समूचे उत्तराखंड में 2 मई को तड़के भूकंप के हल्के झटके महसूस किये गए। रिक्टर पैमाने पर 4.6 अंक वाले इस भूकम्प का केन्द्र बागेश्वर में था।
आन्दोलनकारियों को नौकरी दिये जाने के शासनादेश को हाईकोर्ट द्वारा अमान्य कर दिये जाने से प्रदेश में एक नया बवंडर शुरू हो गया है।
मुख्यमंत्री के हेलीकाप्टर को 7 मई को कोटद्वार के राजकीय स्पोर्टस स्टेडियम में उस समय आपात लैंडिंग करनी पड़ी जब नैनीताल से देहरादून जाते समय उनका हेलीकाप्टर तेज अंधड़ में घिर गया।
उच्च न्यायालय ने एक मामले में फैसला सुनाते हुए उत्तराखंड राज्य उपभोक्ता आयोग को आदेश दिया है कि वह अपने फैसले हिंदी में दे।
उत्तराखंड डाक परिमंडल द्वारा सोने के सिक्कों की बिक्री शुरू कर दी गई है।
सूबे में अब वृद्धों, विकलांगों व विधवाओं को छः माह के बजाय तीन माह में पेंशन मिला करेगी।
शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने देहरादून, हरिद्वार और नैनीताल में ओवर ब्रिज निर्माण की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देंश दिये हैं।
सिंचाई विभाग ने राज्य में अपनी परिसम्पत्तियों पर किये गए अवैध कब्जों को हटाने के लिए अभियान चलाने के साथ ही 22 स्थानों पर बहुउद्देश्यीय जलाशयों के निर्माण का निश्चय किया है।
पेयजल विभाग ने पेयजल की आपूर्ति पर नजर रखने के लिए नियंत्रण कक्षों और हेल्प लाइन की स्थापना की है। ये केन्द्र सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक काम करेंगे बलि। पेयजल कर्मचारियों की छुट्टियाँ भी 30 जून तक के लिए निरस्त कर दी गई हैं।
राज्य परिवहन विभाग ने कुंभ के दौरान के अनुभवों और समस्याओं के आधार पर डाटा बैंक बनाने का निश्चय किया है।
पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने मुख्यमंत्री को पत्र लिख कर राजस्व विभाग की सिविल एवं सोयम भूमि वन विभाग को हस्तांतरित न होने से विकास कार्यों में हो रहे विलंब की तरफ उनका ध्यान खींचा है।
नैनीताल
शेरवुड प्रकरण को लेकर विद्यार्थी परिषद और शिव सेना के कार्यकर्ताओं ने मुँह में काली पट्टी बाँध कर मौन प्रदर्शन किया।
निवर्तमान आयुक्त एस. राजू को अनेक संगठनों की तरफ से भावभीनी विदाई दी गई।
नगर पलिका को चालू वित्तीय साल में 12 करोड़ रु. से अधिक की आय होने का अनुमान है।
मुख्य वन संरक्षक के कार्यालय को हल्द्वानी स्थांतरित किये जाने का राज्य कर्मचारी महासंघ ने भर्त्सना की है।
एस.बी.आई. की सिडकुल शाखा के प्रबंधक मुकेश पाण्डे की संदिग्ध मौत के मामले की तेजी से जाँच की माँग को लेकर परिजनों ने पुलिस महानिरीक्षक जीवन चन्द्र पाण्डे से मुलाकात की।
हल्द्वानी में विद्युत विभाग द्वारा निरन्तर विकास समिति के संयोजक मोहन पाठक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किये जाने के विरोध में समिति के कार्यकर्ताओं ने विभागीय अधिकारियों और राज्य सरकार का पुतला जला कर विरोध दर्ज कराया।
बैलपड़ाव के गुरुद्वारे से पंजाब का एक वांछित अपराधी पकड़ा गया।
अल्मोड़ा
विधायक मनोज तिवारी ने अल्मोड़ा की पेयजल समस्या के बारे में सरकार के उपेक्षापूर्ण रवैये पर असंतोष प्रकट करते हुए कहा कि इस मामले में जनता को लेकर संघर्ष करने का एकमात्र रास्ता बचा है।
सोमेश्वर क्षेत्र के ग्राम धैलाड़, अधूरिया तथा लखनाड़ी ग्रामों के पास जंगल में लगी आग को बुझाने के प्रयास में ग्राम धौलाड़ के वन सरपंच मदन राम का हाथ फ्रैक्चर होने के साथ ही वह घायल हो गए। इसी प्रकार से पिनाथेश्वर की पहाड़ी में लगी आग को बुझाने के प्रयास में वन पंचायत पच्चीसी के सरपंच रतन सिंह गहरी खाई में गिरने से घायल हो गए। वन विभाग के प्रयास सामने नहीं आते और ग्रामीण साधन न होने पर भी आग बुझाने के लिए संघर्ष करते हैं।
