गर्मी ने इस साल पहाड़ों में भी सभी कीर्तिमान ध्वस्त कर दिये हैं। पर्यटकों और तीर्थयात्रियों से पहाड़ अँटा पड़ा है। छोटे-छोटे कस्बे भी घंटों जाम से जूझते रहते हैं। जगह-जगह पेयजल का संकट पैदा हो रहा है और लगभग सर्वत्र जंगल भी जल रहे हैं। विधानसभा में एक प्रश्न के उत्तर में बताया गया कि इस साल अब तक 1409.39 हेक्टेयर वन क्षेत्र आग से प्रभावित हुआ है, जबकि 2004 में सर्वाधिक 4850 हेक्टेयर वन क्षेत्र आग से प्रभावित हुआ था। वित्त मंत्री इंदिरा हृदयेश ने राज्य का वर्ष 2012-13 का और अपना पहला बजट पेश किया जो कि विकास का रास्ता कम बताता है और सरकार की राजनीतिक मंशा को अधिक प्रकट करता है। पाँच जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने 15 दिनों के भीतर राज्य में पॉलीथीन बैग के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की घोषणा की। कोटद्वार विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र से पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चन्द्र खंडूड़ी की हार की पड़ताल के बाद अनुशासन कार्रवाही करते हुए भाजपा ने पूर्व विधायक शैलेन्द्र सिंह रावत सहित आठ लोगों को पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए निष्कासित कर दिया। राज्य के अनेक इलाकों में रसोई गैस की आपूर्ति बाधित रहने से लोगों में रोष व्याप्त रहा।
नैनीताल
नैनी झील के पानी का स्तर गिरने का क्रम जारी है। लोग अब बेकरारी से मानसून का इन्तजार कर रहे हैं। दावाग्नि से कॉर्बेट पार्क क्षेत्र में बाघ के तीन बच्चे भी जल कर मर गये। हल्द्वानी में बहन के घर रह रहे नेपाली युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव सड़क के किनारे पड़ा हुआ पाया गया। वन निगम में अकाउंटेंट का शव उनके निवास के निकट ही छोटी नहर में मिला। पति की बेवफाई से परेशान एक बरेली निवासी महिला ने भीमताल झील में कूद कर जान दे दी। हल्द्वानी के एक अस्पताल में गंभीर रूप से बीमार पड़ी, ‘कुमाऊँ की तीजनबाई’ कही जाने वाली लोकगायिका कबूतरी देवी के इलाज में सरकार द्वारा कोई रुचि न लिये जाने से ‘इंडिया अगेन्स्ट करप्शन’ के सदस्यों ने आक्रोश व्यक्त किया है।
अल्मोड़ा
मूलतः दौलाघट के निकट लक्ष्मीपुर गाँव के रहने वाले देवेन्द्र कुमार जोशी के भारतीय नौसेना प्रमुख चुने जाने पर सर्वत्र उल्लास का माहौल है। नगरपालिका के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण अल्मोड़ा नगर में गंदगी एकत्र होने से नागरिक बहुत परेशानी में रहे। नगर में पेयजल की कमी के चलते प्रशासन ने टुल्लू पम्प लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाही करने का निर्णय किया। रानीखेत में राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिक प्रदर्शनी एक्सपो-2012 का उद्घाटन करते हुए सांसद के.सी.सिंह बाबा ने कहा कि भविष्य के खतरों से निबटने के लिए वैज्ञानिक सोच जरूरी है। काकड़ीघाट के पास एक युवक के कोसी के भँवर में फँस कर डूब जाने से मौत हो गई। वह अपने दो दोस्तों के साथ बारात में अल्मोड़ा जाते हुए बीच में कोसी में नहाने के लिए रुका था। रानीखेत व आसपास के इलाकों में पेयजल संकट के चलते टैंकरों से पानी लेने के लिए लम्बी-लम्बी लाइनें लग रही हैं।
बागेश्वर
बागेश्वर के निकट जंगलों में लगी आग व अंधड़ की चपेट में आने से 78 वर्षीय राम सिंह राणा जिंदा जल गये। बागनाथ मंदिर समिति ने अब बागेश्वर के घाटों की भी सफाई करने का फैसला किया है। जिलाधिकारी डॉ. वी. षणमुघम ने पॉलीथीन के उपयोग को हतोत्साहित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। एक माह पूर्व कांडा तहसील के धराड़ी गाँव से लापता हुई विवाहिता युवती दीपा माजिला के माँ-बाप ने दहेज के लिये उसकी हत्या किये जाने की आशंका जताई है। 500 हेक्टेयर भूमि की सिंचाई करने वाली द्यांगण नहर का रखरखाव सिंचाई विभाग द्वारा न किये जाने से परेशान ग्रामीणों ने स्वयं ही नहर की सफाई करनी शुरू कर दी है। भूमि संरक्षण अधिकारी हर्ष सिंह मुस्यूनी ने तैलीहाट गाँव में पहाड़ी लौह हल का शुभारंभ किया।
