उत्तराखंड विधान सभा के चुनावों के लिए 30 जनवरी को हुए मतदान के बाद 6 मार्च को होने वाली मतगणना के पहले लगभग महीने भर के सन्नाटे के बीच भाजपा में भितरघात और आरोप प्रत्यारोप का सिलसिला देखा गया जबकि कांग्रेस सबसे सफल पार्टी रहने के बारे में विश्वास से भरी हुई नजर आई। उतराखंड क्रांति दल- पी. ने नई विधान सभा में किसी को भी सरकार बनाने में सहयोग न देने की घोषणा करते हुए विपक्ष में बैठने का इरादा जाहिर किया। कांग्रेस के भीतर सरकार बनने पर किसी विधायक को मुख्य मंत्री बनाने की मुहिम है। भाजपा ने अल्मोड़ा दुग्ध संघ के अध्यक्ष गिरीश चंद खेलिया को व चमोली दुग्ध संघ के अध्यक्ष धन सिंह नेगी को पार्टी प्रत्याशियों के विरोध में काम करने के आरोप मेे छः-छः साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया। राज्य के पर्वतीय अंचल में अनेक स्थानों पर बैठकी होली के स्वरं गूँजे। 28 फरवरी की राष्ट्रव्यापी हड़ताल का असर प्रदेश के अनेक नगरों में बैंकों की हड़ताल व अन्य प्रतिष्ठानों में काम ठप होने के रूप में देखा गया। प्रदेश के अनेक नगरों में लिंगानुपात घटने पर कन्या भू्रण हत्या के विरुद्ध जागरूकता अभियानों का आयोजन किया गया।
नैनीताल
हल्दूचौड़ में गौ-सदन में गोबर गैस से बिजली बनाने की परियोजना पूरी हुई। इससे प्रतिदिन आठ के.वी. बिजली मिल सकेगी। एक जाँच से पता चला कि कालाढूंगी से कोटाबाग के बीच बी.एस.एन.एल. के केबल से चोरी छिपे केबल टी.वी. का नेटवर्क संचालित किया जा रहा था। रामनगर में सर्विसिंग के लिए लाई गई भिकियासैंण के एस.डी.एम. की कार को वाहन चोर ले उड़े। लामाचौड़ चौकी के अन्तर्गत ग्राम बसानी में रात को शौच के लिए गए 40 वर्षीय प्रापर्टी डीलर साबिर हुसैन की खाई में गिर जाने से मौत हो गई। हल्दूचौड़ में शौच के लिए गया एक युवक 22 वर्षीय मुकेश कश्यप हावड़ा एक्सप्रेस की चपेट में आने से मौत का शिकार बन गया। हल्द्वानी में तेज रफ्तार कार की टक्कर लगने से बाइक सवार एक युवक गौतम जोशी की मौत हो गई जबकि उसके साथ बाइक में सतनाम गंभीर रूप से घायल हो गया। एक अन्य दुर्घटना में सिडकुल से लौट रहे मुकेश रावत को टांडा में अज्ञात वाहन से टक्कर लगने के कारण उनकी मौत हो गई।
अल्मोड़ा
राज्यपाल मारग्रेट अल्वा ने अल्मोड़ा की ऐतिहासिक जेल का निरीक्षण किया। यह पहला मौका है जब किसी राज्यपाल ने जेल का दौरा किया। मेडीशनल प्लांट बोर्ड की मंजूरी मिलने के बाद अल्मोड़ा जनपद की 40 वन पंचायतों को हर्बल पार्क के रूप में विकसित करने की योजना है। महाशिवरात्रि के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु जागेश्वर धाम पहुँचे। इस बीच जागेश्वर धाम को ट्रस्ट बना कर संचालित करने की दिशा में बातचीत में प्रगति हुई है। अचानक हुई एक कार्रवाई में पुरातत्व विभाग की टीम ने जून अखाड़े को अवैध बताते हुए पूरी तरह से हटा दिया। गरमपानी व अल्मोड़ा के बीच लगातार सड़क पर पहाड़ टूट कर गिरने से निबटने के लिए विशेष अभियान ‘ऑपरेशन जौरासी’ आरंभ किया गया। गरुड़ में तहसील मुख्यालय के समीप स्थित मिनी स्टेडियम को ग्राम पंचायत की भूमि बताते हुए तहसील मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। प्रशासन का दावा है कि यह पशुपालन विभाग की भूमि है। द्वाराहाट विकास खंड के कई गाँवों में पेय जल का गंभीर संकट पैदा हो गया क्योंकि पेयजल परियोजनाएं रखरखाव की कमियों के कारण ठप हैं। द्वाराहाट के पास उखलेख के जंगल में भीषण आग भडकी जिससे वन संपदा को भारी नुकसान पहुंचा। शीतलाखेत में ठाट के जंगल में लगी भीषण आग पर तीन दिन बाद काबू पाया जा सका। शीतलाखेत क्षेत्र में एक 30 साल की विवाहिता कविता ने जहर गटक कर आत्महत्या कर ली। भिकियासैंण क्षेत्र में बासोट के पास एक बेकाबू ट्रक ने घास लेकर आ रही महिला को रौंद डाला। महिला ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। कृषि मंत्री शरद पवार ने विवेकानन्द पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान को इसके योगदान के लिए पुरस्कृत किया। सालम समिति ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व.राम सिंह धौनी की 120 वीं जयन्ती मनाई। एस.एस.बी. के सीमान्त मुख्यालय रानीखेत की पहली वर्षगांठ धूमधाम से मनाई गई।
