गर्मी के चरम पर पहुँचते ही बिजली, पानी और रसोई गैस की किल्लत से तंग लोगों ने अधिकांश इलाकों में प्रदर्शनों और जाम लगा कर अपने गुस्से का प्रदर्शन किया। अधिकांश जिलों में जंगल की आग विकराल रूप लेने लगी है। डॉ. अजीज कुरैशी ने उत्तराखंड के नए राज्यपाल के रूप में शपथ ले ली है। भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव के बाद से ही चले आ रहे अपने संकट से निकल कर रानीखेत से निर्वाचित विधायक अजय भट्ट को विधायक दल का नेता घोषित किया। सितारगंज से निर्वाचित विधायक किरण मंडल द्वारा भाजपा छोड़ कर कांग्रेस में शामिल हो जाने से जहाँ कांग्रेसियों ने खुशी में आतिशबाजी की तो वहीं गुस्साये भाजपा नेता तथा मंडल के भतीजे ने अपना सिर ही मुँड़ा लिया। बदले की कार्रवाही के रूप में भाजपा ने नैनीताल से निर्वाचित विधायक सरिता आर्य के अनुसूचित जाति के होने पर ही सवाल उठाते हुए आन्दोलन करने की धमकी दी। प्रदेश सरकार ने तबादलों के बारे में पिछली सरकार के फैसले को रद्द करते हुए नई तबादला नीति की घोषणा करने का इरादा जाहिर कर विवादों का एक और पिटारा खोल दिया। कलेक्टेªट मिनिस्टीरियल कर्मचारियों ने 21 मई से कार्य बहिष्कार आंदोलन आरंभ कर दिया। सरकार ने भाजपा सरकार द्वारा चार नए जिलों के गठन के लिए जारी शासनादेश रद्द कर दिया और नए जिलों के गठन के बारे में नए सिरे से विचार के लिए समिति बनाई। पेयजल और शिक्षा मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी जगदीशिला का डोला लेकर प्रदेश के अनेक स्थानों पर घूमे।
नैनीताल
मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा व पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चन्द्र खंडूड़ी ने कवि शेरसिंह बिष्ट अनपढ़ के निधन पर शोक प्रकट किया। नैनी झील का जल स्तर इस बार बहुत नीचे चले जाने से नागरिक चिन्तित हैं। जीआईसी के पास एक बहुत मोटा पानी का सोता फूटने को झील के जलस्तर से जोड़ा जा रहा है। नगर में दस दिवसीय ‘ग्रीन सिटी- क्लीन सिटी’ अभियान का समारोहपूर्वक समापन किया गया। इसमें स्कूली छात्र-छात्राओं का पूरा सहयोग लिया गया। टीवी चैनल एनडीटीवी ने इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया। वित्त मंत्री इंदिरा हृदयेश ने कहा कि 1,500 करोड़ रु के घाटे को देखते हुए राज्य का बजट एक चुनौती बना हुआ है। नैनीताल में माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला अधिवेशन में मुख्य अतिथि व विधायक सरिता आर्य ने शिक्षकों को समय पर वेतन न मिलने और उनकी अन्य समस्याओं के समाधान में सहयोग का आश्वासन दिया। हल्द्वानी में 23 मई से फौज में भर्ती होने के समाचार के बाद अनेक युवकों ने नौकरी की एक शर्त को पूरी करने के लिए अपने शरीर पर गुदे हुए टेटू हटाने के लिए प्लास्टिक सर्जरी का सहारा लिया। रामगाड़ के पास जंगल में मिले एक स्त्री के कंकाल की अब तक पहचान नहीं हो पाई है।
अल्मोड़ा
छात्रों और कर्मचारियों ने राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, अल्मोड़ा के प्रधानाचार्य प्रवीण कुमार धारीवाल पर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए उनके ही कक्ष में जाकर उनका सिर फोड़ दिया। पाँच महीनों से वेतन न मिलने से नाराज सफाई व निकाय कर्मियों ने अनिश्चित काल के लिए काम छोड़ कर जाने का फैसला किया। सांसद प्रदीप टम्टा ने कहा कि सरकार जनता की समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर करने के लिए प्रयत्नशील है। जनपद में राजस्वकर्मियों के अभाव से जूझ रहे पटवारी महासंघ ने पुलिस कार्य के बहिष्कार की घोषणा की है।
बागेश्वर
