सितारगंज उप चुनाव में रिकार्ड मतों से मुख्य मंत्री विजय बहुगुणा की जीत पर कांग्रेसियों ने बधाइयों का तांता लगाया तो भाजपा नेताओं ने सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप लगाया। राज्य सरकार ने चमोली में पोखरी, रुदद्रप्रयाग में ऊखीमठ और पिथौरागढ़ में गंगोलीहाट में नगर पंचायतों के गठन की अधिसूचना जारी की है। इनके अलावा बागेश्वर जिले में कपकोट व रुद्रप्रयाग में अगस्त्यमुनि को भी नगर पंचायत का दर्जा दिया गया है। इन्हें मिला कर राज्य में नगर पंचायतों की संख्या 37 हो गई है।
नैनीताल
राज्यपाल डॉ अजीज कुरैशी ने कहा कि नगर की सुरक्षा की दृष्टि से गठित समिति की रिपोर्ट आने के बाद ही नगर की संरक्षण की योजना तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि नैनी झील के संरक्षण और कैचमैंट सूखाताल को पुनर्जीवित करने के सभी प्रयास किये जाएंगे। राज्यपाल ने राजकीय अधिकारियों और नागरिकों के साथ बैठक कर नगर की समस्याओं पर दो दिनों तक चर्चा की। मानसूनी वर्षा शुरू होने के साथ ही नगर के नालों की गंदगी माल रोड व सड़कों में पहुंच गई। खेल और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री दिनेश अग्रवाल ने कहा कि हल्द्वानी में अन्तर्राष्ट्रीय स्तर के खेल स्टेडियम का निर्माण इसी साल आरंभ हो जाएगा। सर्व शिक्षा अभियान के तहत जिले में प्रस्तावित 35 विद्यालय वन भूमि का इस कार्य के लिए हस्तांतरण न हो पाने के कारण नहीं खुल सके। पूर्व काबीना मंत्री मातवर सिंह कंडारी ने यहाँ कहा कि कांग्रेस सरकार जन समस्याओं के समाधान में पूरी तरह से विफल सिद्ध हो रही है। जून माह में वर्षा न होने के कारण जिले के वेतालघाट, गरमपानी, अमृतपुरी, ओखलकांडा, रामनगर, हल्द्वानी समेत कई क्षेत्रों में सब्जियों की लगभग 40 प्रतिशत फसल बरबाद हो गई। एक आर.टी.आई. कार्यकर्ता द्वारा मांगी गई सूचना में बताया गया कि ढाई लाख की आबादी वाले हल्द्वानी शहर में मात्र 5148 केबल उपभोक्ता हैं। हल्द्वानी में रामपुर रोड में एक पर्यटक बस और उत्तर प्रदेश रोडवेज की बस के बीच आमने -सामने की टक्कर में दोनों बसों के चालकों की मौत हो गई। कमलुआगांजा के निकट एक बड़े ट्रक और टैंकर के बीच दुर्घटना में टैंकर चालक की मौत हो गई। वनभूलपुरा पुलिस ने गौला नदी के तट पर नौ वर्ष की एक बालिका का शव बरामद किया। भवाली-अल्मोड़ा मार्ग पर एक बड़ा पत्थर टाटा सूमो पर गिरने से एक यात्री 30 वर्षीय मोहन राम की मौत हो गई तथा एक महिला यात्री घायल हो गई।
अल्मोड़ा
चनौदा क्षेत्र में बादल फटने से चनौदा बाजार मलबे से पट गया। शासन ने अल्मोड़ा नगर पालिका को वेतन की मद में छः करोड़ रु. मंजूर किये जिसमें से तीन करोड़ रुपये उसे मिल चुके हैं। लमगड़ा ब्लाक में जमाड़ की पहाड़ी दरकने से जैंती -भनोली मोटर मार्ग बाधित हो गया। सल्ट विकास खंड के दर्जनों गाँवों में आवारा पशुओं द्वारा फसल की बर्बादी से गुस्साए ग्रामीणों ने तहसील कार्यालय पहुँच कर कार्रवाई की मांग की। आर्मी पब्लिक स्कूल के वार्षिकोत्सव में बच्चों ने अपने कार्यक्रम प्रस्तुत करते हुए विभिन्न प्रदेशों की संस्कृति की झलक पेश की। कुमाऊँ वन श्रमिक संघ ने वन श्रमिकों के नियमितीकरण की मांग को लेकर प्रभागीय वनाधिकारी कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। चौखुटिया क्षेत्र में रतनपुरी तोक गाँव में 24 साल की युवती आशा कुमारी ने सल्फास की गोलियाँ खा कर आत्महत्या कर ली।
