इस बार की गर्मियों में लगातार वर्षा से जंगलों में लगने वाली आग भी थम गई।
पर्यावरण मंत्रालय की वन सलाहकार समिति ने 1,150 मेगावट की उत्तराखंड की तीन बिजली परियोजनाओं के लिए वन भूमि न देने की सिफारिश कर इनके भविष्य पर सवाल खड़े कर दिये हैं।
राज्य सरकार ने अपनी महिला कर्मचारियों को पूरे सेवाकाल में दो साल का बाल्य देखभाल अवकाश देने का फैसला किया है।
नैनीताल
राज्यपाल माग्ररेट अल्वा ने नैनीताल राजभवन की इमारत को ऐतिहासिक स्मारक भवन घोषित करने की जरूरत बताई है ताकि भविष्य में इसकी देखरेख के लिए धन की कमी आड़े न आए।
हल्द्वानी के पत्रकार राजेश सरकार द्वारा सूचना के अधिकार अधिनियम के तहत मांगी गई जानकारी में टालमटोल होने पर की गई अपील में मुख्य सूचना आयुक्त नृप सिंह नपलच्याल ने गृह विभाग के लोक सूचना अधिकारी के वेतन से 5000 रु का जुर्माना काटने का आदेश दिया।
बेतालघाट में कोसी के रौखड़ में एक अज्ञात युवती की लाश मिली। उसकी हत्या के बाद तेजाब डाल कर चेहरा विकृत करने का प्रयास किया गया था।
रामगढ़ में पहला हाट बाजार खोलने के लिए प्रशासन ने 22.5 लाख रु अवमुक्त किये हैं। इससे काश्तकारों को मशरूम और फलों के वाजिब दाम मिलने की उम्मीद है।
लालकुआँ में बरेली की एस.ओ.जी. टीम ने छापा मार कर एक स्थानीय भाजपा नेता और उसके दामाद को वाहन चोरी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
मोदी कप हाकी प्रतियोगिता के फाइनल में कुमाऊँ मंडल विकास निगम की टीम ने फंटूष क्लब को 5-2 से हरा कर ट्राफी पर कब्जा कर लिया।
थल सेनाध्यक्ष जनरल वी. के. सिंह ने नैनीताल में सूर्या सेलिंग रेगाटा प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।
अल्मोड़ा
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में प्रदेष भाजपा अध्यक्ष बिशन सिंह चुफाल ने राज्य सभा सदस्य तरुण विजय द्वारा खींचे गए सीमांत इलाकों के चित्रों की प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।
सोमेश्वर में मनसारीनाला तल्ला कत्यूर विकास समिति का पाँच सूत्रीय माँगों को लेकर क्रमिक अनशन 10 दिन से चल रहा है।
पंचायती राज मंत्री राजेन्द्र सिंह भंडारी ने पंचायती राज व्यवस्था को सफल बनाने के लिए तदनुरूप कार्य संस्कृति अपनाने पर जोर दिया है।
जैंती क्षेत्र में दो गोशालाओं को आग लगाने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
रानीखेत में चौकुनी के पास एक कार में लांस नायक दिनेश सिंह व एक अन्य व्यक्ति राम सिंह के शव पाये जाने से क्शेत्र में सनसनी फैल गई।
तल्ला सल्ट में काठ की नाव के पास कुछ लोगों ने एक स्कार्पियो को आग लगा दी।
रानीखेत में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के अभियान के तहत पुलिस द्वारा चालान काटने का सिलसिला जारी है।
पिथौरागढ़
उत्तराखंड लोक वाहिनी, महिला मंच और चेतना अंदोलन के तत्वावधान में जल, जंगल और जमीन को बचाने और गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने के लिए अल्मोड़ा से आरंभ की गई जनजागरण यात्रा पिथौरागढ़ पहुँची।
