के संचालन की जिम्मेदारी महिला सहकारी फेडरेशनों को सौंपने का फैसला किया है।
उत्तरकाशी
बुनियादी सेवाओं के अभाव से जूझ रहे असी गंगा क्षेत्र के ग्रामीणों ने निर्माणाधीन तीन जल विद्युत परियोजनाओं का काम ठप करवा अपना विरोध दर्ज करवाया।
शिक्षा राज्य मंत्री गोविन्द सिंह बिष्ट ने पुरोला में बताया कि उन्हें अपने भ्रमण के दौरान चकरौता क्षेत्र के 49 स्कूलों में मिड डे मील में गड़बड़ियाँ मिली हैं, जबकि 509 स्कूलों में 63 स्कूलों के अध्यापक नदारद मिले।
गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया के दिन से खुल गए।
गंगा स्पर्श अभियान के दूसरे चरण के शुभारंभ के अवसर पर पूर्व उप-प्रधान मंत्री लाल कृष्ण अडवाणी ने कहा कि गंगा भारतीय जनमानस की आस्था, राष्ट्रीय अस्मिता और स्वाभिमान की प्रतीक है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल और स्वामी चिदानन्द मुनि भी मौजूद थे।
लोहारीनाग व पाला मनेरी जल विद्युत परियोजनाओं को शुरू करवाने की माँग को लेकर परियोजना समर्थकों ने गंगा घाटी संघर्ष समिति के बैनर तले भटवाड़ी में रैली निकाली।
बिजली के खंभे पर लाइन ठीक करने के प्रयास में ठेके पर बिजली वितरण का काम देखने वाली एक निजी संगठन के एक श्रमिक की मौत हो गई।
पौड़ी गढ़वाल
राइफल्स रेजीमेंट सेंटर के तत्वावधान में सेंट्रल कमांड का दस दिवसीय समर एडवेंचर कैंप लैंसडौन में आयोजित हुआ।
मुख्य मंत्री ने कोटद्वार के भाबर क्षेत्र में मालन और सुखरो नदियों पर बने पुलों के उद्घाटन करते हुए ऊर्जा नीति के बारे में कांग्रेस द्वारा की जा रही आलोचनाओं को खारिज किया।
गढ़वाल मंडल के आयुक्त अजय सिंह नबियाल ने पौड़ी में बैठने की घोषणा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे भी मुख्यालय में बने रहें।
कोटद्वार में इंडियन ऑयल कारपोरेशन लि. की टीम द्वारा एक गैस एजेंसी पर मारे गए छापे में 14,738 रसोई गैस कनेक्शनों में से 7,763 की आईडी. व अन्य प्रपत्र गलत पाये गए।
जिलाधिकारी दिलीप जावलकर ने राजकीय संयुक्त चिकित्सालय में औचक निरीक्षण के दौरान पाया कि मरीजों को परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता शून्य है।
डॉ. प्रदीप सकलानी को हेमवतीनन्दन बहुगुणा केन्द्रीय विवि के तीनों परिसरों की संयुक्त बैठक में अध्यक्ष चुना गया।
श्रीनगर में संयुक्त अस्पताल से डालमिया धर्मशाला तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर अभियान चला कर अतिक्रमण हटाया गया। अतिक्रमण के लिए समान मानक रखने की माँग करते हुए व्यापारियों ने सांकेतिक जाम लगाया।
अक्षय तृतीया के अवसर पर पौड़ी में कलश यात्रा निकाली गई।
थलीसैंण बाजार के पास एक शिक्षक का पेड़ से लटकता हुआ शव बरामद किया गया।
कोटद्वार के भाबर क्षेत्र में ग्राम झंडीचौड़ में एक 23 वर्षीय महिला की संदेहास्पद परिथितियों में जलने से मौत हो गई। पुलिस ने दहेज के लिए उत्पीड़न का मामला दर्ज किया है।
बमणा गाँव में एक किसान की अपने ही बैल के नीचे दबने से मौत हो गई।
रुद्रप्रयाग
शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ से प्रवास के बाद द्वितीय केदार भगवान मद्महेश्वर की उत्सव डोली मध्य हिमालय स्थित मदमहेश्वर पहुँची जहाँ पूजा-अर्चना के बाद मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिये गए।
ग्राम सभा रायड़ी में गढ़वाली कवि सम्मेलन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
सिंगोली-भटवाड़ी जल विद्युत परियोजना के विरोध में प्रभावित गाँवों के लोग एक बार फिर मुखर हो गए हैं।
दो वर्षीय बीटीसी प्रशिक्षण के विरोध में जिले के शिक्षा मित्रों ने सरकार के खिलाफ जुलूस प्रदर्शन कर डायट में शिक्षण कार्य का बहिष्कार किया।
रुद्रप्रयाग व्यापार संघ के पूर्व अध्यक्ष महेश बगवाड़ी ने प्रतिबंधित क्षेत्र केदारनाथ के लिए हवाई सेवा शुरू किये जाने का विरोध करते हुए कहा है कि नियम विरुद्ध हो रही उड़ानों के बारे में सुनवाई नहीं हुई तो न्यायालय की शरण ली जाएगी।
अगस्त्यमुनि ब्लाक के अन्तर्गत बेंजी-बावाई पेयजल योजना के क्षतिग्रस्त होने से ग्राम पंचायत बेंजी में दो हफ्ते से भी अधिक तक पेय जल सप्लाई ठप रही।
चमोली
बदरीनाथ धाम में पॉलीथीन पर पूर्ण प्रतिबंध को देखते हुए प्रशासन द्वारा व्यापारियों को कागज के 5,000 थैले मुफ्त बाँटे गए।
जिलाधिकारी नीरज सेमवाल ने सरकार की कल्याणकारी योजनाओं पर प्रभावी अमल के लिए बैंक प्रबंधन और खण्ड विकास अधिकारी के बीच तालमेल पर जोर दिया।
भाजपा सरकार की नाकामियों के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गोपेश्वर के मुख्य बाजार के तिराहे पर मुख्य मंत्री व काबीना मंत्री राजेन्द्र भंडारी का पुतला जलाया। पंचायती राज मंत्री राजेन्द्र भंडारी ने विधायक निधि में हुए फर्जीवाड़े के आरोपों को खारिज करते हुए चुनौती दी कि यदि ये सही सिद्ध हुए तो वह अपने पद से त्यागपत्र दे देंगे।
बी.एड. प्रवेश परीक्षा पास करने के बाद भी कई छात्र बी.एड. कक्षाओं में प्रवेश न ले पाने से नाराज छात्रों ने गोपेश्वर के बस स्टैंड तिराहे पर विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया और शिक्षा मंत्री का पुतला जलाया।
आपका खबरची
निधन
नैनीताल समाचार के सहयोगी सलीम मलिक के पिता श्री छिद्दू हुसैन का 19 मई को 65 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वे लम्बे समय से बीमार थे। नैनीताल अल्मोड़ा क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक, रानीखेत के शाखा प्रबंधक एच.एस. मेहरा का 29 मई 2010 को सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी में निधन हो गया। बैंक की नौकरी के साथ चुपचाप जन साहित्य का वितरण, बेसहारों, जनसंघर्षों से जुड़े लोगों की मदद करते रहने वाले यह शख्स पिछले एक साल से मानसिक तनाव के शिकार थे। नैनीताल समाचार परिवार की श्रद्धांजलि !
फोटो : क़िरन रावत (साभार मेरापहाड़ फोरम)



























आपकी टिप्पणीयाँ