मानसून के दस्तक देने के साथ ही प्रदेश में वृक्षारोपण की तैयारियाँ आरंभ हो गईं। इससे पहले कुछ इलाकों में ओलावृष्टि से आडू व सेब की फसल के नुकसान की सूचना थी। मानसून पूर्व की वर्षा से सब्जी उत्पादकों को भी नुकसान हुआ।
प्रदेश कई इलाकों में 20 जून को भूकंप के झटके महसूस किये गए। रिक्टर स्केल में चार से अधिक तीव्रता के भूकम्प का केन्द्र चमोली जिले में था।
रसोई गैस, डीजल व केरोसीन के दामों में की गई वृद्धि के बाद प्रदेश भर में महंगाई विरोधी प्रदर्शन हुए हैं।
उच्च न्यायालय की खंड पीठ ने भी हरिद्वार व हल्द्वानी पालिका बोर्ड को भंग करने के राज्य सरकार के फैसले को निरस्त कर बोर्ड को बहाल करने के एकल पीठ के फैसले को सही ठहराया और तीन हफ्तों तक यथास्थिति रखने का निर्देश दिया।
राज्य सरकार ने केन्द्र सरकार द्वारा माध्यमिक स्कूलों के रखरखाव के लिए दी गई 268 करोड़ रु. की मदद को इसलिए लौटा दिया कि वह मानकों के अनुरूप नहीं थी और अपर्याप्त थी।
जिला विधिक सेवा के तहत जिला मुख्यालयों और तहसील मुख्यालयों में लोक अदालतों में बड़ी संख्या में मामलों का निबटारा किया गया और अर्थदंड भी वसूल किया गया।
राज्य सरकार ने देहरादून के समीप जंगल में हुई हेलीकोप्टर दुर्घटना की जाँच के आदेश दिये हैं।
राज्यपाल मार्ग्रेट अल्वा ने राज्य में हवाई सफर को खतरनाक बताते हुए कहा है कि निजी हवाई सेवा चलाने वाले नियम कायदों का पालन नहीं कर रहे हैं।
राज्य सरकार ने जैविकी कार्यक्रम के ढांचे को मंजूरी प्रदान की है।
युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश में कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी का जन्म दिन भारत निर्माण दिवस के रूप में मनाया। ऋषिकेश में इस मौके पर गंगा का दुग्धाभिषेक किया गया।
नैनीताल
अखिल भारतीय कांग्रेस सेवा दल की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक के मौके पर संस्था के अखिल भारतीय अध्यक्ष जगदीश टाइटलर ने कहा कि केन्द्र सरकार भ्रष्टाचार मिटाने के गंभीरता से प्रयास कर रही है।
कुमाऊँ विवि के कुलपति प्रो. वी.पी.एस. अरोड़ा के अनुसार विवि के 150 संविदा कर्मचारियों को शीघ्र नियमित किया जाएगा।
तराई पूर्वी वन प्रभाग क्षेत्र के 821 हेक्टेयर क्षेत्र में वनों का अतिक्रमण रोकने के लिए पौंधे लगा कर वन घनत्व बढ़ा कर अतिक्रमण रोका जायेगा।
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी की टिप्पणी से भड़के कांग्रेसियों ने हल्द्वानी में नितिन गडकरी का पुतला फूँका।
हल्द्वानी में काबीना मंत्री वंशीधर भगत के निवास पर चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों और मंत्री समर्थकों के बीच झड़प में पुलिस ने कर्मचारियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा।
नैनीताल से देहरादून की हाई टेक बस सेवा को विधायक खड़क सिंह बोहरा ने हरी झंडी दिखा कर चालू किया।
उत्तराखंड बेरोजगार संगठन के कार्यकताओं ने लालकुआँ में बिक रही अवैध शराब के खिलाफ रोष प्रकट करते हुए कोतवाल का घेराव किया।
यहाँ गिरोहबंद कसाइयों ने गुज्जरों के तबेले में हमला कर 15 लाख रु. मूल्य की 55 भैंसें खेदड़ लीं। बाद में पुलिस ने 15 भैंसें हल्द्वानी के इंदिरा नगर में बरामद कीं।