पेय जल की कमी से परेशान बागेश्वर निवासियों ने जल संस्थान के अधिशासी अभियन्ता का घेराव कर अपना रोष प्रकट किया और शीघ्र ही जल संकट दून न करने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी। गरुड़ में कूड़ा निस्तारण की समुचित व्यवस्था करने की माँग को लेकर दो घंटे का जाम लगाया, जबकि बाजार दिन भर बंद रहा। द्यौनाई में बिक रही अवैध शराब के विरोध में महिलाओं ने धरना देकर विरोध जताया।
पिथौरागढ़
मुनस्यारी के बौना तौमिक गाँव से दर के रास्ते धारचूला आ रहे ग्रामीण की खाई में गिरने से मौत हो गई। झूलाघाट से प्राप्त सूचना के अनुसार अमतड़ी गाँव में सूअर के हमले से एक ग्रामीण की मौत हो गई। राजकीय आश्रम पद्धति स्कूल मुनस्यारी में कार्यरत एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की खाई में गिर जाने से मौत हो गई। रुम सकुन गाँव की एक 25 वर्षीय विवाहिता ने फंदा लगा कर आत्महत्या कर ली। झूलाघाट में काम करने वाले एक नेपाली मजदूर ने पत्नी के चले जाने से परेशान हो कर काली नदी में छलाँग लगा दी। नाचनी में एक फौजी अपने कमरे में मृत पाया गया। उसके सिर पर चोट के निशान थे। अस्कोट से प्राप्त सूचना के अनुसार राजकीय प्राथमिक विद्यालय सिंगाली के भवन की एक दीवार अचानक भरभरा कर गिर गई। मध्यान्ह का समय होने के कारण बच्चे कक्षाओं से बाहर थे जिससे बड़ा हादसा टल गया। डीडीहाट में पेयजल संकट से परेशान लोगों ने अधिशासी अभियन्ता का घेराव किया। राजकीय इंटर कालेज बेरीनाग में अचानक 16 छात्राओं के बेहोश हो जाने से हड़कंप मच गया। पहली जून से शुरू हो रही कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए पड़ाव गाला से बूंदी के पैदल मार्ग को खतरनाक क्षेत्र घोषित किया गया है तथा वहाँ सुरक्षा के विशेष उपाय किये गए हैं।
चंपावत
चल्थी से शराब की दुकान हटाने की मांग को लेकर चल रहे महिलाओं के धरने के 26वें दिन शीघ्र कार्रवाई न होने पर जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन की चेतावनी दी गई। जनपद मुख्यालय में बने टैक्सी स्टैंड को चालू करने की माँग को लेकर टैक्सी यूनियन के सदस्यों ने प्रदर्शन किया। अंधड़ के कारण पेड़ गिरने से लोहाघाट व आसपास के ग्रामीण क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था चरमरा गई। पाटी के डुंगराकोट गाँव में हुए अग्निकांड में एक दुमंजिला भवन जल कर राख हो गया। गैरसैंण में राजधानी सहित तीन सूत्रीय माँगों को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल के कार्यकर्ताओं ने टनकपुर में प्रदर्शन किया।
उधमसिंह नगर
काशीपुर जिला बनाओ आंदोलन की संस्था फैज-ए-आम ने चार नए जिलों के गठन के बारे में शासनादेश रद्द किये जाने का स्वागत किया। पूर्व दर्जा राज्य मंत्री विजय मंडल ने किरण मंडल के कांग्रेस में शामिल होने की अटकलों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि यह न केवल भाजपा के साथ विश्वासघात होगा, वरन् जन भावनाओं का भी निरादर होगा। सितारगंज में नाराज भाजपाइयों ने किरण मंडल का पुतला फूँका। बाजपुर क्षेत्र के ग्राम भोना इस्लामनगर के निविसियों ने अवैध शराब के विरोध में कोतवाली में जम कर हंगामा किया और जिम्मेदार लोगों को पकड़ने की मांग की। किच्छा में कोतवाली क्षेत्र में दो लोगों के शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। रुद्रपुर में 24 साल की युवती की करेंट लगने से मौत हो गई। रेलवे स्टेशन के समीप मजदूरों की बस्ती में आग लगने से सात झुग्गियाँ राख हो गईं और एक मासूम की मौत हो गई। बाजपुर में क्रिकेट मैच के दौरान विवाद ने शाम होते-होते ऐसा रूप ले लिया कि दो पक्षों के बीच फायरिंग हो गई। अघोषित बिजली कटौती से नाराज भाजपा कार्यकर्ताओं ने डी.जी.एम कार्यालय पर प्रदर्शन कर तीन अफसरों का घेराव किया। बाजपुर के समीप ग्राम भट्टीपुर में गड्ढे में भरे पानी में डूबने से दो वर्ष की बच्ची की मौत हो गई।
हरिद्वार
