इधर वर्षा विगत होकर शरद ऋतु आई और उधर मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने दीपावली के मौके को देखते हुए कर्मचारियों को वेतनलाभ के तोहफे तथा भाजपा के अपने 25 दिग्गजों को लालबत्ती का सुख देने वाले दायित्व बाँट दिये। मगर राज्य विद्युत नियामक आयोग ने दिवाली के दस दिनों बाद ही बिजली दरों में 15 प्रतिशत की वृद्धि कर उपभोक्ताओं को ऐसा तगड़ा झटका दिया कि जाड़े की दस्तक के साथ ही फिर से बिजली कटौती का सिलसिला आरंभ होने से कँपकँपी छूटने लगी ।
पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल के द्वारा 26 अक्तूबर को चम्पावत डाकघर में उद्घाटन के साथ डाकघरों के माध्यम से रेलवे टिकट आरक्षण की शुरुआत हो गई है।
इसी माहौल के बीच नर्सिंग संवर्ग के कर्मचारियों के वर्दी व धुलाई भत्ते की दरों में भारी वृद्धि की घोषणा कर दी तो कई दिनों से हड़ताल पर चल रही नर्सें काम पर वापस लौट आईं।
केन्द्र सरकार ने अतिरिक्त अनुदान के रूप में उत्तराखंड को मिलने वाली 330 करोड़ रु. की धनराशि को केन्द्र द्वारा पोषित अन्य योजनाओं में समायोजित कर दिया। इससे नाराज होकर मुख्यमंत्री निशंक ने प्रधान मंत्री और योजना आयोग के उपाध्यक्ष को विरोध पत्र लिखा है।
कांग्रेस पार्टी ने पिथौरागढ़ जिला अध्यक्ष समेत चार लोगों को अनुशासनहीनता के आरोप में पार्टी से निकाल दिया है। इन पर हाल में रुद्रपुर में प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी की बैठक के दौरान हंगामा करने का आरोप है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बिशन सिंह चुफाल ने एक व्यक्ति एक पद के सिद्धान्त का पालन करते हुए अपने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया।
उत्तराखंड रजिस्ट्रार कानूनगो संघ ने 26 अक्तूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी।
नेपाल में कंचनपुर की जेल से फरार 10 कुख्यात आतंकवादियों के फरार होने के बाद उत्तराखंड के खुफिया विभाग ने सुरक्षा एजेंसियों को उनकी राज्य में मौजूदगी की आशंका के बारे में सचेत कर दिया।
26 व 27 अक्टूबर को उत्तराखंड बार काउंसिल के लिये मतदान सम्पन्न हो गया। 20 पदों के लिये 79 प्रत्याशी मैदान में हैं। प्रदेश में कुल 8,023 अधिवक्ता पंजीकृत हैं।
नैनीताल
कालाढ़ूंगी कांड ने कांग्रेस व भाजपा के बीच की दूरियाँ मिटा दी हैं। दोनों ही इस मामले की सी.बी.आई. जाँच की माँग करने लगे हैं। युवक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष संजय नेगी पर दर्ज मुकद्मा वापस करवाना इन दिनों कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और नेताओं के लिए प्रमुख मुद्दा बना रहा। कांग्रेस सांसद के.सी. सिंह ‘बाबा’ और केन्द्रीय मंत्री हरीश रावत इस मुद्दे पर आयोजित धरनों में शामिल हुए। संजय नेगी ने 20 अक्तूबर को नैनीताल में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में आत्म समर्पण कर दिया और जमानत की अर्जी दी परन्तु अदालत ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का निर्देश दिया।
हल्द्वानी में बरेली निवासी मोहम्मद जफर को 20 हजार रु. के नकली नोटों के साथ पकड़ा गया। वह नेपाल से लौट कर आ रहा था। उसने स्वीकार किया नेपाल से नकली नोट लाने के धंधे में कई लोग जुटे हुए हैं।