खनन तस्करों से निबटने के लिए वन विभाग, पुलिस व पी.ए.सी. की संयुक्त टीम ने कोसी व दाबका नदियों में छापा मार कर कुछ वाहन जब्त किये।
पर्यटक सीजन की मारामारी में नैनीताल में लम्बे-लम्बे जाम लगे और जगह न मिलने से कई पर्यटक वापस लौटे।
एफ.सी.आई. नोएडा की टीम ने डोगरा रेजीमेंटल सेंटर फैजाबाद को 2-0 से हरा कर अखिल भारतीय ट्रेड्स कप हॉकी प्रतियोगिता जीत ली।
अल्मोड़ा़
नौकरी और पेंशन जैसी माँगों को लेकर कलक्ट्रेट परिसर में चल रहा राज्य आंदोलनकारियों का धरना 100वाँ दिन भी पार कर गया। आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी है कि उनकी माँगें न मानने पर वे आमरण अनशन करने को मजबूर होंगे।
रानीखेत को जिले का दर्जा देने की माँग को लेकर तहसील परिसर पर धरना जारी है।
भाजपा अध्यक्ष बिशन सिंह चुफाल ने रानीखेत भाजपा में दो नए मंडलों- मासी और चित्रकूट का सृजन करने का आदेश दिया।
रानीखेत में खनिया निवासी, 12 कुमाऊँ रेजीमेंट में कार्यरत 25 साल के भूपेन्द्र सिंह ने कोई जहरीला पदार्थ खा कर आत्महत्या कर ली।
भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने केन्द्रीय पर्यावरण मंत्री जयराम रमेश पर उतराखंड के विकास की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए उनका पुतला जलाया।
बागेश्वर
दर्शानी के तूनिया गाँव से फरार दो बच्चों की मां 30 वर्षीय महिला को रामपुर जनपद के मिलत गांव से बरामद किया गया, जहाँ वह डूंगलोट निवासी भूपेन्द्र सिंह के साथ किराये के मकान में रह रही थी।
जिलाधिकारी सी.एस. नपल्च्याल ने अधिकारियों को दो वर्षों के अन्तर्गत आपदा में प्राप्त धनराशि को खर्च करने व उपयोगिता प्रमाणपत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिये हैं।
उत्तराखंड क्रांति दल के केन्द्रीय उपाध्यक्ष महेश परिहार ने कहा है कि उक्रांद पार्टी के स्थापना दिवस 24 व 25 जुलाई के बाद प्रदेश भर में आक्रामक ढंग से संघर्ष शुरू करेगा।
पिथौरागढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बिशन सिंह चुफाल ने गंगोलीहाट में कहा कि भाजपा छोटी इकाइयों के पक्ष में है, अतः शीघ्र ही राज्य में नए जिलों का गठन किया जाएगा।
गंगावली जिले के गठन की मांग को लेकर गंगोलीहाट में चल रहा क्रमिक अनशन 40वाँ दिन पार कर गया है।
मुनस्यारी में जोहार क्लब मैदान में एक दिवसीय युवा सांस्कृतिक सम्मेलन का आयोजन किया गया।
जाखपंत गाँव में अज्ञात बीमारियों से दर्जनों बकरियों की मौत होने के बाद पशु चिकित्सकों के दल ने गाँव का दौरा किया और बताया कि अब बीमारी नियंत्रण में है।
अनुसूचित जाति एवं जनजाति आयोग के अध्यक्ष चनर राम ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा चलाया गया चौपाल कार्यक्रम गाँवों में बहुत लोकप्रिय हो रहा है।
सांस्कृतिक संस्था गाथा के तत्वावधान में 10 दिवसीय रंगमंच कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें रंगकर्मी भूपेश जोशी ने प्रशिक्षण दिया।
पंचायती राज कानून लागू करने की माँग को लेकर ग्राम प्रधानों ने जिले के ब्लॉक मुख्यालयों में सत्ता पक्ष और विपक्ष के पुतले फूँके।
देवलथल को तहसील का दर्जा देने की मांग को लेकर आंदोलन जारी है। कनालीछीना तहसील के गठन की माँग को लेकर भी अनशन चल रहा है।
