वसन्त के अस्थिर मौसम, आँधी व बेमौसमी वर्षा के बाद गर्मियाँ अब पूरी तरह स्थापित हो गई हैं। सैलानियों के झुण्ड हिल स्टेशनों तथा तीर्थ यात्री चारधाम यात्रा मार्ग पर भीड़ बढ़ाने लगे हैं।
एक सर्वेक्षण से पता चला है कि उत्तराखंड में पाँच साल तक के 63,000 बच्चे कुपोषण के शिकार हैं। सबसे ज्यादा 37,000 बच्चे उधमसिंह नगर में, उसके बाद 24,000 बच्चे हरिद्वार में और 778 बच्चे देहरादून में हैं। सबसे कम सात बच्चे चमोली में कुपोषण के शिकार पाए गए । इससे पहले राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण में तीन साल से कम उम्र के 42 प्रतिशत बच्चों के कुपोषित होने की बात कही गई थी।
उत्तराखंड पेय जल निगम कर्मचारियों और अधिकारियों का प्रस्तावित आंदोलन सरकार से बातचीत के बाद फिलहाल तीन माह के लिए टल गया है।
सूबे के पहले आयुर्वेदिक विश्वविद्यालय के लिये लोक निर्माण विभाग ने देहरादून में एक एकड़ जमीन आयुष विभाग को हस्तांतरित करने की सहमति प्रदान कर दी है।
ग्रामीण विकास मंत्री विजया बड़थ्वाल का दावा है कि पिछले साल उत्तराखंड में 800 करोड़ रु. की लागत से 2,500 किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण किया गया।
प्रदेश सरकार ने राज्य लोक सेवा आयोग की कमान एक शिक्षाविद् डॉ.डी.पी. जोशी को सौंप दी है।
नैनीताल
ग्रीष्मकालीन प्रवास पर नैनीताल पहुँची राज्यपाल माग्र्रेट अल्वा ने राजभवन के सौंदर्यीकरण के कामों का निरीक्षण किया।
पुनर्गठन की माँग पर अड़े मिनिस्ट्रीयल कर्मचारियों ने काम का बहिष्कार किया।
कोटाबाग के ब्लाक प्रमुख बलवंत कन्याल की हत्या की प्रतिक्रिया में दूसरे दिन हुए कालाढूँगी कांड में संजय नेगी और छः अन्य आरोपियों को जिला व सेशन न्यायालय ने साक्ष्य के अभाव में हत्या, आगजनी, बलवा और उकसाने आदि के आरोपों से मुक्त कर दिया है।
उच्च न्यायालय ने लेक ब्रिज व बारापत्थर चुंगी पर वाहनों के प्रवेश शुल्क संबंधी निविदा आबंटन में कथित धांधली की सी.बी.आई. जाँच के आदेश दिये हैं। गड़बड़ी में लिप्त नगरपालिका अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने को भी कहा गया है।
चिकित्सा शिक्षा मंत्री बलवंत सिंह भौर्याल ने घोषणा की है कि गेठिया में राजकीय होम्योपैथिक कालेज खोला जाएगा।
दिल्ली से रोडवेज की बस में आते समय अल्मोड़ा जनपद का एक युवक जहरखुरानों का शिकार बन गया। उसे बेहोशी की हालत में रामनगर के चिकित्सालय में भर्ती किया गया है। इससे पहले धूमाकोट के एक युवक को भी बेहोशी की हालत में यहाँ भर्ती किया गया था।
रामनगर में 70 साल के एक वृद्ध ने कथित रूप से विषपान कर आत्महत्या कर ली। उसकी लाश अगले दिन जंगल में बरामद हुई।
6 मई की रात को बेतालघाट में हुई अतिवृष्टि से कई खेत मलबे में तब्दील हो गए। गर्जिया मोटर मार्ग भी क्षतिग्रस्त हो गया।
नैनीताल के तल्ला कृष्णापुर में गुलदार कई बार कुत्तों को उठा ले गया बलि। इस इलाके के लोग निरंतर खौफ में जी रहे हैं।
नैनीताल बैंक स्टाफ एसोसिएशन ने प्रबंधन की नये क्षेत्रीय कार्यालय खोलने की घोषणा का पुरजोर विरोध किया है।