भवाली पालिकाध्यक्ष के खिलाफ वहीं के सभासदों ने मोर्चा खोल दिया है। सभासदों ने जिलाधिकारी शैलेश बगौली को ज्ञापन देकर पालिका में हो रही अनियमितताओं की जांच करने की माँग की।
गौला को खनन के लिए न खोले जाने के विरोध में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने 26 अक्तूबर को हल्द्वानी में सिटी मजिस्ट्रेट के कार्यालय तक जुलूस निकाल कर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि गौला खुलने में देर हुई तो बड़े स्तर पर आंदोलन आयोजित किया जाएगा।
हल्द्वानी में पी. डब्ल्यू. डी. गेस्ट हाउस में गलती से तेजाब पी जाने से सांसद भगत सिंह कोश्यारी का गनर बेहोश हो गया बलि।
अल्मोड़ा
मुख्य मंत्री ने अल्मोड़ा में मेडिकल कालेज का शिलान्यास किया। मुख्य मंत्री के जनता दर्शन कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया जिसमें जरूरत मंद लोगों के लिए 2.70 लाख रु. की मदद की घोषणा भी की गई।
चितई चौधाणी गौरिया मंदिर परिसर में तीन दिवसीय गोलू महोत्सव का आयोजन किया गया। महोत्सव स्मारिका का विमोचन मुख्य सचिव इन्दु कुमार पांडे ने किया।
डी. आर. डी. ए. कर्मचारी यूनियन के आह्वान पर कर्मचारियों ने कार्यालय में तालाबंदी की और धरने पर बैठ गए।
कांटली से सोमेश्वर जा रही एक जीप के 150 फुट गहरी खाई में गिरने से जीप चालक की मौत हो गई।
जनसंघ के संस्थापक सदस्यों में से एक व अटल बिहारी वाजपेयी व अन्य शीर्ष नेताओं के निकट रहे लाला बाजार निवासी जवाहर लाल साह का 86 साल की उम्र में निधन हो गया।
उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ के मंडलीय अधिवेशन में मंडलीय कार्यकारिणी के चुनाव में ए. के. सोनी अध्यक्ष और संतोष दुर्गापाल महासचिव चुने गए।
अल्मोड़ा शहर की यातायात व्यवस्था को ठीक करने के लिए नो पार्किंग क्षेत्र से वाहन हटाने का प्रयास व्यापारियों के विरोध के कारण पहले ही दिन विफल हो गया।
बागेश्वर
बसपा के प्रदेश अध्यक्ष मेघराज सिंह ने कहा है कि भाजपा और कांग्रेस ने उत्तराखंड का विकास चौपट कर दिया है। उन्होंने यहां कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि वे मिशन 2012 की तैयारी करें। ![]()
विधायक चंदन राम दास ने द्यौनाई क्षेत्र के विकास के लिए 12 लाख रु. की घोषणा की। क्षेत्रीय सांसद प्रदीप टम्टा ने कहा है कि यदि राज्य सरकार रेल मार्ग निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध करवाती है तो टनकपुर- बागेश्वर रेल मार्ग का निर्माण जल्दी शुरू करवा दिया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि चंद मैदानी जिलों को लाभ पहुँचाने के लिए पहाड़ का विकास ठप हो गया है।
प्रशिक्षित बेरोजगारों ने प्रदेश में विशिष्ट बी. टी. सी. प्रक्रिया प्रारम्भ किये जाने की माँग को लेकर सांसद प्रदीप टम्टा का घेराव किया। उन्होंने कांग्रेस की तरफ से इस मुद्दे पर पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि मैं इस मुद्दे पर मुख्य मंत्री से वार्ता करूँगा।