नगर के रई क्षेत्र में भवन निर्माण के दौरान बिजली लाइन की चपेट में आने से बहराईच निवासी एक युवा मजदूर की मौत हो गई।
जन समस्याओं का समाधान न होने से क्षुब्ध पाताल भुवनेश्वर निवासियों ने विधान सभा चुनाव के बहिष्कार की धमकी दी है।
कनालीछीना तहसील बनाओ संघर्ष समिति ने तवाघाट-टनकपुर रोड पर यातायात रोक कर अपना विरोध प्रकट किया।
बेरीनाग विकास खंड के अन्तर्गत नाचनी क्षेत्र में आधा दर्जन गाँवों में उल्टी दस्त का प्रकोप फैल गया।
कैलास मानसरोवर यात्रियों का दूसरा दल 11 जून को तीसरे पैदल पड़ाव बूँदी पहुँचा।
गंगावली जिले की माँग को लेकर गांगोलीहाट में अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन जारी है।
जिला सहकारी बैंक मुख्यालय परिसर में कर्मचारियों ने बैंक को कोर बैंकिंग सेवा से जोड़ने और वेतन वृद्धि की माँग को लेकर धरना-प्रदर्शन किया।
अमर प्रेम कथा राजुला-मालूशाही पर प्रस्तावित फिल्म का छायांकन मल्ला जोहार और दारमा से लेकर चौखुटिया-द्वाराहाट के बीच करने की तैयारी चल रही है।
वड्डा में हुड़कना के पास नाले में 13 वर्षीय रोबिन सिंह की पानी में डूबने से मौत हो गई।
गोरीगंगा नदी में बह गए एक युवक का शव पाँच दिन बाद 15 किमी. दूर सुनखोली के पास काली नदी में मिला।
बागेश्वर
केन्द्र सरकार द्वारा आरक्षण में कटौती का खिलाफ बाल्मीकि कल्याणकारी महासभा ने नगर में जुलूस निकाल कर प्रदर्शन किया।
अल्मोड़ा से बागेश्वर की तरफ जा रही एक अल्टो कार के 60 फुट नीचे जा गिरने से चालक सहित छः लोग घायल हो गए।
राज्य जल नीति प्रारूप समिति के अध्यक्ष सच्चिदानन्द भारती ने जल स्रोतों के संरक्षण व संवर्द्धन के लिए विभिन्न विभागों से सुझाव लिए।
चिकित्सा मंत्री बलवंत सिंह भौर्याल ने बागेश्वर में बृहत् विकलांग शिविर को संबोधित करते हुए विभागीय अधिकारियों से सरकारी कल्याण योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुँचाना सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी चंद्र सिंह नपलच्याल ने मनरेगा कार्यक्रम में ढिलाई पर नाराजगी प्रकट करते हुए कार्यदायी संस्थाओं को गुणवत्ता सुधार न होने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
चंपावत
प्रदेश की राजधानी गैरसैंण में बनाने की माँग को लेकर अनशन कर रहे कमांडर त्रिलोक सिंह बोहरा ने उत्तराखंड क्रांति दल नेता बसंत सिंह तड़ागी के हाथों जूस पी कर अनशन स्थगित कर दिया।
असाध्य रोग चिकित्सा शिविर हल्द्वानी और आवाज संगठन के सहयोग से चल रहे प्राकृतिक चिकित्सा शिविर में सैंकड़ों लोग पहुँचे।
राजस्व और कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने टनकपुर-बनबसा में खाद व बीज की अनेक दुकानों में छापे डाले।
पाटी में महिलाओं ने अवैध शराब के खिलाफ अभियान चला कर चार लोगों को तीन दर्जन पव्वों सहित दबोचा।
लोहाघाट से पाँच किलोमीटर दूर सुई पऊ के किसान उर्बादत्त चौबे ने पॉली हाउस में बेमौसमी सब्जी उगा कर अच्छा मुनाफा कमाने का उदाहरण पेश किया।