राष्ट्रीय कृषि नवोन्मेषी परियोजना के तहत कृषि विज्ञान केन्द्र सुई में आयोजित एक दिवसीय कार्यशाला में किसानों को सब्जी व फूलों की खेती का गहन प्रशिक्षण दिया गया।
आपदा प्रबंधन विभाग ने जिला मुख्यालय में आपदा नियंत्रण कक्ष की स्थापना कर दी है।
चम्पावत
बाराकोट विकास खंड के मिरतोली गाँव के जंगल में 11 साल के बच्चे पंकज की बिजली का करेंट लगने के कारण मौत हो गई।
माँ पूर्णागिरी शक्तिपीठ मेले का विधिवत समापन हो गया है।
वन विकास निगम के प्रबंध निदेशक अनिल कुमार दत्त ने टनकपुर में जड़ी-बूटी संवर्द्धन एवं विपणन केन्द्र का उद्घाटन किया।
गंगोलीहाट लिफ्ट पेयजल योजना में बदलाव के विरोध में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने पेय जल मंत्री प्रकाश पन्त का पुतला फूँका।
केन्द्र सरकार के सहयोग से स्वामी विवेकानन्द द्वारा स्थापित अद्वैत आश्रम मायावती में आश्रम के विकास पर 2.32 करोड़ रु. खर्च किये जाएँगे। स्वामी जी की 15 वीं जयन्ती पर मनाये जाने वाले कार्यक्रमों को अंतिम रूप दे दिया गया है।
उधम सिंह नगर
भारत सरकार की मल्टी सेक्टरल डेवलपमेंट प्लान के तहत हरिद्वार और उधमसिंह नगर जिलों को शामिल किया गया है। इसके अन्तर्गत शक्ति फार्म पॉलीटेक्निक के लिए 12.30 करोड़ रु. राज्य को निर्गत किये गए हैं।
काशीपुर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कुमाऊ्रँ मंडल के पुलिस महानिरीक्षक राम सिंह मीणा ने दावा किया कि पूरे मंडल में अपराध पर लगाम कसी जा रही है और माओवादी गतिविधियों की भी कोई सूचना नहीं है।
काशीपुर नगर पालिका के सभी अभिलेखों को आनलाइन करने की दिशा में काम शुरू हो गया है।
राष्ट्रीय बीज निगम के कर्मचारी द्वारा धोखे से जहर पीने से मौत हो गई।
ट्रेन की चपेट में आने से 25 साल के एक युवक राजकुमार की मौत हो गई।
ट्रक के ऊपर चढ़े एक मजदूर की करंट लगने से मौत हो गई। एक अन्य दुर्घटना में बाजपुर में जहरीली शराब पीने से एक युवक की मौत हो गई।
दिनेशपुर में 42 साल के गोपाल सिंह खोलिया की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
पंत नगर के प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मत्स्य विज्ञान महाविद्यालय के वैज्ञानिकों ने नैनी झील के शुद्धीकरण का अभियान एक बार फिर तेज कर दिया है।
हरिद्वार
केन्द्रीय कृषि राज्य मंत्री हरीश रावत और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष यशपाल आर्य ने स्वामी निगमानन्द की मौत के लिए प्रदेश की भाजपा सरकार को दोषी ठहराते हुए मामले की सी.बी.आई. जाँच की माँग की और कहा कि चुनाव के बाद सत्ता में आने पर कांग्रेस सरकार खनन गतिविधियों पर प्रतिबंध लगा देगी।
गुरुकुल कांगड़ी के कुलपति प्रो. स्वतंत्र कुमार का कार्यकाल दो साल के लिए बढ़ा दिया गया है।
हरिद्वार में भट्टीपुर बस स्टैंड के पास एक अनियंत्रित डम्पर के पलट जाने से बाइक पर सवार बी.टेक के दो छात्रों की मौत हो गई।
पीपुल फार एनिमल ट्रस्ट ने अपनी अध्यक्ष मेनका गांधी को ज्ञापन दे कर उत्तराखंड में हो रही पशुओं की मौत के बारे में जानकारी दी।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने केन्द्रीय पर्यावरण राज्य मंत्री जयराम रमेश का पुतला फूँका और आरोप लगाया कि वे उत्तराखंड के साथ भेदभाव कर रहे हैं।