वाणिज्य कर विभाग ने हरिद्वार और देहरादून में खाना सप्लाई करने वाली 8 कम्पनियों के परिसर में छापा मार कर छह करोड़ रु. से अधिक की कर चोरी पकड़ी है। अवैध संबंधों के चलते पत्नी ने शादी के चार माह बाद ही अपने प्रेमी के साथ मिल कर पत्नी की हत्या कर दी। केन्द्रीय मंत्री हरीश रावत ने भाजपा विधायक किरन मंडल की कांग्रेस से नजदीकियों के बारे में पूछे जाने पर कहा कि किरन मंडल भाजपा की नीतियों से खुश नहीं रहे तो इसमें कांग्रेस का कोई दोष नहीं है। पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने कांग्रेस सरकार द्वारा पिछली तबादला नीति को रद्द करने पर कहा कि कांग्रेस सरकार ने भ्रष्टाचार व अनियमितता के दरवाजे खोले हैं। झरबेड़ा से बहादराबाद आई बारात को रास्ते में रोक कर दो लाख रु. के जेवर व 22 हजार रु. की नकदी लूट ली गई। घटना में दूल्हे के पिता व भाई घायल हो गए।
देहरादून
नव नियुक्त भाजपा विधायक दल के नेता अजय भट्ट के सम्मान में आयोजित समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री खंडूरी तबादला नीति को लेकर कांग्रेस सरकार के रुख पर जम कर बरसे। ऋषिकेश से 35 किलोमीटर दूर व्यासी के पास चार धाम यात्रा से लौट रही एक बस के गंगा में समा जाने से 30 यात्रियों की मौत हो गई और 17 घायल हो गए। प्रतिपक्ष के नेता अजय भट्ट ने मौके का दौरा कर राज्य सरकार के सुरक्षा और राहत उपायों की आलोचना की। विकासनगर क्षेत्र में चैहड़पुर रेंज के मोरना के जंगल में लगी आग के आबादी की तरफ बढ़ने से ग्रामीणों के पसीने छूट गए। दमकल वाहन के प्रयासों से आग को नियंत्रित किया जा सका। मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने लोकगायक कबूतरी देवी को 50 हजार रु. की सहायता देने तथा अस्पताल के डाक्टरों को उनका निःशुल्क इलाज करने का निर्देश दिया। चाय बागान कर्मचारियों ने सचिवालय के बाहर प्रदर्शन कर मजदूरी की दरों में वृद्धि की माँग की। जन संघर्ष मोर्चा ने मिट्टी के तेल व ए.पी.एल चावल में कटौती के विरोध में प्रदर्शन किया। देवभूमि महासभा ने प्रदर्शन कर जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया और 15 दिनों के भीतर स्थानीय समस्याओं का समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। त्यूणी से प्राप्त सूचना के अनुसार लाखामंडल में दो दिवसीय पर्वतीय सांस्कृतिक महोत्सव बिस्सू का धूमधाम केे साथ आयोजन किया गया। स्कूटर पर स्कूल जा रहे प्राथमिक स्कूल के एक शिक्षक को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। ऋषिकेश में एक अज्ञात युवक को विषपान के बाद सड़क के किनारे मृत पाया गया। रायवाला में एक युवती ने चुन्नी से फंदा बना कर आत्महत्या कर ली। मैसानिक लाॅज ऋषिकेश मार्ग पर कार दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। कालसी ब्लाक में कामला ग्राम पंचायत क्षेत्र में अज्ञात बीमारी से 23 बकरियों की मौत हो गई।
टिहरी
मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने कोटी कालोनी में आयोजित एक सभा में वहाँ विश्व स्तरीय साहसिक खेल अकादमी स्थापित करने की घोषणा की। उन्होंने टिहरी झील को पर्यटन से जोड़ने की 250 करोड़ रु की केन्द्र सरकार की परियोजना की जानकारी भी दी। जाख डोबरा मोटर मार्ग के डामरीकरण सहित बाँध प्रभावितों की समस्याओं के जल्द समाधान की माँग को लेकर डोबरा में जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने धरना दिया। क्षेत्र पंचायत जौनपुर थत्यूड़ की बैठक में सड़क का मुआवजा न दिये जाने का मुद्दा जोर-शोर से उठाया गया। कोट ब्लॉक के बजोण गाँव में पानी को लेकर हुई मारपीट में राजस्व पुलिस प्रह्लाद सिंह को गिरफ्तार किया।
उत्तरकाशी