कुमाऊँ केसरी बद्री दत्त पांडे राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में व्याप्त समस्याओं के निराकण की माँग को लेकर छात्र संघ ने महाविद्यालय में प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया।
कौसानी में आयोजित हिमालय नीति संवाद की दो दिवसीय बैठक में निर्णय किया कि राज्य गठन के दस साल का मूल्यांकन किया जाएगा। वर्ष 2010 को प्रदेश के सामाजिक, राजनीतिक, आर्थिक और भौगोलिक मूल्यांकन के तौर पर मनाया जाएगा।
पिथौरागढ़
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आयोजित लोक अदालत में 88 मामलों का निस्तारण किया गया और कुल 77,370 रु. दंड के रूप में वसूले गए।
काली और गोरी नदी के संगम पर बसे जौलजीबी कस्बे में रामलीला मंचन 26 अक्तूबर से शुरू हो गया।
आई.टी.बी.पी. की 7वीं वाहिनी में इकाई का 44वाँ और बल का 48वाँ स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया।
अभिलाषा संस्था ने नगर के विभिन्न इलाकों में गाजर घास के उन्मूलन का अभियान चलाया। सदस्यों ने बेलपट्टा मैदान में उगी गाजर घास को नष्ट किया।
भारतीय स्टेट बैंक की स्थानीय शाखा ने राइका अस्कोट के छः मेधावी छात्र-छात्राओं को 1001- 1001 की नकद राशि व प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।
मदकोट में ग्रामीणों ने आयुर्वेदिक चिकित्सालय में दवा न मिलने से क्षुब्ध हो कर फार्मेसिस्ट का घेराव किया और सात दिनों में व्यवस्था ठीक न होने पर सड़कों पर उतरने की चेतावनी दी।
डीडीहाट जा रही एक जीप के खाई में पलट जाने से नौ यात्री घायल हो गए।
चम्पावत नेपाल सीमा से लगे मडकल क्षेत्र के ऐतिहासिक वैष्णवी मंदिर में यम द्वितीया के अवसर पर प्रतिवर्ष लगने वाले मेले में इस बार भी हजारों श्रद्धालुओं ने माँ वैष्णवी देवी की डोला रथ यात्रा में हिस्सा लिया।
जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमा पांडेय ने कहा है कि पंचायत की आय के श्रोतों को बढ़ाने के लिए उसकी परिसंपत्तियों का व्यावसायिक इस्तेमाल किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक रिधिम अग्रवाल के स्थान पर रुद्रपुर वाहिनी के कमांडेंट पी एस सैलाल जनपद के नए एस. पी. बनाये गए हैं।
शारदा नदी का तेज बहाव का रुख टनकपुर में शारदा घाट की ओर होने से यहाँ खतरा बढ़ गया। शारदा घाट पर सुरक्षा के लिए तैराक पुलिस को तैनात किया गया है।
उधमसिंह नगर
कुमाऊँ का पहला विकलांग पुनर्वास केन्द्र रुद्रपुर के जिला चिकित्सालय में स्थापित हो गया है।
पुलिस ने अवैध खनन के खिलाफ अभियान के तहत चार ट्रैक्टर ट्रालियों को जब्त कर चालकों को हिरासत में भेज दिया।
खटीमा में बाईपास के निर्माण की माँग पर जोर देने के लिए एकता युवा संगठन ने तहसील मुख्यालय में प्रदर्शन कर मुख्य मंत्री को ज्ञापन भेजा।
पंतनगर औद्योगिक आस्थान में एक कारखाने में सिलेंडर फटने से पांच मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए।
हरिद्वार
मुख्यमंत्री के दौरे में महाकुम्भ के आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने तैयारियों में तेजी लाने की सराहना की। उन्होंने अलग बैठक में भाजपा कार्यकर्ताओं को भी संबोधित किया।
डाडा पट्टी गाँव में एक युवती ने कीटनाशक पीकर जान दे दी।