देहात क्षेत्र में बिजली की कटौती रोकने तथा अन्य माँगों को लेकर राष्ट्रीय किसान संगम ने ऊर्जा निगम के उपमहाप्रबंधक कार्यालय पर धरना दिया।
लंढौरा में ससुराल में आए एक युवक का शरीर पंखे से लटका हुआ पाया गया। ससुराल वाले इसे आत्महत्या का मामला बता रहे हैं जबकि युवक के परिजनों ने इसे हत्या का मामला बताया है।
मंगलौर में खेड़ा जट में क्रिकेट खेलते हुए विवाद के बाद एक युवक को गोली मार दी गई।
आमखेड़ी गाँव में बारात में आए दो युवक सोनाली नदी में नहाने गए तो तेज बहाव में आ गए। उन्हें बचाने के प्रयास किये गए परन्तु उनका कहीं पता नहीं चला।
देहरादून
हरिद्वार बाई पास का रेलवे फाटक खुला छोड़ दिये जाने के बाद एक बड़ी दुर्घटना की संभावना शताब्दी-दिल्ली के चालक की सूझबूझ से टल गई। गेट मैन पास ही में नशे में बेहोश था। इससे पहले 23 मई को भी मोहकमपुर में रेलवे फाटक बंद होने से उसके बीच में एक बस फँस गई थी।
सहसपुर विकास खंड में ग्राम प्रधानों ने पंचायत कानून को लागू कर 29 विभागों को पंचायतों के अधीन करने व मानदेय बढ़ा कर 5000 रु. करने की मांग को लेकर धरना दिया।
नगर के पटेल नगर क्षेत्र में मुस्लिम कालोनी में एक टेलर अलताफ अहमद ने जब अपने पड़ोस के कमरे में शराब पी रहे तीन युवकों को टोका तो उन्होंने उसे पीट-पीट कर मार डाला।
एक मासूम बच्ची 9 वर्षीय आरती का अपहरण कर भाग रहे औघड़ बाबा को रेलवे स्टेशन के पास गिरफ्तार कर लिया गया।
विकासनगर क्षेत्र में ढकरानी निवासी एक 23 वर्षीय युवक अनिल की अपने ही ट्रैक्टर के नीचे आने से तब मौत हो गई, जब उसने चलते हुए ट्रैक्टर पर चढ़ने का प्रयास किया। ट्रैक्टर उसके पिता चला रहे थे।
मोल्टा रेंज में गुलदार ने दो बच्चों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया।
ऋषिकेश में वोटरशिप अभियान की संसदीय समिति के अध्यक्ष भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि नागरिक अधिकारों की लड़ाई लम्बी है।
समारोह में संविधान विशेषज्ञ डॉ सुभाष कश्यप ने कहा कि चुनाव सुधारों के बिना व्यवस्था में टिकाऊ सुधार संभव नहीं है।
भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी ने मुख्य मंत्री निशंक के साथ सेलाकुई में सगंध पौधा केन्द्र व फार्मा सिटी का दौरा किया और राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना की।
पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी वन विभाग के मुख्यालय पहुँचे, जहाँ उन्हें बताया गया कि जंगलों में पौधों की हजारों प्रजातियाँ संकटग्रस्त हैं।
मसूरी में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष यशपाल आर्य ने जिला स्तर पर गठित कार्यकारिणी के आकार पर रोक लगा दी। उन्होंने देहरादून नगर कार्यकरिणी के पुनर्गठन और हरिद्वार शहर की कार्यकारिणी को छोटा करने का निर्देश दिया है।
समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विनोद बड़थ्वाल ने विकास निधि में भारी घोटाले का आरोप लगाते हुए सरकारी घोषणाओं पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की।
टिहरी
नई टिहरी में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में जिला न्यायालय परिसर में लोक अदालत में 23 मामलों का निबटारा आपसी सुलह से हो गया।