पालिकाध्यक्ष टनकपुर के साथ बातचीत के बाद सफाई कर्मचारी तीन दिन से चल रहा कार्य बहिष्कार आंदोलन छोड़ कर काम पर लौट आए।
पूर्णागिरी मार्ग पर ठूलीगाड़ के पास एक 30 वर्षीय युवक का शव बरामद हुआ।
रीठा साहिब थाना क्षेत्र के अन्तर्गत ब्यानधुरा मंदिर के पास भी एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ।
उधमसिंह नगर
लम्बी प्रतीक्षा के बाद पंतनगर से दिल्ली के बीच विमान सेवा आरंभ हो गई। किंग फिशर की यह उड़ान सेवा फिलहाल सप्ताह में चार दिन उपलब्ध है।
परिवहन निगम की बस में जहखुरानों ने दो यात्रियों से 40 हजार रु की नकदी और सामान लूट लिया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष पुष्कर राज और प्रदेश अध्यक्ष कालिका प्रसाद काला की उपस्थिति में जनपद में पी.यू.सी.एल. की इकाई का गठन किया गया।
बंधे से हाथीकुंडा-छोई मार्ग पर खनन वाहनों के अत्यधिक आवागमन से नाराज ग्रामीणों ने मार्ग पर जाम लगा दिया।
किच्छा में मोटर साइकिल पर सवार युवकों ने दो महिलाओं को रोक कर आठ तोला सोने के आभूषण लूट लिए।
दिनेशपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बंगाली समुदाय की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री का पुतला फूँका।
जल प्रबंधन कार्यशाला में पन्तनगर विवि के कुलपति डॉ. बी.एस. बिष्ट ने भूजल के गिरते हुए स्तर और प्रदूषण की चुनौतियों से आगाह किया।
खटीमा में गन्ना किसानों ने तहसील में प्रदर्शन कर 10 करोड़ रु की बकाया राशि का शीघ्र भुगतान करने की माँग की।
बाजपुर में गांव गणेश नगर में पानी की निकासी को लेकर हुए संघर्ष में दो पक्षों के सात लोग घायल हो गए।
शक्ति फार्म में मवेशियों को मच्छरों से बचाने के लिए पंखा लगा रहे 65 वर्षीय राम प्रसाद की करेंट लगने से मौत हो गई।
देहरादून
राष्ट्रपति प्रतिभा देवी भारतीय सैन्य अकादमी की दीक्षान्त परेड में सलामी लेने के लिए राजधानी पहुँचीं और 26 घंटे के प्रवास के बाद दिल्ली लौट गईं। परेड के बाद 546 कैडेट सेना में शामिल किये गए।
थल सेनाध्यक्ष जनरल वी. के. सिंह ने मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट की।
आयकर विभाग की छानबीन में बिजली के कारोबार में लगे व्यापारियों की 90 लाख रु की अघोषित आय का पता चला।
अखिल भारतीय प्रवासी उत्तराखंडी संस्थाओं के दो दिवसीय महापंचायत में उत्तराखंड राज्य गठन के 10 साल बाद भी विकास न होने और पलायन न रुकने पर निराशा प्रकट की गई।
ऋषिकेश में नरेन्द्र नगर को जिला बनाने की माँग को लेकर धरना दिया गया।
राफ्टिंग करते हुए दिल्ली के 24 वर्षीय साफ्टवेयर इंजीनियर की मौत हो गई।
सुबह की सैर पर निकले एक उद्योगपति रामबाबू गोयल को एक हाथी ने कुचल कर मार डाला।
एक 40 वर्षीया महिला डाक्टर ने जहर का इंजेक्शन लगा कर आत्महत्या कर ली।
डोईवाला के पास माजरी ग्रांट ग्राम सभा की दुनाली नहर से दो साल की बच्ची का शव मिला।
चकराता से त्यूणी जा रही स्कार्पियो के खाई में गिर जाने से छः लोगों की मौत हो गई।