पिथौरागढ़
गंगोलीहाट को नगर पंचायत का दर्जा दिये जाने की घोषणा पर आतिशबाजी कर व मिठाई बाँट कर खुशी व्यक्त की गई। भारी वर्षा के बाद जिले के आधा दर्जन से अधिक मार्गों पर यातायात ठप हो गया। इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ एंटरप्योनरशिप के तत्वावधान में 45 दिवसीय खाद्य प्रसंस्करण प्रशिक्षण आरंभ किया गया। मत्स्य किसान दिवस के मौके पर पिथौरागढ़ महाविद्यालय में एक दिवसीय मत्स्य पालन प्रशिक्षण का आयोजन कर किसानों को मत्स्य पालन की बारीकियाँ बताई गयी। दयूरी- भनार गाँव में भू-स्खलन की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई। उच्च हिमालय क्षेत्र से पलायन की समस्या के बारे में जानकारी के लिए नौ दिन के पैदल भ्रमण कार्यक्रम पर मल्ला जोहार जा रहे धारचूला के विधायक हरीश धामी के पैर में मोच व सूजन आ जाने से उन्हें हेलीकाप्टर द्वारा बोगडियार से मुनस्यारी लाया गया जहाँ सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में उनका उपचार आरंभ किया गया। अस्कोट को जल आपूर्ति करने वाली पाइप लाइन मलबे की चपेट में आ कर बह जाने से अस्कोट व आसपास के एक दर्जन गाँवों की पेय जल व्यवस्था ठप हो गई। गंगोलीहाट क्षेत्र में पेचिस का प्रकोप रहा। धारचूला तहसील के जयकोट, गस्कू, पांगला, सिर्खा, सिर्दांग, रूम गाँव मे ंबिजली की लाइन तो बिछी हुयी है लेकिन पाँच वर्षो से बिजली की आँख मिचैली चल रही है। इस क्षेत्र में 3600 से अधिक की आबादी बिजली न होने से अंधकार में जीने को मजबूर है। मुनस्यारी तहसील के बरम से पुलिस ने एक किलो यारसा गम्बू के साथ अशोक धामी व कमल गुप्ता, निवासी धारचूला को गिरफ्तार किया। इनके पास रमन्ना आदि भी नहीं था। दोनों के खिलाफ 26 फारेस्ट एक्ट के तहत कार्रवाई कर उन्हें जेल भेज दिया है। पुलिस ने मदकोट के एक निजी होटल से लगभग एक किलो जड़ी-बूटी भी बरामद की। सीमांत के धारचूला तहसील के गाँव गुंजी स्थित राजकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय का भवन जीर्णक्षीर्ण हालत में पहुँच गया है। दीवारों में बड़ी-बड़ी दरारें आ गयी हैं। स्कूल के प्रधानाचार्य गोपाल सिंह खोलिया का कहना है कि स्कूल की हालत ठीक नहीं है। इसकी सूचना विभाग के उच्चाधिकारियों को दे दी गयी है।
बागेश्वर
जिलाधिकारी अक्षत गुप्त ने जागेश्वर धाम जटागंगा में विशेष सफाई अभियान आरंभ कर पूरे क्षेत्र में सफाई बनाये रखने का आह्वान किया। कपकोट में सरयू नदी में लगभग 48 साल की एक महिला का शव बरामद किया गया। बागेश्वर में महिलाओं ने पोस्टमार्टम हाउस को जिला अस्पताल परिसर से दूर कहीं बनाये जाने की माँग को लेकर पुलिस अधीक्षक व सी.एम.ओ. को ज्ञापन दिया। तेज वर्षा से बागेश्वर में जनजीवन प्रभावित हुआ।