विकास खंड भिलंगना के ग्राम सभा आर्स में मनरेगा का भुगतान न होने से नाराज ग्रामीणों ने कलक्ट्रेट में धरना दिया।
पट्टी थाली कठूड़ के गाँव मरवाड़ी मंज्याल ताल में भैंस चराने गए एक 13 साल के बालक रमेश सिंह की दलदल में गिरने से मौत हो गई।
सेवानिवृत्त राजकीय पेंशनर्स संगठन ने अपनी मांगों के समर्थन में कलक्ट्रेट में धरना दिया।
उत्तरकाशी
पुरोला से प्राप्त सूचना के अनुसार मोरी के फते पर्वत क्षेत्र हड़वाड़ी के चांगशील बुग्याल में अतिवृष्टि व बादल फटने से दो चरवाहे और दर्जनों मवेशी लापता हो गए। बाद में वे चरवाहे बेहोशी की हालत में मिले।
त्यूणी से दो वाहनों में आए दर्जन भर बदमाश पुलिस के एक सब इन्सपेक्टर व कांस्टेबल की पिटाई करने के बाद उन्हें अपने साथ उठा ले गए। बाद में पुलिस कार्रवाई के बाद उन्हें मुक्त करवाया गया।
कृषि एवं पशुपालन मंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने चिन्यालीसौड़ में कृषि विज्ञान केन्द्र का औचक निरीक्षण किया।
उत्तरकाशी में भारत विकास परिषद के अधिवेशन में विधान सभा अध्यक्ष हरबंस कपूर ने कहा कि यह संस्था अपनी गतिविधियों से समाज सेवा के अवसर प्रदान करती है।
गंगोत्री धाम में निर्मल गंगा प्रोजेक्ट के शिलान्यास के अवसर पर भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी ने कहा कि विकास योजनाओं के लाभ में स्थानीय लोगों की हिस्सेदारी होनी चाहिए।
देवराना मेला-डांडा में 66 गाँवों के हजारों लोगों ने रुद्रेश्वर देवता के दर्शन किये।
पौड़ी़
ब्लाक थलीसैंण के गाँव जाख की 21 वर्षीया विवाहिता ने पेड़ से लटक कर आत्महत्या कर ली।
पौड़ी-कोटद्वार मार्ग पर कई जगह भूस्खलन होने से मुसाफिरों को घंटों जाम का सामना करना पड़ रहा है।
बिजली कटौती से त्रस्त ग्रामीणों ने कोटद्वार-लालढांग मार्ग पर सांकेतिक जाम लगाया।
लैंसडाउन में पर्यटकों के आगमन के साथ जाम की गंभीर समस्या पैदा हुई क्योंकि समस्या से निबटने की कोई तैयारी नहीं की गई।
रुद्रप्रयाग
ग्राम्य विकास एवं प्रभारी मंत्री विजया बड़थ्वाल ने जनपद के अधिकारियों के साथ चार धाम यात्रा की समीक्षा बैठक की और निर्देश दिया कि इस बारे में पूरी गंभीरता बरती जाए।
केदारनाथ मंदिर में सेना मुख्यालय मध्य कमान की तरफ से साउंड सिस्टम भेंट किया गया।
उत्तराखंड क्रांति दल की ओर से 101 राज्य आंदोलनकारियों को सम्मानित किया गया।
जिला मुख्यालय व अन्य स्थानों में 15 घंटे तक लगातार कटौती से लोग भारी परेशानी में रहे।
चमोली
देवाल ब्लाक में अटल चौपाल कार्यक्रम में खाद्यान्न, बिजली, पानी और यातायात के मुद्दे छाये रहे।
देवाल इलाके में एक महिला पुष्पा देवी प्रेम में इस कदर अंधी हो गई कि उसने अपने पति और 12 साल के बेटे की हत्या कर डाली। उसके भाइयों नारायण राम और बालक राम को भी हिरासत में लिया गया है। बताया जाता है कि महिला का रुद्रपुर में कोई प्रेम प्रसंग था जिसके चलते ऐसा निर्मम कृत्य करने का अनुमान है।
ल्वाणी में जंगल में घास काटने गए 46 साल के गोविंद सिंह को भालू ने हमला कर जख्मी कर दिया।
नीती घाटी के बुग्यालों में रहस्यमय बीमारी के चलते 500 बकरियों की मौत हो गई।