हल्द्वानी में ससुराल में रह रहे एक युवक द्वारा सल्फास खा लिये जाने पर बेस अस्पताल में भर्ती किया गया, जहाँ उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
नैनीताल राजमार्ग में एक तेज रफ्तार वाहन ने मोबाइक पर सवार दो पुलिसकर्मियों को रौंद दिया। उनमें से एक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे की हालत नाजुक है।
एच.एन. इन्टर कालेज में अन्तरराष्ट्रीय रेडक्रास दिवस को संकल्प दिवस के रूप में मनाया गया और 16 रेडक्रास कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया।
अल्मोड़ा
प्रो. पी.के.घोष के नेतृत्व में आई.आई.टी. रुड़की के तीन सदस्यीय विशेषज्ञ दल ने मोहान स्थित कारखाने में पिरूल से लिगनिन रसायन बनाये जाने की प्रक्रिया को एक बड़ी सफलता बताया। पिरूल का उपयोग कूलर में इस्तेमाल होने वाले पैड में किया जाने लगा है। लिगनिन रसायन से इसका उपयोग बिस्कुट व आइसक्रीम में वनीला की तरह से किया जा सकेगा। अभी इसका विदेशों से आयात भी करना पड़ता है।
रानीखेत में नेशनल बुक ट्रस्ट द्वारा आयोजित पुस्तक मेला सम्पन्न हो गया।
जैंती क्षेत्र में ट्रांसफार्मर फुक जाने से कई गाँव अंधकार में रहने को मजबूर हो गए।
उपपा के अध्यक्ष पी.सी.तिवारी के अनुसार आगामी विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी अधिकांश सीटों पर उम्मीदवार खड़े करेगी।
बसपा के उत्तराखंड प्रभारी राम अचल राजभर ने अल्मोड़ा में कहा कि बसपा देश भर में सर्वजन स्वीकार्य पार्टी के रूप में स्थापित हो चुकी है।
पंचायतों को सुदृढ़ बनाने के लिए जिले की 2199 वन पंचायतों में से 632 के माइक्रो प्लान तैयार हो चुके हैं बलि।
रानीखेत को जिले का दर्जा देने को साढ़े तीन महीनों से चल रहा धरना जारी है।
दन्या में दो शिक्षकों को अन्यत्र सम्बद्ध किये जाने से क्षुब्ध अभिभावकों ने विद्यालय में जबरन तालाबंदी कर दी।
पिथौरागढ़
मुख्य मंत्री के जनपद के दौरे के दौरान प्रशिक्षित बेरोजगारों और महिलाओं को हिरासत में लेने का विरोध हुआ।
देवलथल को तहसील का दर्जा देने की माँग को लेकर चला आ रहा आंदोलन व क्रमिक अनशन जारी है।
पुंगराऊ घाटी एकता मंच द्वारा सड़क सुधार की माँग को लेकर अनशन भी चल रहा है।
ग्राम विकास अधिकारियों द्वारा वेतन विसंगतियों को दूर करने की माँग को लेकर चल रहा अनशन 18 दिन चलने के बाद समाप्त हुआ।
भाजपा के राज्य सभा सदस्य भगत सिंह कोश्यारी ने कपकोट क्षेत्र का दौरा कर लोगों की समस्या सुनीं।
हिमालय विकलांग जन कल्याण संस्था ने अपनी माँगों को लेकर अनशन जारी रखा।
अस्कोट से प्राप्त समाचार के अनुसार वर्षा व अंधड़ के कारण ओगला के बीच चीड़ के पेड़ धराशायी हो गए, जिससे यातायात बाधित हुआ।
मदकोट से प्राप्त सूचना के अनुसार बंगापानी के जंगलों में आग लगी।
पेयजल मंत्री प्रकाश पन्त ने क्षेत्र का दौरा कर लोगों की समस्याएँ सुनीं और कई स्थानों पर परियोजनाओं को मंजूरी प्रदान की।
बागेश्वर
पेयजल की समस्या गंभीर होने से महिलाओं ने जल संस्थान कार्यालय का घेराव किया।
