होली के उत्साहजनक महौल में शुरू हुआ पखवाड़ा फाल्गुनी हवा के बजाय जल्दी ही गर्मी की तपिश देने लगा।
कृषि और ग्रामीण विकास में पीछे रह गए उत्तराखंड के लिए राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नबार्ड) ने 589.3 अरब रुपए की ऋण योजना तैयार की है। पहाड़ी इलाकों के लिए मडुआ, राजमा, बेमौसमी सब्जियों, औषधि, बागवानी और पर्यटन के कार्यक्रमों को चिन्हित किया गया है।
420 मेगावाट की लखवाड़ी-व्यास जल विद्युत परियोजना पर काम शुरू करने की अनुमति मिल गई है। सरकार इस परियोजना के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र हासिल करने के लिए राष्ट्रीय जल विद्युत निगम को 75 करोड़ रुपए देने को तैयार हो गई है। यद्यपि लखवाड़ पर जल बँटवारे के मामले में पाँच राज्यों के बीच विवाद का समाधान होना बांकी है फिर भी तीन महीनों के भीतर परियोजना का काम शुरू होने की उम्मीद की जा रही है। दूसरी ओर काँग्रेस ने जलविद्युत परियोजनाओं में भारी धांधली का आरोप लगाते हुए राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया। केन्द्रीय नेतृत्व के आदेश का पालन करते हुए भाजपा ने महंगाई के लिए केन्द्र सरकार को जिम्मेदार बताते हुए उसके विरोध में राज्य भर में प्रदर्शन किये।
पंचेश्वर बाँध निर्माण की तैयारी के लिए होने वाली भारत-नेपाल की बैठकों में उत्तराखंड को तीसरे पक्ष के रूप में शामिल करने पर केन्द्र सरकार ने सहमति दे दी है।
भले ही राज्य की स्थायी राजधानी के बारे में अभी कोई फैसला नहीं हुआ है परन्तु राज्य सरकार को देहरादून में विधान भवन निर्माण के लिए वित्त आयोग से 88 करोड़ रुपए की मंजूरी मिल गई है। राज्य विधान सभा का बजट सत्र 8 मार्च से शुरू हुआ परन्तु पहले ही दिन विपक्ष के हंगामे के कारण राज्यपाल का अभिभाषण ठीक से नहीं हो पाया। विपक्ष ने सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए सदन में हंगामा किया।
मुख्य मंत्री रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने राष्ट्रीय सेवा योजना के छात्र-छात्राओं को सरकारी नौकरियों में नियुक्ति देने में अधिमान अंक देने के निर्देश जारी किये हैं। सरकार ने चिकित्सा शिक्षा में सैनिकों के बच्चों को दो प्रतिशत आरक्षण देने का फैसला किया है।
उत्तराखंड राज्य सैनिक परिषद की बैठक में सैनिकों के पुनर्वास के लिए दो करोड़ रु. का राशि मंजूर करने के अलावा अनेक अन्य कल्याणकारी फैसले भी लिये गए।
सरकार ने वन पंचायतों की गतिविधियों के लिए 80 करोड़ रु. और वन्य जंतु प्रवास स्थलों के विकास के लिए 124 करोड़ रु. मंजूर किये।
सरकार ने गेहूं के समर्थन मूल्य में 20रु. प्रति कुंतल की वृद्धि करने की घोषणा की है। पिछले साल यह 1080 रु. प्रति कुंतल था।
राज्य खुला विश्वविद्यालय ने 12 सरकारी स्नातकोत्तर कालेजों में कम्प्यूटर लैब के प्रबंधन के साथ ही इंटरनेट सुविधा के लिए धन सुलभ करवाने पर सहमति दी है।
नैनीताल
हाई कोर्ट ने आठ मार्च से शुरू की जाने वाली कुमाऊं विश्वविद्यालय की बी.एड. काउंसिलिंग पर फिलहाल रोक लगा दी। सरोवर नगरी में रसोई गैस का संकट उपभोक्ताओं को परेशान करता रहा।
कुमाऊँ मंडल विकास निगम ने नोएडा में 2180 वर्ग मीटर खाली जमीन पर कैलाश मानसरोवर यात्रियों के लिए ठिकाना बनाने का निश्चय किया है।
अल्मोड़ा
छलड़ी के दिन भी पानी की सप्लाई से वंचित अल्मोड़ा के तिलकपुर मुहल्ले के लोग रंग बहाने के लिए भी भारी परेशानी में रहे।