बागेश्वर
कपकोट में लाथी ग्राम में सड़क निर्माण के दौरान टूटी बिजली की लाइन के कारण एक महिला को करेंट लगने से उसकी मौत हो गई तथा तीन महिलाएं घायल हो गईं। चैंरा क्षेत्र में खडि़या खान में दबने से एक नेपाली मजदूर की मौत हो गई। जनपद में 11 वीं परीक्षा के प्रश्न पत्र के लीक हो जाने के बाद परीक्षाएं स्थगित कर दी गईं। गरुड़ की द्यौनाई घाटी में अवैध शराब की बिक्री, जुए व चरस के खिलाफ ग्रामीणों ने मोर्चा खोला। चैरासी क्षेत्र मंे एक सप्ताह से पानी की आपूर्ति ठप होने से लोग बेहद परेशान रहे।
पिथौरागढ़
पुलिस द्वारा टनकपुर में घर में घुस कर एक महिला की पिटाई से क्षुब्ध महिलाओं ने तहसील पहुँच कर प्रदर्शन किया और दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। गंगोलीहाट में कुमांऊ भर से जुटे कलाकारों ने होली गायन की परम्परा का निर्वाह किया। बिजली के अभाव के कारण गोरघटिया से पानी लिफ्ट न हो पाने के कारण बेरीनाग व आसपास के क्षेत्रों में गंभीर जल संकट पैदा हो गया।
चंपावत
नौ मार्च से आरंभ होने वाले पूर्णागिरी मेले की तैयारी आरंभ की गई। लोहाघाट में जी.आई.सी. में मृत विज्ञान की छात्राओं ने हस्तकला के उत्कृष्ट नमूने पेश किये। राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर हिमवत्स संस्था की ओर से दो-दिचसीय विज्ञान समारोह का आयोजन किया गया। पाटी, लोहाघाट और चंपावत ब्लाकों में समेकित जलागम विकास परियोजना को लागू करने के बारे में विशेषज्ञों के दल ने कर्मचारियों व अधिकारियों को निर्देश दिये। सन् 2017 तक लागू होने वाली इस परियोजना में चंपावत ब्लाॅक के 38 और पाटी के 19 गाँवों को शामिल किया गया है।
ऊधमसिंह नगर
राज्यपाल मारग्रेट अल्वा ने पंतनगर विश्वविद्यालय के पर्वतीय खेती एवं लघु फार्म तकनीक केन्द्र का लोकार्पण किया और प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। काशीपुर में प्रशासन और पुलिस की टीम ने मुख्य मार्गों से अतिक्रमण हटाये। रुद्रपुर में तेज गति से आ रही पिकअप की टक्कर लगने से 24 वर्षीय बाइक सवार शरणजीत सिंह की मौत हो गई। किच्छा रोड पर कैंटर द्वारा रौंदे जाने से 22 वर्षीय साइकिल सवार विजय कोली की मौत हो गई। ग्राम बिंदूखेड़ा में गन्ने के खेत में एक वृद्ध का शव मिला। काशीपुर में ढेला नदी के पास एक ट्रक द्वारा पीछे से टक्कर मारे जाने से 32 वर्षीय बाइक सवार हरविंदर की मौके पर ही मौत हो गई। सिडकुल में पति के समय से घर न लौटने से नाराज पत्नी ने पंखे से लटक कर आत्महत्या कर ली।
हरिद्वार
पुरानी गंगनहर पर विश्व का सबसे बड़ा व आकर्षक तैराकी केन्द्र बनाने की तैयारी की जा रही है। दिल्ली-हरिद्वार राजमार्ग पर टैंकर द्वारा बाइक में सवार एन.सी.सी. हवालदार को कुचले जाने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। व्यापार में घाटा होने के कारण एक व्यापारी ने जहर खा कर आत्महत्या कर ली। नीलेश्वर मंदिर के पास टैªक्टर- ट्राली की टक्कर से स्कूटर पर सवार वरिष्ठ फार्मासिस्ट विमल भट्ठ की मौत हो गई। आटो व बाइक की भिडंत में बाइक में सवार 22 वर्षीय अरविंद की मौत हो गई। रुड़की में सोनाली पार्क के पास एक युवक ने गंगनहर में कूद कर आत्महत्या कर ली।
देहरादून