चंपावत
जिलाधिकारी श्रीधर बाबू अददांकी ने जनपद को मतस्यपालन को नई ऊँचाइयों पर लेजा कर नीली क्रांति का सिरमौर बनाने का आह्वान किया। यहाँ ठंडे पानी की मछलियों की पैदावार बढ़ा कर अर्थिक तरक्की की अपार संभावनाएं हैं। वनलेख में अज्ञात करणों से झुलसे एक युवक की मौत हो गई। लोहाघाट में लोहावती नदी को पार करते समय तेज बहाव में बह गए कायल गाँव के निवासी चंदर सिंह का शव पाँचवे दिन आठ किलोमीटर दूर दौला में मिला। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आयोजित मेगा लोक अदालत में 55 वादों का निबटारा किया गया और जुर्माने के रूप में 2,71,000 रु. वसूल किये गए। पर्वतीय इलाकों में हुई तेज वर्षा से मुख्यालय व आसपास के क्षेत्रों में जनजीवन अस्तव्यस्त रहा। पाँच माह से वेतन न मिलने के विरोध में पालिका के सफाई कर्मियों ने कार्य बहिष्कार आंदोलन चलाया। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर अमरूबैंड के पास एक युवती का शव बरामद किया गया। देवीधार महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। टनकपुर में शारदा घाट में एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया गया।
ऊधमसिंह नगर
उपचुनाव में 39,954 मतों की रिकार्ड हार के बाद भाजपा प्रत्याशी प्रकाश पन्त ने जनादेश को स्वीकार करते हुए कहा कि चुनाव में भाजपा ही कांग्रेस के खिलाफ नहीं लड़ रही थी वरन् अन्य सभी दल भी भाजपा के खिलाफ लड़ रहे थे। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी मुख्य मंत्री के वादों के अमल पर नजर रखेगी। खटीमा में तलाब में गिरने से एक वृद्ध की मौत हो गई। काशीपुर में टाटा सफारी और ट्रक के बीच टक्कर होने से टाटा सफारी में बैठे युवक की मौत हो गई। मायनारिटी वेलफेयर कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने नैनीताल में राज्यपाल को ज्ञापन देकर रुद्रपुर दंगों की सी.बी.आई से जाँच की माँग की। पहली बारिश होते ही अनेक स्थानों पर जल भराव की समस्या सामने आने से रुद्रपुर पालिका के सफाई के दावों की पोल खुल गई। रात को टहलने के लिए गए दो युवकों की ट्रेन से कट जाने से मौत हो गई। रिश्तेदारी में आई हुई एक बालिका की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई।
देहरादून
मुख्य मंत्री विजय बहुगुणा ने यमुना नदी में प्रस्तावित 300 मेगावाट की लखवाड़ जल विद्युत परियोजना को केन्द्र सरकार की मंजूरी मिलने पर केन्द्र सरकार का आभार व्यक्त किया है तथा कहा है कि इससे बिजली की कमी से जूझ रहे उत्तराखंड को भविष्य में राहत मिलेगी। पूर्व मुख्य मंत्री नारायण दत्त तिवारी ने अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (उरेडा) के ऊर्जा पार्क का निरीक्षण किया और केन्द्रीय अक्षय ऊर्जा मंत्री फारुख अब्दुल्ला से फोन पर बात कर हल्द्वानी में भी ऐसा ही पार्क