कनखल पुलिस ने दो माह पूर्व हुए एक फैक्ट्री के मैनेजर व उसकी पत्नी के हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने का दावा करते हुए उनके दामाद को गिरफ्तार किया है। हत्या करोड़ों की सम्पत्ति हड़पने के लिए की गई।
रुड़की बार एसोसिएशन के बार एसोसिएशन के पूर्व सचिव के भाई की लंढौरा में गोली मार कर हत्या कर दी गई।
एक किशोरी के अपहरण के मामले में पुलिस ने आरोपी के पिता और चचा को गिरफ्तार किया है। दोनों पर किशोरी के अपहरण की योजना में शामिल होने का आरोप है। मुख्य आरोपी और किशोरी अभी लापता हैं।
रुड़की से प्राप्त समाचार के अनुसार नारसन के जंगलों में छापा मारने पर मिलावटी डीजल बनाने की फैक्ट्री पकड़ी गई। पाँच भूमिगत टैंक व पचास ड्रम रसायन बरामद किये गए।
देहरादून
विकास कार्यों में दोहरी नीति का आरोप लगाते हुए कांग्रेस के विधायक मनोज तिवारी ने 26 अक्तूबर से मुख्य मंत्री आवास के बाहर आमरण अनशन शुरू कर दिया। दो दिन बाद ही कांग्रेसी विधायक ने मुख्य मंत्री के आश्वासन पर अपना अनशन समाप्त कर दिया। सिंचाई मंत्री मातबर सिंह कंडारी ने अनशन स्थल पर विधायक मनोज तिवारी को जूस पिला कर उनका अनशन समाप्त करवाया।
दूसरी तरफ प्रतिपक्ष के नेता हरक सिंह रावत ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने कांग्रेसी विधायकों और उनके क्षेत्र की समस्याओं के प्रति अपना रवैया नहीं बदला तो कांग्रेस को सरकार के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन की शुरुआत करनी पड़ेगी।
सतर्कता विभाग की टीम ने एक शिकायत पर कार्रवाई करते हुए उत्तरांचल ग्रामीण बैंक के मैनेजर सुदामा प्रसाद जायसवाल को रिश्वत के दो हजार रु. एडवांस लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।
रणवीर मुठभेड़ प्रकरण में कोर्ट ने सी.बी.आई. को तगड़ा झटका दिया। तयशुदा साठ दिनों में आरोप पत्र दाखिल न करने पर कोर्ट ने मृतक रणवीर के चार साथियों को 28 अक्तूबर को जमानत दे दी।
टिहरी गढ़वाल
गाजणा क्षेत्र में भालुओं के एक हमले में जगल में घास काटने गई एक महिला घायल हो गई। महिला ने अपनी दराँती से भालुओं का मुकाबला कर उन्हें भगाने में सफलता प्राप्त की।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के गढ़वाल प्रमुख पर हमला करने वालों की गिरफ्तारी की माँग को लेकर नई टिहरी स्थित राजकीय महाविद्यालय को बंद करवा दिया गया।
देहरादून में ओम प्रकाश कक्कड़ को हमलावरों ने गोली मार कर घायल कर दिया था।
पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चन्द्र खंडूड़ी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि इतने कम समय में निशंक सरकार के कार्यों की समीक्षा नहीं की जा सकती है।
उत्तरकाशी
दस हजार फुट की ऊँचाई पर स्थित दयारा बुग्याल के शांत वातावरण में दो दिन बिताने के बाद कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी व उनके साथियों का काफिला 23 अक्तूबर को वापस रवाना हो गया। कुछ ग्रामीणों ने राहुल के सहयोगियों को दयारा के विकास की माँग का ज्ञापन सौंपा।
गंगोत्री मंदिर के कपाट 18 अक्तूबर को शीतकाल के लिए बंद हो गए। माँ गंगा की डोली शीतकाल प्रवास के लिए अपने मायके मुखवा के लिए रवाना की गई।