दूसरी तरफ नाकुरी घाटी के अनेक गाँव बिजली न मिलने के कारण अंधकार में रहे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि केन्द्र सरकार ने उत्तराखंड के लिए 78 अरब की योजना मंजूर कर दिखा दिया है कि उसे राज्य की कितनी चिंता है।
कांगे्रस के राष्ट्रीय महासचिव अनीस अहमद ने कहा कि कैग की रिपोर्ट में कुंभ आयोजन में 200 करोड़ के घोटाले की बात सामने आने के बाद भाजपा सरकार के बने रहने का कोई औचित्य नहीं है।
टिहरी के सांसद विजय बहुगुणा ने कहा कि राज्य सरकार केन्द्र द्वारा दिये गए धन का सदुपयोग करने में विफल रही है।
उत्तराखंड क्रांति दल के अध्यक्ष त्रिवेन्द्र सिंह पँवार के अनुसार सरकार बेरोजगारों को रोजगार देने में विफल रही है।
टी.ईटी. व स्नातक स्तर पर 50 प्रतिषत अंकों की बाध्यता समाप्त करने की मांग को लेकर तथा विशिष्ट बी.टी.सी. के आठ हजार पदों की विज्ञप्ति जारी करने को लेकर प्रशिक्षित बेरोजगारों ने सांकेतिक चक्का जाम किया।
प्रांतीय रक्षक दल के जवानों ने अपनी 11 सूत्रीय मांगों को लेकर युवा कल्याण विभाग में तालाबंदी की।
चंपावत
गायत्री परिवार की रथ यात्रा यहाँ पहुँचने पर उसका भव्य स्वागत किया गया।
स्थानीय बाजरीकोट निवासी 45 साल के किशन भंडारी की बाथरूम में फिसलने से मौत हो गई।
उत्तराखंड क्रांति दल के कार्यकर्ताओं ने आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण में गड़बडि़यों के विरोध में कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया।
प्रशासन द्वारा शारदा नदी में खनन की अनुमति दिये जाने पर खुशी का माहौल बन गया।
शारदा नदी में डूबते हुए बच्चे को वहाँ तैनात एक पुलिसकर्मी ने बचा लिया।
उधमसिंह नगर
पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी द्वारा अपने भतीजे मनीश तिवारी को विधान सभा क्षेत्र से उम्मीदवार घोषित किये जाने के बाद से ही मनीश तिवारी द्वारा लगातार क्षेत्र में व्यापक जन सम्पर्क किया जा रहा है।
मुख्य मंत्री निशंक ने एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए यहाँ पहुँचने के बाद कहा कि कांगे्रस पार्टी राज्य में अनावश्यक रूप से सत्याग्रह का नाटक कर रही है।
दिवा गाँव में मोबाइल से बात कर रहे सैनिक की छत से नीचे गिर जाने से मौत हो गई।
देहरादून
उच्च न्यायालय ने देहरादून में गढ़ी केंट में वाहनों से टोल टैक्स वसूलने को अवैधानिक करार देते हुए इस पर रोक लगाने के निर्देश दिये हैं।
लोक निर्माण विभाग से सम्बद्ध उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ ने जे.ई. से अपर सहायक अभियंता पदों पर पदोन्नति सहित सभी माँगों को लेकर धरना शुरू कर दिया।
सेलाकुई में हुए दुहरे हत्याकांड के पीडि़त परिजनों को सरकार की तरफ से मुआवजा न दिये जाने के विरोध में ग्रामीणों ने तहसील कार्यालय में धरना व प्रदर्शन किया।
रायवाला पुलिस को जंगल में एक बोक्सा युवक का शव पेड़ से लटका हुआ मिला।
ऋषिकेश में गंगा सप्तमी पर्व धूमधाम से मनाया गया।
राजधानी में ऊर्जा निगम के संविदा कर्मचारियों ने आन्दोलन के क्रम में भीख मांगी और आगे चल कर अर्द्धनग्न प्रदर्शन करने का निश्चय किया।