सोमेश्वर तहसील के अनेक गांवों में जंगली सूअरों के आतंक से त्रस्त ग्रामीणों ने वन विभाग तथा प्रशासन से गांवों से लगे जंगलों को तारबाड़ से घेरने तथा आवादी में घुसने वाले सूअरों को मारने की अनुमति देने की मांग की है। क्षेत्र के नारंगतोली, टाना, सजोली, ब्रजेल, खीराकोट, मनान के बामणीगाड़ तथा मनसारी नाला में सूअरों ने अदरक, पिनालू, गडेरी, गेहूं और जौ की फसलों को अनेक प्रकार से नुकसान पहुँचाया है। इसी क्षेत्र में तेंदुआ भी देखा जा रहा है जिससे ग्रामीण आतंकित हैं।
विधायक अजय टम्टा ने तहसील कार्यालय में आयोजित सहायता वितरण कार्यक्रम में क्षेत्र के 36 लोगों को अलग- अलग योजनाओं के तहत कुल 3.20 लाख रु. के चेक वितरित किये।
जिलाधिकारी सुवर्द्धन ने अल्मोड़ा में 6 दिवसीय ब्रेल लिपि प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन किया।
पिथौरागढ़
हिमपात के कारण फल्याटी गांव को बिजली अपूर्ति वाली लाइन टूट जाने के कारण फयाल्टी और उच्छैती और कुछ अन्य गाँव कई दिनों से अंधेरे में डूबे हुए हैं।
प्रशासन, व्यापार संघ और टैक्सी यूनियन की संयुक्त बैठक में अप्रैल माह से डीडीहाट को पालीथीन मुक्त करने का फैसला किया गया।
डीडीहाट-पिथौरागढ़ सशस्त्र सीमा बल की 11वीं वाहिनी की डीडीहाट में हुई बैठक में सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए सेना, अर्द्धसैनिक बलों और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के बीच आपसी तालमेल का आह्वान किया गया।
बागेश्वर
जिला भेषज सहकार संघ ने यहां एक दिन के प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया। आयोजकों ने किसानों से जड़ी-बूटी की खेती करने की अपील की।
भारत स्वाभिमान समिति ने नगर से बह कर जाने वाली सरयू और गोमती नदियों को स्वच्छ रखने का अभियाचलाने का फैसला किया है।
सरयू के किनारे स्नान घाटों का निर्माण कर रही कम्पनी द्वारा अवैध खनन किये जाने व पर्यावरण को नुकसान पहुँचाने के आरोप में निर्माण कम्पनी अंकित एसोसिएट्स की मशीन सीज करने के साथ ही उस पर 20,000 रु. का जुर्माना भी ठोका गया।
कमेड़ी देवी चौकी के अन्तर्गत ग्राम कपूरी निवासी जगदीश सिंह मेहरा की 20 फरवरी को हुई हत्या के आरोप में उसके दोस्त महेश सिंह को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने जुर्म कबूल करते हुए कहा कि खाये पिये में अपराध हो गया अतः उसके परिवार वाले व जनता उसे माफ कर दे।
चम्पावत
माँ पूर्णागिरी धाम का मेला दो मार्च को प्रारम्भ हो गया।
नेपाल सीमा से लगे गाँव खालगड़ा में दो मार्च को गुलदार ने 6 साल के बालक सौरभ को घायल कर दिया। बालक को इलाज के लिए हल्द्वानी में सुशीला तिवारी अस्पताल में ले जाना पड़ा। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
लोहाघाट के राज्य आंदोलनकारी प्रकाश चंद जोशी का हृदय गति रुकने से निधन हो गया वे 46 साल के थे।
स्वामी विवेकानन्द राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय लोहाघाट के छात्रों ने परीक्षा तिथि बढ़ाये जाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया और कुलपति का पुतला फूँका।
अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर महिलाओं ने पर्यावरण संरक्षण, कानूनी साक्षरता, महिला कानून आदि विषयों पर नारेबाजी करते हुए रैली निकाली।
पिथौरागढ़ व पूर्णागिरी मार्ग से लगे ग्रामीण क्षेत्रों में जंगली हाथियों का आतंक बना हुआ है।