पिथौरागढ़
विधायक मयूख महर ने विधानसभा से वॉक आऊट कर उत्तराखंड में एक नया इतिहास बनाया। भारतीय उद्यमिता विकास संगठन ने पिथौरागढ़ में 45 दिवसीय मोबाइल रिपेयरिंग प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया। उत्तराखंड आशा हैल्थ वर्कर्स यूनियन की मूनाकोट ब्लाक इकाई की अध्यक्ष नीमा नगरकोटी की सड़क दुर्घटना में मौत की सूचना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। प्रदेश में चार निजी विश्वविद्यालयों को मंजूरी दिये जाने पर आइसा ने रोष प्रकट किया है। कीड़ा जड़ी के दोहन के लिए छिपलाकोट गए एक ही गाँव के नौ युवक आकाशीय बिजली गिरने से घायल हो गए। गंगोलीहाट में खेतों में काम कर रहे एक वृद्ध को गुलदार ने हमला कर घायल कर दिया। धारचूला में ड्रिलिंग के दौरान पत्थर गिर जाने से एक मजदूर की मौत हो गई।
चंपावत
पंचेश्वर में नहाते समय दो व्यवसायियों के बह जाने से चंपावत में शोक की लहर छा गई और बाजार बंद रखे गए। लोहाघाट में नगर पंचायत अध्यक्ष व सभासदों ने पानी व गैस की समस्या को लेकर एस.डी.एम. का घेराव किया। सुई पऊ के मस्टा मंदिर में क्षेत्र व विश्व शांति के लिये 22 दिनी जागर चल रहा है, जिसमें देव डांगरों के शरीर में देवता अवतरित हो रहे हैं। तल्लादेश के मंच क्षेत्र के लोगों ने अवैध कटान पर अंकुश लगाने के लिये गुरु गोरखनाथ की धूनी वाली पहाड़ी को पाँच वर्ष के लिये गुरु गोरखनाथ को समर्पित कर दिया है। 29 जून से होने वाला पाँच दिवसीय देवीधार महोत्सव भव्य रूप से मनाया जायेगा। शैलेश मटियानी पुरस्कार प्राप्त जी.आई.सी लोहाघाट के विज्ञान शिक्षक गौरीशंकर जोशी दो घंटे गरीब छात्रों को निशुल्क पढ़ाते हैं।
उधमसिंह नगर
मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा के भाजपा विधायक किरण मंडल के इस्तीफे से खाली हुई सितारगंज सीट से विधानसभा चुनाव लड़ने की खबरों से राजनीतिक गतिविधियाँ तेज हो गई हैं। बसपा से निष्कासित कर दिये गये पूर्व विधायक नारायण पाल ने भी बहुगुणा का समर्थन करने की घोषणा की है। बजाज की वेंडर इकाई एलजीबी के श्रमिकों ने प्रबंधन पर हठधर्मिता का आरोप लगाते हुए हड़ताल शुरू कर दी है। रुद्रपुर में डंपर द्वारा टक्कर मारे जाने से साइकिल सवार 50 वर्षीय बाबूराम की मौत हो गई। शिमला बहादुर निवासी 26 वर्षीय पीयूष की संदिग्ध अवस्था में अचानक मौत हो गई। काशीपुर में एक महिला की संदिग्ध हालत में ट्रेन से कट कर मौत हो गई। ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आने से एक 22 वर्षीय बाइक सवार युवक कासिम की मौत हो गई। चंपावत निवासी 62 साल के टीकाराम शर्मा की एक ट्रक द्वारा कुचले जाने से मौत हो गई। जसपुर में रुपयों के लेनदेन में विवाद के चलते एक महिला शबाना परवीन की उसके जीजा ने हत्या कर दी।
हरिद्वार