आँगनवाड़ी कार्यकत्रियों ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेज कर मानदेय राशि 10 हजार रु. करने की माँग की है।
स्वतंत्रता सेनानी गेंदाराम का 99 वर्ष की उम्र में निधन हो गया।
थाना सहसपुर के अधीन सेलाकुई पुलिस ने आसन नदी के किनारे एक व्यक्ति को एक किलो चरस के साथ गिरफ्तार किया।
ब्लाक कार्यालय के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन ब्लाक प्रमुख कमला चौहान ने किया।
चमोली
छः मास के शीतकालीन प्रवास के बाद 9 मई को बदरी-केदारनाथ धामों के कपाट विधि-विधान के साथ खुल गए।
चमोली की उपेक्षा सहित 32 सूत्रीय मांगों को लेकर कांगे्रस कार्यकर्ताओं ने गोपेश्वर में विभिन्न मार्गों पर जुलूस निकाल कर प्रदर्शन किया।
पोखरी में ए.डी.एम. सी.एस.डोभाल की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस पर पेयजल की समस्या सहित 11 शिकायतें दर्ज की गईं।
प्राथमिक से माध्यमिक स्तर तक की कक्षाओं में योग को अनिवार्य विषय बनाने और प्रशिक्षितों को नियुक्ति दिए जाने की माँग को ले कर योग प्रशिक्षितों ने जिला मुख्यालय में जुलूस निकाल कर जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना दिया।
सब्जी ट्रक सप्लायर्स ने 2 मई को हड़ताल शुरू कर दी, जो प्रशासन द्वारा वैकल्पिक तौर पर सब्जियाँ मँगाने की व्यवस्था करने के कारण दो दिन बाद ही खत्म करनी पड़ी। हड़ताल प्रशासन द्वारा मुनाफाखोरी के खिलाफ कदम उठाये जाने के विरोध में आयोजित की गई थी।
हरिद्वार से शुरू हुई लक्ष्मीनारायण पंचप्रयाग यात्रा के गोपेश्वर पहुँचने पर भव्य स्वागत किया गया।
प्रशासन ने गोपेश्वर में अभियान चला कर अवैध कब्जे हटाये।
प्रदेश के पंचायती राज मंत्री ने पोखरी क्षेत्र के गाँवों का दौरा कर लोगों की शिकायतें सुनीं और योजना स्थलों का दौरा किया।
सीमांत भत्ते की माँग को लेकर शिक्षकों और कर्मचारियों ने गोपेश्वर में प्रदर्शन किया।
उत्तरकाशी
अक्षय तृतीया पर्व पर गंगोत्री व यमुनोत्री धाम के कपाट वैदिक मंत्रों के साथ खोले गए।
पुलिस प्रशासन ने गंगोत्री व यमुनोत्री धाम पर आतंकी गतिविधियों के खतरे को देखते हुए एक बैठक आयोजित कर होटल मालिकों को दिशा निर्देश जारी किये।
गंगोत्री राजमार्ग पर मनेरी के निकट बारातियों से भरी एक मैक्स के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से चार व्यक्तियों की मौत हो गई और 10 घायल हो गए।
जिला अस्पताल में चिकित्सक द्वारा दो लैब टेक्नीशियनों के साथ मारपीट के विरोध में सभी लैब टेक्नशियन 2 से 7 मई तक हर दिन दो घंटे के कार्य बहिष्कार पर रहे।
बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मेगराज ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस दोनों ने ही उत्तराखंड के विकास को चौपट कर दिया।
सेबों के विपणन में होनी वाली कठिनाई अब दूर होने के आसार हैं। नीदरलैंड के सहयोग से नौगाँव में कोल्ड स्टोरेज की स्थापना का काम चल रहा है।
पौड़ी