मसूरी में गनहिल रोपवे का किराया बढ़ाए जाने के विरोध में व्यापारियों ने प्रदर्शन किया।
पर्वतीय विकास मंच डांडा द्वारा आयोजित सांस्कृतिक गीत संध्या में जौनसारी संस्कृति की छटा बिखेरी गई।
चमोली
गुरुद्वारा हेमकुंड साहिब और हिन्दुओं के आराध्य लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाट पहली जून को गुरु ग्रंथ साहिब के पाठ व मंत्रोचार के बीच खुले।
गैरसैंण विकास खंड के भल्सों गांव में गुलदार ने एक व्यक्ति पर हमला कर उसे बुरी तरह से घायल कर दिया।
राजकीय इंटर कालेज उर्गम में गौरा देवी पर्यावरण, पर्यटन विकास मेले का आयोजन किया गया।
हेमकुंड यात्रा पर आए श्रद्धालुओं ने पीपलकोटी में जमकर उत्पात मचाया। जीप व मोटरसाइकिल की टक्कर से उपजे विवाद में श्रद्धालुओं ने जीप चालक व स्थानीय लोगों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। चमोली के कोतवाल ने पुलिस के साथ मौके पर पहुँच कर हुड़दंगियों पर काबू पाया। चार लोगों को हिरासत में लिया गया।
ऋषिकेश-बदरीनाथ राजमार्ग पर श्रीनगर व रुद्रप्रयाग के बीच सिरोबगड़ में भारी मात्रा में मलबा आ जाने से मार्ग बंद हो गया और दोनों तरफ तीन हजार से अधिक वाहन फँस गए।
जोशीमठ के पास चालक की लापरवाही से यात्रियों से भरा हुआ एक टैम्पो ट्रैवलर खाई में जा गिरा। 18 यात्री घायल हो गए।
विस्थापन की माँग को लेकर अनशन कर रहे चार में से तीन अनशनकारियों की हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
उत्तरकाशी
श्री बदरीनाथ एवं केदारनाथ मंदिर समिति की समीक्षा बैठक में बताया गया कि यात्रा के पहले महीने में ही साढ़े छः लाख लोगों ने पवित्र धाम के दर्शन किये।
भाजपा में वापसी के बाद उमा भारती गंगोत्री पहुँच कर गंगा दशहरा कार्यक्रम में शामिल हुईं।
डुण्डा से प्राप्त समाचार के अनुसार पुलिस ने चंडीगढ़ ब्रांड की शराब की 192 बोतलों के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया।
भारी वर्षा के कारण जनपद में अनेक घरों में पानी घुस गया और नकदी फसलों को नुकसान पहुँचा।
कोलकाता के पर्यटकों को उत्तरकाशी से केदारनाथ ले जा रहे तीन हेलीकाप्टरों को आपात परिस्थितियों में मनेरी स्टेडियम में इमरजेंसी लेंडिंग करनी पड़ी।
पुरोला में कमल नदी के तट पर आयोजित सत्संग में प्रवचन करते हुए आसाराम बापू ने कहा कि उत्तराखंड के कण-कण में भगवान हैं।
पौड़ी
कोटद्वार में बालाजी मंदिर सेवक समिति के तत्वावधान में वार्षिकोत्सव के अवसर पर शोभा यात्रा निकाली गई।
लैंसडौन में छावनी परिषद ने नगर में अवैध रूप से लगाये गए बोर्ड और होर्डिंग हटाये।
आरक्षण बचाओ मंच ने अनुसूचित जाति के कोटे से दलित मुस्लिम व दलित ईसाइयों को आरक्षण देने का विरोध करते हुए तहसील परिसर में धरना दिया।
अधिकांश वाहनों के चार धाम यात्रा में लग जाने से स्थानीय लोग पैदल हो गए हैं। श्रीनगर जल विद्युत परियोजना में निर्माण कार्य शुरू करवाने के लिए अनशन पर बैठे माधव प्रसाद पाण्डे और बद्री प्रसाद पाण्डे को पुलिस ने जबरन उठा लिया।