देहरादून – पांवटा मार्ग में नंदा की चौकी में एक बेकाबू कार के पेड़ से टकराने से एल.एल.बी. के दो छात्रों की मौत हो गई तथा चार अन्य घायल हो गए। नेहरू कालोनी क्षेत्र में लम्बे समय से बीमारी से परेशान एक महिला ने फाँसी लगा कर आत्महत्या कर ली। मसूरी में एक विवाहिता ने स्वयं को गोली मार कर आत्महत्या कर ली। चम्बा-मसूरी मोटर मार्ग पर एक युटिलिटी के ब्रेक फेल हो जाने के बाद उसके पलट जाने से उसमें सवार दो बाराती मारे गए तथा 13 अन्य घायल हो गए। डोईवाला के पास मणीमाई राजमार्ग पर बस की टक्कर लगने से मोटरसाइकिल में सवार एक युवक की मौत हो गई। तेलीवाला-डोईवाला के बीच रेलवे ट्रैक में 54 वर्षीय श्याम लाल का शव मिला। ऋषिकेश के समीप ग्राम सभा खदरी के जंगलों में गुलदार का आतंक छाया हुआ है। विकासनगर तहसील में छापा मार कर अवैध खनन से भरे छः ट्रक पकड़े गए। सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण उत्तराखंड में सेना ने अपनी विभिन्न परियोजनाओं के लिए 23,216 एकड़ जमीन की जरूरत बताई है। चकराता वन प्रभाग के अन्तर्गत देवधार में चीड़ के जंगलों में आग लगने से भारी नुकसान की सूचना है। ऋषिकेश की तरफ जा रहे एक बाइक सवार ने ट्रक से भिडंत रोकने का प्रयास किया तो खंबे से जा टकराया जिससे उसकी मौत हो गई।
टिहरी
भिलंगना ब्लॉक की पट्ठी बासर के ग्राम मांदरा में दो साल की बच्ची को गुलदार उठा ले गया। काफी खोजबीन के बाद शव मिलने के बाद ग्रामीणों ने शव को लेकर प्रदर्शन किया और गुलदार को मारे जाने की मांग की। जिले की 51 सड़कों के निर्माण का कार्य वन अधिनियम के चलते ठप है। कीर्ति नगर के लक्षमोली में निःशुल्क नेत्र शिविर का आयोजन कर 100 से अधिक लोगों के मोतियाबिंद के आपरेशन किये गए। ग्राम पंचायत सेलूर ने सार्वजनिक आयोजनों में शराब परोसने और डी.जे. बजाने पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय किया। चम्बा प्रखंड की 17 ग्राम पंचायतों को इंटरनेट से जोड़ दिया गया है। भिलंगना प्रखंड में एक पखवाड़े से ब्राड बैंड व बी.एस.एन.एल. सम्पर्क कटे होने से लोगों का गुस्सा स्टेट बैंक शाखा पर फूटा।
उत्तरकाशी
जिलाधिकारी द्वारा गठित 22 टीमों ने पूरे जनपद के स्कूलों का औचक निरीक्षण किया तो 195 स्कूलों में 41 शिक्षक ड्यूटी से नदारत पाये गए। गंगोरी गाँव में खेतों के पास एक सेनानिवष्त्त सैनिक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया। नौगाँव में महिलाओं को माल्टा से जूस निकालने का पाँच दिनों का प्रशिक्षण दिया गया।
पौड़ी गढ़वाल
पौड़ी के मल्ली गधेरे के पास गुलदार का शव मिलने के बाद पौड़ी रेंज की खोलाचैरी में गुलदार के दो और नर शावक पाए गए।
रुद्रप्रयाग
प्रशासन ने चार धाम यात्रा को लेकर तैयारियाँ आरंभ कर दी हैं। ब्लोॅक ऊखीमठ में परकंडी क्षेत्र में गुलदार का आतंक छाया हुआ है। गुलदार कई मवेशियों को अपना निवाला बना चुका
है। जिला मुख्यलय से सटे ग्राम पंचायत दरमोला क्षेत्र में पशुओं का खुरपका रोग फैल रहा है।
चमोली
जोशीमठ से प्राप्त समाचार के अनुसार भारत-तिब्बत सीमा पर गश्त के लिए गए जवानों के शिविर में ग्लेशियर टूटने से एक जवान की मौत हो गई तथा तीन अन्य घायल हो गए। रासी ग्राम निवासी एक महिला 28 वर्षीय सुभद्रा देवी की चट्टान गिरने से मौत हो गई। गोपेश्वर से प्राप्त समाचार के अनुसार मंडल घाटी की महिलाओं ने शराब के खिलाफ अभियान तेज करते हुए सेंटुआ गाँव में कच्च्ी शराब की भट्ठियाँ नष्ट कर दीं। जिलाधिकारी डॉ. रंजीत कुमार ने नगर पालिका परिषद द्वारा जीरो बैंड के पास बिना नक्शा पास करवाए पशु वधगृह का निर्माण करने के विरुद्ध चेतावनी दी। विकास खंड घाट में कुरुड़ पुल के पास अतिक्रमण हटाने में दुहरे मापदंड अपनाएं जाने के विरोध में ग्रामीणों ने एस.डी.एम. व लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता का घेराव किया। जोशीमठ में सैन्य छावनी में गेस्ट हाउस में अचानक आग लगने से भारी नुकसान हुआ। महीना खत्म होते – होते मौसम के फिर करवट लेने के साथ ही गंगोत्री-यमुनोत्री व केदारनाथ में भारी बर्फबारी हुई।