स्वास्थ्य राज्य मंत्री बलवंत भौर्याल ने 1970 में स्थापित व छः साल पहले उच्चीकृत अस्पताल क्षेत्रीय जनता को समर्पित किया।
मनसारीनाला तल्ला कत्यूर विकास संघर्ष समिति ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं के समाधान की माँग को लेकर अपना मांग पत्र उपजिलाधिकारी के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री को प्रेषित किया है।
पिथौरागढ़
जनगणना अधिकारियों ने यहाँ पेयजल मंत्री प्रकाश पंत और जिला न्यायाधीश के निवास पर पहुँच कर जनगणना 2011 के काम की औपचारिक शुरुआत की।
कर्मचारी और मजदूर संगठनों ने पहली मई को रैलियों और जुलूसों का आयोजन कर मजदूर दिवस मनाया।
बेरीनाग और थल के बीच उल्हाड़ी के जंगल में एक युवक का शव जंगल में पेड़ से लटका हुआ पाए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई।
जिला जज डी.पी़ गैरोला ने एक गोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि मजदूरों को अपने अधिकारों के बारे में सजग रहना चाहिए और जरूरत होने पर कानूनी राय भी लेनी चाहिए।
राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय बीसाबजेड़ द्वारा प्राथमिक विद्यालय भौड़ी, लामाखेत और स्यूसी स्वाास्थ्य शिविरों में 55 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
बागेश्वर
जिला प्रशासन ने नगर में सड़कों को चौड़ा करने में रुकावट बन रही एक दर्जन दुकानों को तोड़ने की कार्रवाही शुरू कर दी है।
गरुड़ विकास खंड में भारी वर्षा से दर्शानी क्षेत्र में रिठाड़ गाँव में एक मकान ध्वस्त हो गया।
कफलखेत निवासी एक 25 साल के युवक की इन्टर कालेज बागेश्वर के समीप फिसल कर दो मीटर नीचे गड्ढे में गिरने से मौत हो गई।
भगरतोला के विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने स्कूल चलो अभियान के तहत रैली निकाल कर प्रत्येक बच्चे का स्कूल में नामांकन करने के अभियान में हाथ बँटाया।
ग्रामीण समाज कल्याण समिति ने नदी गाँव में जूट से गहने बनाने का प्रशिक्षण दिया।
गरुड़ विकास खंड के रैतोली गाँव में वज्रपात से एक ही परिवार के 6 सदस्य बेहोश हो गए।
तहसील प्रशसन ने गरुड़ बाजार से अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस जारी किये हैं।
क्षेत्रीय विधायक व संसदीय सचिव चंदन राम दास द्वारा जिला योजना समितियों के चुनावों के चलते आचार संहिता का उल्लंघन कर राजकीय जूनियर हाईस्कूल लमचूला का उद्घाटन करने से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका पुतला फूँका तथा जिलाधिकारी से उनके विरुद्ध कार्रवाई की माँग की।
चम्पावत
पानी के संकट के कारण पेयजल लेने के लिए लोगों की लम्बी -लम्बी लाइनें लगने लगी हैं।
चराल क्षेत्र में वर्षा न होने व जंगलों में आग लगने से वन संपदा धू-धू कर जल रही है।
बिजली की कटौती से परेशान लोगों को कई दिनों से पानी भी नसीब नहीं हुआ तो उन्होंने जल संस्थ्यान के दफ्तर में प्रदर्शन कर अधिशासी अभियन्ता का घेराव किया।
लोहाघाट में पंतजलि योग समिति द्वारा आयोजित योग चिकित्सा शिविर के प्रति लोगों ने बेहद दिलचस्पी दिखाई।
उधमसिंह नगर
खटीमा में सैजना पटपुरा गाँव में सार्वजनिक स्थानों पर अवैध कब्जों के विरोध में ग्रामीणों ने तहसील मुख्यालय में प्रदर्शन किया।
अमाऊँ गाँव की राष्ट्रीय राजमार्ग से लगी जमीन के पट्टे रद्द होने के बाद इस जमीन के राष्ट्रीयकरण करने व वहाँ रोडवेज का स्टेशन बनाने की माँग की गई है।
रुद्रपुर के ट्रांजिट कैम्प क्षेत्र से कार में सवार युवकों ने पार्क में खेल रहे एक ही परिवार के तीन बच्चों का अपहरण कर लिया और काशीपुर रोड में एक सुनसान इलाके में उनमें से एक बड़े बच्चे का एक बोतल खून निकाल लिया। यह देख कर तीनों बच्चे बेहोश हो गए।