दिल्ली-पौड़ी राजमार्ग पर दुगड्डा के समीप दुर्गा मंदिर के पास खोह नदी में नहाते हुए दो युवक डूब गए। एक को किसी तरह से बचा लिया गया, जबकि दूसरे की मौत हो गई।
सात मई को थलीसैंण प्रखंड के ग्राम हसूणी में एक मकान में आकाशीय बिजली गिर जाने से एक वृद्ध की मौत हो गई, जबकि उसका पोता घायल हो गया।
कोटद्वार को जिले का दर्जा देने की माँग को लेकर अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में धरना दिया।
गोविन्द बल्लभ पन्त इंजीनियरिंग कालेज के प्राचार्य ने स्वयं रक्तदान कर रक्तदान शिविर का उद्घाटन किया।
विश्वविद्यालय अनुदान आयोग ने गढ़वाल विश्वविद्यालय के लिए प्राध्यापकों के 110 नए पदों की मंजूरी दी है।
बीरोंखाल को पृथक जनपद का दर्जा देने व खंड विकास अधिकारी को हटाने की मांग को लेकर तीन युवक आमरण अनशन पर बैठ गए।
रुद्रप्रयाग
प्रशिक्षित बेरोजगारों ने विरोध व्यक्त करते हुए गौरीकुंड को जाने वाले राजमार्ग को एक घंटे तक बंद रखा।
प्रभातम कम्पनी ने फाटा से अपनी हैलीकाप्टर सेवा शुरू कर दी है।
रविवार 7 मई को केदारनाथ धाम के कपाट मंत्रोच्चार के साथ खोले गए।
तिगड़ा पैदल मार्ग से घर को लौट रहे एक व्यक्ति दौलत राम डोभाल की चट्टान से पैर फिसल जाने के कारण मौत हो गई।
एस.एस.बी. प्रशिक्षित गुरिल्लों ने ऋषिकेश-बदरीनाथ मार्ग पर केदारनाथ तिराहे पर एक घंटे का जाम लगा कर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने ऊखीमठ जा रहे पेयजल मंत्री प्रकाश पन्त को अपना कोपभाजन बनाया।
टिहरी
भिलंगना के ऊपरी क्षेत्रों में ओले गिरने से नकदी फसलों और फलों को नुकसान पहुँचा।
टिहरी बाँध क्षेत्र के निकट जंगलों में आग लगने की सूचना है।
धनमउली क्षेत्र में अज्ञात बीमारी से 19 पशुओं की मौत हो गई।
लम्बगाँव-पिपलडाली मार्ग में पटुली के पास एक मैक्स के खाई में गिरने से तीन लोग घायल हो गए।
नई टिहरी में स्नातकोत्तर विद्यालय के अनुसूचित वर्ग के छात्रों को वजीफा न मिलने के कारण उन्होंने समाज कल्याण मंत्री मातबर सिंह कंडारी का पुतला फूँका।
नरेन्द्रनगर को जिले का दर्जा देने की माँग को लेकर सर्वदलीय बैठक बुलाने का निश्चय किया गया है।
मुख्यमंत्री ने नरेन्द्र नगर में प्रदेश के पहले पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री के हेलीकाप्टर के उतरने से पहले ही बिना अनुमति के उतरने वाले एक निजी कम्पनी के हेलीकाप्टर को प्रशासन ने जब्त कर लिया।
हरिद्वार
अक्षय तृतीया पर एक लाख लोगों ने गंगा में डुबकी लगाई।
केन्द्रीय मंत्री हरीश रावत ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार जिला पंचायत चुनावों में अनुचित हस्तक्षेप कर रही है।
गंगा रक्षा आंदोलन के तहत साध्वी उमा भारती अनशन पर बैठ गईं।
सफाईकर्मियों की हड़ताल के कारण नगर की सफाई व्यवस्था चरमरा गई।
भगवानपुर में एक श्रमिक की क्रेन से गिर जाने के कारण मौत हो गई।
फेरी लगाने वाले एक युवक की कुछ लोगों ने पत्थर से मार-मार कर हत्या कर दी।
चंडीघाट के समीप 100 झोंपडि़याँ जल कर राख हो गईं।
पंचदशानन जूना अखाड़े के 200 नागा संन्यासी अगले साल अमेरिका में महारुद्र यज्ञ में भाग लेने जाएँगे।