जिलाधिकारी अवनेन्द्र सिंह नयाल ने ठूलीगाड़ बैरियर का जिम्मा एस.एस.बी. के हवाले करने के निर्देश दिये हैं। सुरक्षा को देखते हुए पूर्णागिरी धाम को जाने वाले तीर्थयात्रियों की तलाशी भी ली जा रही है।
ऊधमसिंह नगर
काशीपुर में होली के दिन अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में एक व्यक्ति की मौत हो गई और एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।
खटीमा में लघु व्यवसायियों ने तहबाजारी की वसूली बंद किए जाने समेत विभिन्न मांगों को लेकर पालिका कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन कर धरना दिया। पालिका के अधिशासी अधिकारी को दिये गए ज्ञापन में उन्होंने समस्याएं हल न होने पर आंदोलन की धमकी दी है।
निर्माणाधीन विद्यालय की चाहरदीवारी के बराबर से रास्ता दिए जाने की मांग को लेकर भगचुरी-बंडिया के ग्रामीणों ने खटीमा तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन कर उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
सुरई रेंज के जंगल से सटे गांवों में बाघ का आतंक व्याप्त है। पचपेड़ा कंचनपुरी के वन सीमा से लगे क्षेत्र में बाघ देखा गया है। बाघ दो बकरियों और एक बछड़े को अपना निवाला बना चुका है। इससे पहले 24 फरवरी को बाघ ने जंगल में मवेशी चराने को गए 15 साल के अब्दुल अजीज को मार डाला था।
रुद्रपुर में जैविक व अजैविक कूडे़ के निस्तारण की व्यवस्था लागू करने के साथ ही ‘क्लीन सिटी ग्रीन सिटी’ अभियान आरंभ किया गया। उत्तराखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश का पी.ए. बन कर जिला जज को फोन करने वाले कोर्ट के कर्मचारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
काशीपुर में पुलिस ने दो लोगों को 14 किलोग्राम डोडा के साथ गिरफ्तार किया है।
विशिष्ट बी.टी.सी. व एल. टी. संवर्ग की विज्ञप्ति जारी न होने के विरोध में प्रशिक्षित बेरोजगारों ने राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इसके साथ ही उन्होंने मुख्य मंत्री, शिक्षा मंत्री व नेता प्रतिपक्ष को पोस्टकार्ड भेजने का अभियान भी शुरू किया।
औद्योगिक पैकेज की अवधि न बढ़ाए जाने के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने रुद्रपुर में प्रदर्शन कर प्रधान मंत्री का पुतला फूंका।
रुद्रपुर में इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के दो कर्मचारियों को निजी क्लीनिक के स्वामी को गर्भपात के मसले पर ब्लैकमेल करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने चैनल के ब्यूरो कार्यालय में छापा मार कर कुछ आपत्तिजनक सी.डी. और दस्तावेजों को भी जब्त किया।
सशस्त्र सीमा बल के जवानों ने गश्त के दौरान अवैध रूप से ईंटें लेकर जा रही ट्रैक्टर ट्राली को पकड़ लिया। तस्कर मौके से फरार हो गए।
कुमाऊँ विश्वद्यिालय की घोषित परीक्षा तिथि को आगे बढ़ाने की मांग को लेकर छात्रों में काशीपुर में कॉलेज में तालाबंदी कर दी।
रुद्रपुर में मोहल्ला रम्पुरा में पिता ने अपनी ही बेटी को मौत के घाट उतार दिया। मृतक किशोरी का अपने ही मोहल्ले के किसी युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था जिस पर उसके पिता को आपत्ति थी।
कांग्रेसियों ने लगातार हो रही बिजली कटौती का विरोध करते हुए मुख्य मंत्री का पुतला फूंका।
देहरादून
लक्ष्मणझूला-नीलकंठ मार्ग पर मौन गाँव के पास एक जीप के गहरी खाई में गिर जाने से पाँच लोगों की मौत हो गई। नीलकंठ मंदिर के दर्शन कर लौट रहे इन लोगों में से चालक व दो बच्चों सहित नौ लोगों को चोट भी आई।