लक्सर में रेलवे यार्ड में मालगाड़ी की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। लक्सर-रायसी मार्ग पर एक बाइक फिसलने से एक महिला की मौत हो गई जबकि उसका पुत्र घायल हो गया। दिल्ली हरिद्वार हाईवे पर एक टूरिस्ट बस द्वारा कुचले जाने से एक काँवडि़ये की मौत हो गई। मंगलौर में ठसका तिराहे के पास सड़क दुर्घटना में घायल हुई एक बालिका की उपचार के दौरान मौत हो गई। रुड़की में सोलह वर्षीय किशोर के हाथों से गोली चल जाने के कारण उसकी माँ की मृत्यु हो गई। शव का अंतिम संस्कार करने का प्रयास पुलिस ने विफल कर मामले की जाँच शुरू कर दी है। रिक्शे से घर लौट रही युवती को सम्मोहित कर उसके कानों के कुंडल लूट लिये गये। युवती रुड़की रोडवेज बस स्टेशन पर बदहवास हालत में मिली। तीन माह पूर्व ग्राम दोल्ली शहाबुद्दीनपुर निवासी इरफान की हत्या के छठे आरोपी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हरिद्वार में मत्स्यपालकों की समस्याएँ सुनते हुए केन्द्रीय कृषि राज्यमंत्री हरीश रावत ने मत्स्यपालन को बढ़ावा देने का सुझाव दिया।
देहरादून
कांग्रेस नेता सूर्यकान्त धस्माना को 18 वर्ष पहले राज्य आन्दोलन के दौरान उनके घर से हुई गोलीबारी में आन्दोलनकारी राजेश रावत की मौत के मामले में अदालत ने बरी कर दिया है। अलबत्ता धस्माना, जो उन दिनों समाजवादी पार्टी में थे, के चार सुरक्षा गार्डों को सात साल की कैद सुनाई गई है। लम्बे इंतजार के बाद अंततः 10 जून को हरक सिंह ने बहुगुणा मंत्रिमंडल के मंत्री के रूप में शपथ ग्रहण कर ली। मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने राज्य कर्मचारियों के डीए में 7 प्रतिशत बढ़ोतरी करने की घोषणा की है। धर्मपुर क्षेत्र में सुमन नगर में अतिक्रमण हटाने के लिए गई टीम पर हमला करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की माँग को लेकर कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार आंदोलन किया। भारतीय सैन्य अकादमी की दीक्षान्त परेड में 678 अधिकारी सेना में शामिल किये गए। कालसी- साहिया- चकराता मार्ग पर एक युटिलिटी के जडरेज के पास गहरी खाई में गिर जाने से आठ लोगों की मौत हो गई। लखवाड़ गाँव से विकास नगर जा रही टैªक्टर ट्राली के यमुना पुल के लखवाड़ बैंड में अनियंत्रित हो कर गिर जाने से 50 वर्षीय चालक अशोक कुमार की मौत हो गई। मसूरी के निकट भवना गाँव के पास एक बोलेरो के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से दो लोगों की मौत हो गई। ऋषिकेश में 23 साल के टैक्सी चालक अनुज की रहस्यमय मौत के बाद पुलिस ने उसके शव को उस समय चिता से हटा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जबकि उसके परिजन जल्दबाजी में उसका अंतिम संस्कार करने का प्रयास कर रहे थे। नेहरू कालोनी थाना क्षेत्र में बी.काम. द्वितीय वर्ष के एक छात्र ने रस्सी का फंदा लगा कर अपने घर में आत्महत्या कर ली। कोई जहरीला पदार्थ खाने से एक बालिका की लेमहन अस्पताल में मौत हो गई।
टिहरी
गढ़वाल मंडल विकास निगम के नवनियुक्त अध्यक्ष व टिहरी के विधायक दिनेश धनै ने कहा कि निगम का विकास किया जाएगा व पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के बारे में आम लोगों से भी सुझाव लिये जाएंगे। घनसाली- चमियाला मार्ग पर सेन्दुल गाँव के पास एक कार के अनियंत्रित होकर खाई में गिर जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई तथा तीन अन्य लोग घायल हो गए। चम्बा-नई टिहरी मोटर मार्ग पर बुरंाशबाड़ी के पास दो बाइकों की भिड़ंत होने से एक युवक की मौत हो गई। शराब के खिलाफ महिलाआंे ने चाका, चम्बा आदि अनेक क्षेत्रों में अभियान छेड़ दिया है। ग्राम जुगड़गाँव श्रीकोट के ग्रामीणों ने खुद को खतरे में डालते हुए समीप के जंगल को आग की चपेट में आने से बचा लिया। भिलंगना विकास खण्ड की पट्टी नैलचामी के 40 गाँवों में बीएसएनएल की मोबाइल व लैंडलाइन सेवा एक साल से ठप्प है।
उत्तरकाशी