लाइसेंस शुल्क में तीन गुना वृद्धि से भड़के रिक्शा चालकों ने पालिका परिसर में प्रदर्शन किया और धरना दिया।
फूलबाग सेंटर स्थित झोपड़पट्टी में लगी आग में एक 22 वर्षीय विवाहिता की दम घुटने से मौत हो गई और 21 लोगों की झोपड़ियाँ सामान सहित स्वाहा हो गईं।
सिडकुल में एक क्लीनर की हत्या कर ट्रक में रखा सामान लूट लिया गया।
पंतनगर में एक महिला ने जहर खा कर आत्महत्या कर ली।
देहरादून
न्याय, खेल, शिक्षा, फिल्म, बैंकिंग आदि क्षेत्रों में योगदान करने वाले 13 व्यक्तियों को एक समारोह में उत्तराखंड रत्न पुरस्कार दिया गया।
दिल्ली से यात्रियों को लेकर ऋषिकेश जा रही एक बस में आग लगने के बाद धधकती हुई बस तीन किलोमीटर तक दौड़ती रही क्योंकि अनभिज्ञ चालक ने बस नहीं रोकी। बाद में 39 सवारियाँ तो सुरक्षित उतर गईं, परन्तु बस और उनका सामान राख हो गया।
कश्मीर के बांदीपुरा में आतंकवादियों से लोहा लेते हुए शहीद हुए सातवीं गढ़वाल राइफल के मेजर योगेन्द्र सिंह रजवार और राइफलमैन उत्तम सिंह नेगी का 7 मई को पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।
प्रमुख वन संरक्षक और परिसर के अन्य कार्यालयों में जड़े ताले खुलवाने के प्रयास को लेकर आंदोलनरत वन रक्षकों पर पुलिस ने लाठी चार्ज किया।
महानगर कांग्रेस ने जल विद्युत योजनाओं में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री का पुतला फूँका और उनके इस्तीफे की माँग की।
वाशिंग लाइन से मेनलाइन लाते समय दिल्ली जाने वाली जनशताब्दी का एक कोच 6 मई को पटरी से उतर जाने से देहरादून जाने वाला यातायात बाधित रहा।
देहरादून में अवासीय समस्या के हल के लिए मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण और नगर निगम ने मिलकर प्रयास शुरू किये हैं।
देहरादून को मलिन बस्तियों से मुक्त करवाने के लिए एशियाई विकास बैंक की मदद से दुबारा 125 मलिन बस्तियों के सर्वेक्षण का काम शुरू किया जाएगा।
देहरादून के प्रतिष्ठित वेल्हम बॉयज स्कूल को आतंकी धमकी मिलने की बात प्रकाश में आई है।
देहरादून के वन अनुसंधान संस्थान ने राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान दिल्ली को हरा भरा बनाने के लिए 15,000 पौधों की पहली खेप दिल्ली भेज दी है।
हरिद्वार
कुंभ समापन के बाद निशंक सरकार ने गंगा तट में खुले स्थान पर मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित कर इतिहास रचा। गंगा को विश्व धरोहर घोषित करने के पक्ष में भी एक प्रस्ताव पारित किया गया।
शहरी विकास मंत्री के आश्वासन के बाद वैरागी कैंप में धरने पर बैठे अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत ज्ञानदास ने अपना धरना समाप्त कर दिया। मंत्री ने उन्हें आश्वासन दिया कि बैरागी कैंप में बने मंदिर तोड़े नहीं जाएंगे।
धनौरी बिजलीघर से जुड़े करीब आधा दर्जन गाँवों के लोगों ने बिजली की आपूर्ति में बाधा के विरोध में बिजलीघर में ताला डाल कर वहाँ के कर्मचारियों को भगा दिया।
रुड़की में एक मैरिज हाउस के संचालक जब नोटों से भरा बोरा लेकर घर के लिए निकले तो तीन बदमाशों ने उनसे यह बोरा छीन लिया और निकल भागे।
चमोली
तपोवन- सुराई ठोठा मोटर मार्ग पर एक डंपर के गहरी खाई में गिर जाने से चालक की मौत हो गई।
गौचर में पंचायत युवा क्रीड़ा खेल अभियान के दौरान सात दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के अंतिम दिन मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष मुकेश नेगी ने कहा कि क्रीड़ाश्री ग्राम पंचायतों में युवाओं को खेल के क्षेत्र में उचित अवसर दिलाने की दिशा में काम करेंगे।