बनाने का आग्रह किया। कृषि मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने मंडी परिषद के अधिकारियों को निर्देश दिये कि परिषदों को सुदृढ़ बनाया जाए और सुनिश्चित किया जाए कि मंडियों में किसानों को कोई परेशानी न हो। वाणिज्य कर विभाग ने देहरादून, ऋषिकेश के रेता बजरी विक्रेताओं के खिलाफ छापेमारी कर 21 करोड़ रु. की कर चोरी का पता लगाया और 23 व्यापारियों के 100 से अधिक खातों पर रोक लगा दी। डी.ए.वी. पी.जी. कालेज के छात्रों के दो गुटों के बीच मारपीट के बाद पुलिस ने लाठी चार्ज कर स्थिति को नियंत्रण में किया। केन्द्र सरकार द्वारा लाए जा रहे हायर एडुकेशन एंड रिसर्च बिल के विरोध में वकीलों ने दो दिन की हड़ताल की। मानसूनी वर्षा होने के साथ ही सड़कें जलमग्न होने लगीं। मुनीकीरेती के नगर पंचायत अध्यक्ष उत्तमदास का 82 साल की उम्र में निधन हो गया। ऋषिकेश के पास नीलकंठ में जलाभिषेक करने वाले श्रद्धालुओं का ताँता लगने लगा। कोतवाली क्षेत्र के चुक्खुवाला में 40 वर्षीय शमशाद की लाश संदिग्ध अवस्था में उसके घर में फंदे से लटकी हुई मिली। सहस्त्रधारा रोड में ननूरखेड़ा में एक 22 वर्षीय युवक वैभव सैनी की लाश सड़क के किनारे संदिग्ध अवस्था में पड़ी हुई मिली। शास्त्रीनगर के पास 21 वर्षीय युवक सागर कुमार की बाइक रोड डिवाइडर से टकरा जाने से उसकी मौत हो गई। ऋषिकेश बदरीनाथ मार्ग पर एक कार के खाई में गिर जाने से नौ साल की बच्ची की मौत हो गई जबकि उसके पिता घायल हो गए। डील परिसर में बिजली की लाइन में आई खराबी दूर करने के लिए पोल पर चढ़े संविदा लाइनमैन 25 वर्षीय विशाल कुमार की अचानक नीचे गिर जाने से मौत हो गई। चुक्खूवाला में 25 वर्षीय डायना ने घर में फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली। नई बस्ती में रहने वाले 20 साल के गौरव ने पंखे से लटक कर आत्महत्या कर ली।
चमोली
जिला पंचायत अध्यक्ष विजया रावत के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित हुआ। वर्षा व भूस्खलन के कारण पहाड़ी दरकने से मलबा एक रिसोर्ट में घुस गया जिससे मुजफ्फरपुर निवासी एक महिला की मौत हो गई। एहतियात के तौर पर बदरीनाथ की यात्रा रोक दी गई। नंदाकिनी विकास खंड संघर्ष समिति ने 43 सीमांत ग्राम पंचायतों का परिसीमन तैयार कर मुख्य मंत्री को रिपोर्ट भेज दी है तथा शीघ्र ही पृथक नंदाकिनी विकास खंड की मांग पूरी करने का आग्रह किया है। गोपेश्वर में गुलदार ने एक घर का दरवाजा तोड़ कर भीतर सोई हुई बालिका पर हमला का उसे जख्मी कर दिया। युवा कल्याण विभाग में प्रशिक्षित पी.आर.डी. जवानों को ड्यूटी से हटा कर अप्रशिक्षित युवकों को तैनात किये जाने के विरोध में इन जवानों ने समाज कल्याण विभाग के दफ्तर में हंगामा काटा तो अधिकारी मौके से नो दो ग्यारह हो गए। जिलाधिकारी द्वारा एक सप्ताह में शिकायतों की जाँच का आश्वासन मिलने के बाद ही यह विरोध शांत हुआ। थराली ब्लॉक के नाखोनी गाँव की वृद्ध महिला ने नारायणगढ़ झूला पुल से पिंडर में छलांग लगा दी कई घंटों के प्रयास के बाद भी उसका शव बरामद नहीं किया जा सका।