कांग्रेस ने बजट सत्र से ठीक पहले ही सरकार द्वारा वैट की दरों में आधा से एक प्रतिशत तक सरचार्ज बढ़ोत्तरी का विरोध करते हुए सात मार्च को बुलाई गई सर्वदलीय बैठक का बहिष्कार किया। कांग्रेस ने बिजली परियोजनाओं में कथित घोटाले के विरोध में छः मार्च को राज्यव्यापी प्रदर्शन का आयोजन किया।
हिंदुजा बंधुओं ने मुख्यमंत्री से भेंट कर उत्तराखंड में पी.पी.पी. मोड में काम कर राज्य के विकास में सहयोग की इच्छा प्रकट की। उन्होंने कहा कि मुंबई स्थित हिंदुजा अस्पताल के चिकित्सक उत्तराखंड की सेवा के लिए तत्पर हैं।
कांग्रेस के सांसद सतपाल महाराज ने कुंभ में किये गए निर्माण कायों में धांधली का आरोप लगाते हुए इस बारे में श्वेत पत्र जारी करने की मांग की।
राज्य सरकार को अचानक ही पता चला है कि राज्य में अनेक स्थानों पर अनुमति के बिना ही रक्तदान शिविर लगा कर वहाँ जमा किया गया खून उत्तर प्रदेश में बेचने का सिलसिला चल रहा है। जिलाधिकारी को इस मामले की जाँच का काम सौंपा गया है।
नेहरू कालोनी थाने के अन्तर्गत अपर नत्थूपूर में 32 साल के मुनीर अहमद उर्फ बबलू को उसके घर के निकट ही हथियारों से लैस बदमाशों ने गोली मार कर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए। समझा जा रहा है कि प्रापर्टी डीलिंग में रंजिश के कारण यह हत्या की गई।
हरिद्वार
होली के अवकाश के बाद गुरुकुल कांगड़ी वि. वि. के शिक्षकों ने फिर से धरना शुरू कर दिया। शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने शिक्षकों को अपना समर्थने देते हुए कहा कि केन्द्र सरकार गुरुकुल को निजी संस्थान बनाने के लिए संसद में बिल ला कर इसे पारित करवाती है तो इस प्रयास का विरोध करना होगा।
ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में मोहल्ला कस्साबान में एक बेकाबू कार की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई।
अधिवक्ता के लापता मुंशी किरतपाल का शव 7 मार्च की सुबह सड़क पर पड़ा मिला।
मेला प्रशासन ने विवादास्पद तांत्रिक नित्यानन्द को गौरी शंकर द्वीप में किया गया भू आबंटन रद्द कर दिया। तांत्रिक को मेला प्रशासन ने आठ हजार वर्ग फुट भूमि कुंभ काल के लिए आबंटित की थी। तांत्रिक के खिलाफ तमिलनाडु में मुकदमा दर्ज होने और उसके विवादों में घिरने के बाद यह कार्रवाई की गई।
गन्ना बुआई से पहले जिले में डी.पी.ए. खाद की किल्लत पैदा हो गई है। ज्वालापुर रेलवे स्टेशन पर सीमेंट व कोयले की अनलोडिंग रोकने की मांग को लेकर स्थानीय निवासियों और व्यापारियों ने रेलवे क्रासिंग पर प्रदर्शन किया और मंडल रेल प्रबंधक का पुतला फूँका।
चमोली
चमोली में आयोजित तहसील दिवस पर संयुक्त मजिस्ट्रेट वी. शणमुगम ने जनशिकायतों को गंभीरता से लेने व उनके शीघ्र निस्तारण के आदेश दिये।
रुद्रप्रयाग
यात्रा सीजन में केदारनाथ धाम में पालीथीन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। यात्रा व्यवस्था की जिम्मेदारी लेने वाली जिला पंचायत ने इस प्रकार के प्रतिबंध का फैसला किया है।
तहसील दिवस के मौके पर भूमि मुआवजे, पेयजल, सिंचाई व सूखा राहत जैसे मामलों में आठ शिकायतें दर्ज हुईं। जिलाधिकारी रविनाथ रामन ने अधिकारियों को शिकायतों को गंभीरता से लेने व उनके शीघ्र निस्तारण की सलाह दी।
सरकारी प्रयासों से किसानों को जड़ी- बूटी का उत्पादन करने के उत्पादन के लिए प्रोत्साहित किये जाने के बाद अब पंतजलि योगपीठ हरिद्वार की तरफ से भी जनपद में हर्बल गार्डन के विकास की तैयारी की जा रही है।