राजकीय महाविद्यालय गोपेश्वर में पुस्तकों की खरीद-फरोख्त में एक लाख रु. की हेराफेरी का मामला प्रकाश में आया है।
बदरी-केदार मंदिर समिति ने गढ़वाल मंडल में एक निजी विश्वविद्यालय की स्थापना करने का निर्णय किया है, जिसमें हिमालयी क्षेत्र के अध्ययन को भी पाठ्यक्रम में शामिल किया जाएगा।
रुद्रप्रयाग
जिले में पेय जल संकट गंभीर रूप ले रहा है लोगों को नाममात्र पानी से काम चलाना पड़ रहा है।
इस बार गौरीकुंड -केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग को घोड़ों की लीद से मुक्त रखने के लिए पंचायत मार्ग पर 14 आधुनिक पिटों का निर्माण किया जा रहा है।
थौलधार प्रखंड के मंजरूवाल गांव में एल.टी. लाइन की तार टूट जाने से उसकी चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।
विकासखंड भिलंगना के सेन्दुल-पटुल गांव मोटर मार्ग से प्रभावित कोंती गाँव के लोगों को मुआवजा न मिलने के कारण मार्ग को अनिश्चित काल के लिए बंद कर दिया।
चंद्रापुरी के निकट एक मोटर साइकिल के सड़क में खड़ी मैक्स से भिड़ जाने से उसमें सवार दो युवकों की मौत हो गई।
उत्तरकाशी
जिले के मोरी विकास खंड के सिदरी गाँव में आग लगने से बाप-बेटी की मौत हो गई जबकि एक वृद्ध गंभीर रूप से झुलस गया और 25 मकान जल कर राख हो गए।
जिला व सत्र न्यायालय ने दहेज उत्पीड़न व विवाहिता को आत्महत्या के लिए मजबूर करने के दो मामलों में एक को आजीवन कारावास के साथ ही तीन और लोगों को सजा सुनाई।
भटवाड़ी में आयोजित श्रमिकों की एक बैठक में लोहारी नाग पाला मनेरी जल विद्युत परियोजनाओं को शुरू करवाने की माँग की गई।
उत्तरकाशी से सटे डांग गांव की तीन युवतियों व युवकों के भागीरथी के जल प्रवाह में फँस जाने के एक घंटे बाद उन्हें पुलिस ने बड़ी मेहनत के बाद सकुशल निकालने में सफलता प्राप्त की।
मनेरी भाली प्रथम चरण परियोजना से अचानक ही पानी छोड़े जाने से नदी में पानी लेने के लिए गए ये लोग फंस गए थे।
गंगोत्री धाम में तीर्थ पुरोहितों ने गंगा सफाई अभियान चलाने के साथ ही धाम को पॉलीथीन मुक्त करने का संकल्प भी लिया।
ग्राम चिलोट के निवासियों ने पेयजल और मोटर मार्ग जैसी अपनी मांगों पर जोर देने के लिए कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री के नाम अपना ज्ञापन प्रेषित किया।
आबकारी विभाग ने हरिद्वार निवासी एक व्यक्ति से दो किलो चरस बरामद किया।
टिहरी
टिहरी-उत्तरकाशी मोटर मार्ग पर एक कार के 300 फुट गहरी खाई में गिर जाने से इसमें सवार मध्य प्रदेश के अधिकारी जब्बार ढाकवाला और उनकी पत्नी तरन्नुम की मौत हो गई जबकि कार चालक लक्ष्मी दत्त जोशी बुरी तरह से घायल हो गया।
नई टिहरी में 10 दिवसीय पुस्तक मेला 2 मई को शुरू हो गया। गायत्री परिवार द्वारा आयोजित इस मेले का उद्घाटन करते हुए जिलाधिकारी धनंजय चतुर्वेदी ने जीवन उपयोगी पुस्तकों के महत्व को रेखांकित किया।
पौड़ी
पूर्व मुख्य मंत्री भुवन चन्द्र खंडूड़ी ने पहाड़ों से पलायन को रोकने की चुनौती का सामना करने के लिए जन सहयोग की आवश्यकता बताई।
एस.एस.बी. अकादमी स्टेडियम में आयोजित दीक्षान्त परेड के बाद 93 नवआरक्षी एस.एस.बी. में शामिल हो गए।
पेयजल मंत्री प्रकाश पन्त ने श्रीनगर में पत्रकारों को बताया कि इस ग्रीष्मकाल के बाद प्रदेश में जल नीति लागू की जाएगी जिसमें प्रति व्यक्ति 40 लीटर पानी उपलब्ध करवाने को लेकर काम किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सूखे की मार से प्रदेश की 132 पेय जल योजनाएं प्रभावित हुई हैं।
बी. एड. प्रशिक्षितों ने नौकरियों की मांग को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सांकेतिक जाम लगाया।


























आपकी टिप्पणीयाँ