उत्तरकाशी
पुरोला के पास जखोल गाँव के निवासियों ने छः माह से राशन न मिलने के विरोध में अपने राशन कार्ड जिलाधिकारी डॉ. आर राजेश कुमार को सौंप दिये। उन्होंने खाद्यान्न विभाग की कार्यशैली की भी शिकायत की। जिलाधिकारी ने राज्य पोषित योजनाओं की समीक्षा के दौरान निर्देश दिया कि मनरेगा के तहत हर ब्लॉक में नए जॉब कार्ड बनाये जांए। जिले में बादल फटने से असी गंगा घटी में मलबा भर गया और असी गंगा झील में तब्दील हो गई। किसानों के खेत धान की फसल सहित पानी में समा गए। श्रीनगर से देहरादून जा रही एक कार कौडि़याला के पास पहाड़ गिरने से मलबे में दब गई जिससे कार चालक नरेश शर्मा की मौत हो गई।
पौड़ी
लैंसडौन छावनी परिषद के उपाध्यक्ष पद पर उषा नैथानी को चुना गया। भारी वर्षा से कोटद्वार व आसपास के क्षेत्रों की सड़कों पर यातायात ठप हो गया। ग्रास्टनगंज की एक युवती की सांप के काटे जाने से मौत हो गई। भाजपा नेत्री ने कहा कि श्रीनगर जल विद्युत परियोजना पर अंतिम फैसला स्थानीय लोगों का ही होगा। उन्होंने खुल कर बाँध समर्थकों की पैरवी की।
रुद्रप्रयाग
केदारनाथ पैदल मार्ग में पत्थर गिरने से एक यात्री जीवन शर्मा की मौत हो गई। ऊखीमठ को नगर पंचायत का दर्जा मिलने पर स्थानीय लोगों ने खुशी जाहिर की और कहा कि इससे क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी। भीरी-पलद्वाड़ी-मक्कू मार्ग पर एक कार के खाई में गिर जाने से पलद्वाड़ी इंटर कालेज के प्रभारी 22 वर्षीय प्रधानाचार्य सतीश चन्द्र नौटियाल की मौत हो गई।
टिहरी
भिलंगना के सीमान्त गाँव पिन्सवाड़ के अन्तर्गत ग्राम तितरोड़ा के तालक तोक में एक व्यक्ति के ऊपर पेड़ गिरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। देव प्रयाग-गजा मार्ग पर एक मैक्स वाहन के खाई में गिरने से पाँच युवक घायल हो गए। जिला सेवा योजन विभाग के तत्वावधान में विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने वाले नौजवानों के मार्गदर्शन के लिए कार्यशाला का आयोजन किया गया।
हरिद्वार
श्रावन मास शुरू होते ही कांवड़ पटृटी व हाईवे पर कांवडि़यों का रेला उमड़ आया। सी.बी.आई.द्वारा चार्ज सीट दायर किये जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए आचार्य बालकृष्ण ने कहा कि इसमें कोई दम नहीं है यह उन पर व स्वामी रामदेव पर दबाव बनाने की चेष्टा है। आश्वासनों पर अमल न होने से क्षुब्ध शिक्षकों ने बी.ई.ओ. कार्यालय में तालाबंदी कर दी। मंगलौर में एक कार की चपेट में आने से एक कांवडि़ये की मौत हो गई। रुड़की में रेलगाड़ी की चपेट में आने से एक युवती व उसके तीन बच्चों की मौत हो गई। इस दुर्घटना में महिला का पति बाल-बाल बच गया। डौसनी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से कटने से एक ग्रामीण की मौत हो गई। हरिद्वार पुलिस ने मुंबई के रेलवे स्टेशन से अपहृत्त बच्ची संगीता को बरामद कर व अपहरणकर्ता राजू को गिरफ्तार कर वाहवाही लूटी।