जिलाधिकारी रविनाथ रामन ने पेय जल समस्या को देखते हुए पेयजल संस्थान और पेयजल निगम को निर्देश दिये हैं कि एक सप्ताह में सार्वजनिक स्टैंड पोस्टों में पानी उपलब्ध करवाएं।
उत्तरकाशी
महिला मंगल दल की महिलाओं ने 2 मार्च को पुरोला बाजार में जुलूस निकाल कर उप जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया जिसमें जंगलों में हरे पेड़ों के अवैध कटान को रोकने और कच्ची शराब पर रोक लगाने की मांग की गई। पुरोला प्रखंड के जंगलों में अवैध कटान और नशाखोरी के खिलाफ महिलाओं ने प्रदर्शन किया।
डोडीताल क्षेत्र में सेटलाइट फोन का इस्तेमाल करने में पकडे़ गए इजरायली नागरिक डोरी इश्तियाक को सोमवार को सी.जे.एम. कोर्ट ने रिहा कर दिया।
सामाजिक संस्था संकल्प के सहयोग से छः दिवसीय मशरूम उत्पादन शिविर का आयोजन उत्तरकाशी में किया गया। शिविर में गेंवला, बौना, पंजियाला व बंदरकोट की 50 महिलाओं को प्रशिक्षित किया गया।
वन विभाग द्वारा पर्यटकों और तीर्थ यात्रियों से वसूल की जाने वाली फीस में वृद्धि के विरोध में पर्यटन विकास समिति ने जिला मुख्यालय में प्रदर्शन कर मुख्य मंत्री के नाम ज्ञापन भेजा।
जिला साहसिक खेल विभाग ने दायरा में स्की प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया।
टिहरी
जिलाधिकारी सचिन कुर्वे ने बताया कि पहली बार प्रदेश सरकार से निराश्रित विधवाओं की पुत्रियों की शादी के लिए 1.9 लाख रु. प्राप्त हुए हैं इस राशि को 20 लाभार्थियों को वितरित किया जाएगा।
चम्बा से प्राप्त समाचार के अनुसार थत्यूड़ के पांच गाँवों के स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं ने हिमालयी आजीविका सुधार परियोजना के सहयोग से दुग्ध डेयरी आरंभ कर स्वरोजगार की दिशा में कदम बढ़ाया है।
संयुक्त राष्ट्र के विश्व खाद्य कार्यक्रम की टीम ने चम्बा प्रखंड के दिखोलगांव, आराकोट व धारकोट के प्राथमिक विद्यालयों में अध्यापकों व ग्रामीणों के साथ बैठक की और मिड डे मील व आंगनवाड़ी के काम पर अमल की समीक्षा की।
पौड़ी
पुरोला से प्राप्त सूचना के अनुसार नौगांव के पास सौली बैंड में होली के दिन एक जीप के सौ मीटर नीचे खेतों में गिर जाने से चालक राकेश कुमार की मौत हो गई और दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
भाबर क्षेत्र के ग्रोथ सेंटर में आयुर्वेद कार्यशाला का उद्घाटन करते हुए आध्यात्म गुरू श्री श्री रविशंकर ने कहा कि दक्षिण भारत के बाद अब वे यहाँ आयुर्वेद को घर-घर पहुँचाएंगे।
कोटद्वार में बैठक के बाद उक्रांद के केन्द्रीय उपाध्यक्ष डा. शक्तिशैल कपरवाण ने केन्द्र सरकार पर उत्तराखंड के साथ सौतेला व्यवहार का आरोप लगाते हुए कहा कि केन्द्रीय मदद में की गई 1000 करोड़ रु. की कटौती से विकास और रोजगार के मौके कम होंगे।
पर्यटन और पत्रकारिता के परीक्षा परिणाम दो सालों से घोषित न होने से क्षुब्ध छात्रों ने 3 मार्च को पौड़ी परिसर में अनिश्चितकालीन हड़ताल व तालाबंदी शुरू कर दी।
श्रीनगर स्थित बेस अस्पताल परिसर में पॉलीथीन पूर्ण प्रतिबंध लगाने का फैसला किया है।
अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय काम करने वाली पाँच महिलाओं को सम्मानित किया गया। महिला दिवस के अवसर पर जिले में अनेक स्थानों में कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
सांसद श्री सतपाल महाराज ने नरेन्द्रनगर में हाई कोर्ट की बैंच खोलने और स्कूलों में योग शिक्षा को अनिवार्य बनाने की मांग की है।

























आपकी टिप्पणीयाँ