धारी देवी मंदिर के सौंदर्यीकरण और जल विद्युत परियोजना का काम रोके जाने के विरोध में लोगों ने केन्द्रीय पर्यावरण मंत्री व बाँध विरोधियों के पुतले फूँके।
धामधार प्रकरण में मुकदमे वापस लेने और वन कानूनों को लचीला बनाये जाने की माँग को लेकर जन अधिकार संयुक्त समिति के बैनर तले ग्रामीणों ने पौड़ी-दिल्ली राजमार्ग में जाम लगा कर विरोध दर्ज कराया।
रुद्रप्रयाग
जिला पंचायत उपाध्यक्ष किशोरी नन्दन डोभाल ने सरकार से पंचायत प्रतिनिधियों के लिए शीघ्र ही मानदेय सुविधा लागू करने की मांग की।
पर्यटन विभाग जिले में छः ट्रैकिंग रूट विकसित करेगा ताकि देशी विदेशी पर्यटकों को इस तरफ आकर्षित किया जा सके।
लगभग 100 किलोमीटर लम्बाई वाले इन रूटों को सभी प्रकार की आवश्यक सुविधाओं से जोड़ा जाएगा।
इस साल जिला पंचायत ने केदारनाथ यात्रा से एक माह में ही 76 लाख रु की आय प्राप्त की।
केदारनाथ के दर्शनों के लिए आए मध्य प्रदेश के मुख्य मंत्री शिवराज सिंह चौहान का हेलीकाप्टर खराब मौसम के कारण दो दिन तक फाटा से उड़ान नहीं भर सका।
टिहरी
विश्वनाथ जगदीशिला डोली यात्रा का समापन पूजा अर्चना एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन नीलाछाड़ सौड़ में सम्पन्न हुआ।
भिलंगना प्रखंड के नैलचामी गाँव मंज्याडी में बारात में आए दो दर्जन से अधिक बच्चे विषाक्त भोजन से बीमार हो गए।
बाँध प्रभावित थौलधार प्रखंड के तिवाड़ गाँव के लोग क्रमिक अनशन पर बैठ गए।
नैनबाग ब्लाक कमेटी ने रवाँल्टा, जौनपुरी समुदाय को ओ.बी.सी. श्रेणी में शामिल किये जाने पर कांग्रेस हाई कमान को बधाई दी।
पेयजल मंत्री प्रकाश पन्त ने कहा कि प्रत्येक भवन स्वामी को जल संग्रह के लिए टैंक निर्माण हेतु वित्तीय सहायता दी जाएगी।
रेत से भरा एक ट्रक टिहरी झील में गिर जाने से चालक की मौत हो गई।
राष्ट्रीय पांडुलिपि सर्वेक्षण कार्यक्रम के तहत देवप्रयाग विकास खंड में 200 से अधिक दुर्लभ पांडुलिपियों का पता चला है।
देवप्रयाग से सटे बिचला ढ़ांगू में भालू के हमले से 42 साल की अहिल्या देवी घायल हो गई।
हरिद्वार गंगा दशहरे के अवसर पर 15 लाख श्रद्धालुओं ने गंगा में गोता लगाया।
स्नान के लिए आए देहरादून के 42 साल के वीर बहादुर की बह जाने से मौत हो गई।
राजाजी राष्ट्रीय पार्क के चिल्लावाली रेंज में रह रहे 52 गुर्जर परिवारों को पार्क प्रशासन ने पार्क खाली करने का अल्टिमेटम दिया है।
आर्ट आफ लिविंग के संस्थापक आचार्य रत्नानंद की अस्थियाँ उनके पुत्र श्री श्री रविशंकर ने वैदिक मंत्रोचार के बीच गंगा में विसर्जित कीं।
रोडवेज की बस व ट्रक की भिड़ंत में एक यात्री की मौत हो गई।
सिडकुल क्षेत्र में एक टैम्पो के पलट जाने से चालक की मौत हो गई।
रुड़की के झबरेड़ा थाने के अन्तर्गत एक प्रेमी युगल ने जहर खा कर जान दे दी।
जमीन संबंधी विवाद के चलते एक चाचा ने अपने भतीजे को गोली मार दी।
रुड़की में बस स्टैंड के पास रोडवेज की एक बस ने एक महिला को कुचल डाला।