पुरोला में पुलिस हिरासत से छूटने के तत्काल बाद एक युवती की मौत हो जाने से गुस्साये परिजनों ने पुलिस चैकी में तोड़फोड़ की। डुण्डा प्रखंड के कुराह गाँव में 10 वर्षीय विपुल की बिजली के झूलते तार की चपेट में आ जाने से मृत्यु हो गई। यमुनोत्री धाम में एक माह के भीतर छः यात्रियों की दिल का दौरा पड़ने से मृत्यु हुई है स्थानीय स्तर पर ऊनी वस्तुओं और रिंगाल के उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गंगोत्री के विधायक विजयपाल सिंह सजवाण ने जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण कर बदइंतजामी पर गहरी नाराजगी प्रकट की। उक्रांद कार्यकर्ताओं ने निर्माणाधीन पाला-मनेरी और लोहारी नागपाल जल-विद्युत परियोजनाओं को चालू करने की माँग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन प्रेषित किया।
पौड़ी गढ़वाल
पोखरा विकास खंड के ग्राम पाटल्यू के पास जंगल में लगी आग में झुलसी महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। कोटद्वार जिला घोषित करने के बारे में शासनादेश रद्द होने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने रोष प्रकट किया। अनुसूचित जनजाति बोक्सा बस्ती शिवराजपुर की महिलाओं ने शराब विरोधी मुहिम के तहत रैली निकाली। प्रखंड एकेश्वर के अन्तर्गत तोक ग्राम नौखंडी में आदमखोर गुलदार ने एक मासूम को निवाला बना लिया। तिलवाड़ा के पास ग्राम कांडी क्षेत्र में महिलाओं ने शराब से लदा हुआ एक ट्रक वापस खदेड़ दिया। कोटद्वार गुमखाल मोटर मार्ग पर ग्राम भदालीखाल के पास हुई सड़क दुर्घटना में महिला ग्राम प्रधान कल्पना देवी की मौत हो गई। लैंसडौन वन प्रभाग की कोटड़ी रेंज में कोल्हू नदी स्थित हाथी कुंड में डूबे युवक का शव बरामद हो गया।
रुद्रप्रयाग
रुद्रप्रयाग से केदारनाथ जा रही तीर्थयात्रियों से भरी बस पर पेड़ गिरने से परिचालक व दो यात्रियों की मौत हो गई तथा 12 अन्य लोग घायल हो गए। गौरीकंुड में यात्रा ड्यूटी पर तैनात एक पटवारी की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। केदारनाथ यात्रा पर गई एक महिला की अचानक तबियत बिगड़ने से मौत हो गई। इस बार केदारनाथ यात्रा पर मरने वालों की संख्या 17 हो गई है। चार नेपाली युवकों ने पोस्टमैन को बंधक बना कर दो लाख रु. लूट लिये। वाहनों की कमी से तीर्थ यात्री व अन्य यात्री भारी परेशानी का सामना कर रहे हैं।
चमोली
गोपेश्वर से प्राप्त समाचार के अनुसार अप्रैल में विकास खंड घाट के ग्राम लाखी के ग्राम प्रधान की हत्या के आरोप में दिलबरी नामक शिक्षक को गिरफ्तार किया गया है। अनुसूचित जाति की भूमिहीन बेरोजगार वृद्धा दस वर्ष पूर्व उसके पुत्र अर्जुन लाल की नन्दप्रयाग में हुई हत्या की प्राथमिकी दर्ज करने व जाँच की माँग को लेकर गोपेश्वर में जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गई। कर्णप्रयाग क्षेत्र में प्रदेश के शिक्षा, पेय जल व कृषि मंत्री मंत्रीप्रसाद नैथानी के भ्रमण के दौरान लोगों ने उन्हें क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी दी। सिमली क्षेत्र में बढ़ते अवैध शराब के कारोबार के विरोध में महिला मंगल दल व युवक मंगल दल के सदस्यों ने एक अभियान आरंभ कर दिया। कर्णप्रयाग में देवी मां चंडिका के बन्याथ यात्रा के दौरान शिवाई गाँव के पास अलकनन्दा नदी के तट पर पौराणिक परम्पराओं का निर्वाह करते हुए समुद्र मंथन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कर्णप्रयाग में नगर पंचायत ने दो दिवसीय कर्ण महोत्सव का आयोजन किया। बदरीनाथ नेशनल हाई वे पर उमट्टा में हाई टेंशन तार पर पेड़ के गिर जाने से जिले भर की आपूर्ति 18 घंटे तक ठप रही। जोशीमठ के पास अणिमठ के जंगल में नेपाली मूल के किसी अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। जंगल में झूला घास लेने के लिए गए धूनी गाँव के एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। तूफान से क्षतिग्रस्त होने वाली विद्युत लाइन के महीनों तक भी ठीक ने होने से नाराज ग्रामीणों ने जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।