दयारा बुग्याल की तलहटी में बसे रैथल गाँव में आईस स्केटिंग के लिये स्टेडियम बनाने की योजना को सरकार से स्वीकृति मिल चुकी है। यहाँ एक हैेलीपैड बनाने का भी प्रस्ताव है। डोडीताल पर्यटन विकास समिति ने पर्यटन महोत्सव का आयोजन किया। मनेरी भाली परियोजना में रोजगार की माँग को लेकर बेरोजगारों ने धरने का आयोजन किया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आयोजित विधिक साक्षरता शिविर में सुप्रीम कोर्ट के न्यायमूर्ति अल्तमश कबीर ने कहा कि लोगों को विधि संबंधी बारीकियाँ जानकर उनका उपयोग अपने हित में करना चाहिए। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर महाराष्ट्र की एक तीर्थयात्री महिला की बस की चपेट में आने से मौत हो गई।
रुद्रप्रयाग
जखोली ब्लॉक स्थित पर्यटक स्थल बघाणीताल में उरेडा द्वारा स्ट्रीट लाईट लगाने के लिये अवमुक्त पौने तीन लाख रुपये का पता नहीं चल पा रहा है। गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग को साफ-सुथरा रखने के लिये घोड़े-खच्चरों की लीद एकत्र कर खाद बनाने की योजना भी फाइलों में कैद रह गई है। केदारनाथ व्यापार सभा के अध्यक्ष किशोरी लाल तिवारी का दिल का दौरा पड़ने से गुप्तकाशी में निधन हो गया। रसोई गैस बाँटने में अनियमितता का आरोप लगाते हुए सेमी के ग्रामीणों ने जाखधार सिलेंडर ले जा रहे ट्रक को रोक लिया। रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा गुप्तकाशी में अयोजित रक्तदान शिविर में 55 पुलिसकर्मियों ने रक्तदान किया। कार्यालय से महत्वपूर्ण कागजात गायब करने के आरोपी जखोली के नायब तहसीलदार को अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया। जखोली के देवल गाँव की एक महिला ने अपने पति को कुल्हाड़ी से वार कर मौत के घाट उतार दिया।
पौड़ी
कोटद्वार जिला निर्माण को लेकर अधिवक्ता संघ ने धरना-प्रदर्शन किया। श्रीनगर बेस चिकित्सालय में उपचार के दौरान एक बालिका की मौत होने पर परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा काटा। गढ़वाल के प्रवेश द्वार कोटद्वार में कुर्मांचल सहकारी बैंक की शाखा आरंभ की गई है। लम्बे समय से विवाद के केन्द्र में रहे धारी देवी मंदिर का निर्माण कार्य अब नए मॉडल के अनुरूप किया जाएगा। एकेश्वर प्रखंड में तूनाखाल में गुलदार के हमले से एक मजदूर घायल हो गया। लोक गायक नरेन्द्र सिंह नेगी और उनके पुत्र कविलास नेगी के भजनों के एलबम ’जै भोले भंडारी’ को कमलेश्वर मंदिर के मंहत आशुतोष पुरी द्वारा रिलीज किया गया। शराब के विरोध में महिला मंगल दल भल्लेगाँव और बागवान व्यापार संघ के संयुक्त तत्वावधान में जन चेतना रैली निकाली गई। अविश्वास प्रस्ताव पेश होने के बाद लैंसडौन छावनी परिषद के उपाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह राणा की विदाई तय है। शरारती तत्वों द्वारा पूर्वी नयार में जहरीला पदार्थ डालने से डुमैला पंपिंग योजना से जुड़े करीब दो दर्जन गाँवों में पेयजल संकट पैदा हो गया है।
चमोली
गोपेश्वर-चमोली मार्ग पर सीवर लाइन निर्माण कार्य अधूरा रहने से यातायात में कठिनाइयों को देखते हुए स्थानीय लोगों ने जाम लगा कर विरोध व्यक्त किया। तहसील दिवस के अवसर पर बिजली व पानी जैसी स्थानीय समस्याओं पर 26 से अधिक शिकायतें दर्ज की गईं। पुरसाड़ी में अग्निकांड में एक दुकान के स्वाहा होने के बाद पहुँचे दमकल वाहन पर लोगों ने पथराव किया। शराब विरोधी आंदोलन चला रही महिलाओं को धमकी देने वाले एक चालक को महिलाओं ने पुलिस के हवाले कर एक हजार रु. का जुर्माना लगवाया। बदरीनाथ धाम में ह्रदयगति रुक जाने से दो और यात्रियों की मृत्यु हो गई। कांतिभाई शांतिलाल जोशी (82) गुजरात से तथा जगदीश प्रसाद तिवारी (72) सुल्तानपुर, उ.प्र. से आये थे। बदरीनाथ से लौट रही कार के अलकनन्दा में गिर जाने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग लापता बताए गए हैं। देवाल से बोगाराड़ जा रही मैक्स गाड़ी के कैल के पास नदी में गिर जाने से एक महिला की मौत हो गई।