स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत आशा कार्यकर्त्रियों ने अपनी माँगों को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया और प्रदर्शन किया।
भारतीय पर्वतारोहण संस्थान के 39 सदस्यीय दल ने 6,672 मीटर ऊंची गंगोत्री-एक और 5,800 मीटर ऊंचाई वाली रुद्रगैरा चोटी पर तिरंगा फहराने में सफलता प्राप्त की। दल ने 19 व 21 अक्तूबर को यह सफलता प्राप्त की।
दायित्व मिलने के बाद गंगोत्री पहुंचे संसदीय सचिव राज्य मंत्री गोपाल रावत का क्षेत्र की जनता ने ढोल नगाड़ों के साथ स्वागत किया।
पौड़ी गढ़वाल
भूमि के मुआवजे और रोजगार की माँग को लेकर स्वीत, लगा, चोपड़ियों के ग्रामीणों ने 23 अक्तूबर को एन. एच. पी. सी. कार्यालय में तालाबंदी कर बाँधस्थल में भी काम रुकवा दिया।
गढ़वाल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एस. के. सिंह ने दो माह के भीतर बी. एड. परीक्षा सम्पन्न करवाने का भरोसा दिलवाते हुए कहा कि 2009-2010 का सत्र शून्य नहीं होगा।
श्रीनगर में 24 अक्तूबर से बी. एस. एन. एल. की थ्री जी मोबाइल सेवा प्रारम्भ हो गई।
सतोपंथ पर गढ़वाल रायफलस का ध्वज फहरा कर आने वाले पर्वतारोही दल का यहाँ वापस पहुँचने पर चौथी गढ़वाल राफल्स की ओर से अभिनन्दन किया गया।
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय छात्र संघ समारोह का उद्घाटन करते हुए केन्द्रीय मंत्री हरीश रावत ने पाँच करोड़ युवकों को तकनीकी शिक्षा प्रदान करने के केन्द्र सरकार के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए युवकों को तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने की सलाह दी।
रुद्रप्रयाग
कांची कामकोटी चिकित्सालय रतूड़ा में पाँच दिवसीय निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर में 350 रोगियों का आपरेशन किया गया और 750 मरीजों की आँखों की जाँच की गई।
जखोली क्षेत्र में सक्रिय नरभक्षी बाघ को नियंत्रित करने में प्रशासन की निष्क्रियता के विरोध में ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने तिलवाड़ा-गोदीखाल मार्ग में जाम भी लगाया।
आदमखोर बाघ दो लोगों को अपना निवाला बना चुका है।
भोले बाबा केदार की डोली पहुँचने पर राइंका गुप्तकाशी में केदार महोत्सव का शुभारम्भ स्वास्थ्य राज्य मंत्री बलवंत सिंह भौर्याल ने किया।
अगस्त्यमुनि जगोठ अम्बेडकर मार्ग में एक जीप के खाई में गिर जाने से उसमें सवार चार लोगों की मौत हो गई जबकि छः लोग घायल हो गए।
चमोली
कुछ दिन पूर्व प्रकाश में आए अश्लील एम. एम. एस. प्रकरण में जन प्रतिनिधियों, व्यापारियों और छात्र नेताओं के विरुद्ध दर्ज किये गए मुकदमों के विरोध में छात्र संघ के नेतृत्व में जुलूस निकाला गया। बाद में डी.एम. से वार्ता के बाद छात्रों ने आंदोलन स्थगित कर दिया।
देवसारी जल विद्युत परियोजना का विरोध कर रहे ग्रामीणों ने दो नवम्बर को पिंडर घाटी के संगठनों और जनप्रतिनिधियों की महापंचायत के आयोजन का फैसला किया है। ब्लाक मुख्यालय पर ग्रामीणों का धरना 20 अक्तूबर से चल रहा है।
नंदा देवी राजजात मार्ग पर समुद्र तल से 4,240 मीटर की ऊँचाई पर स्थित केलुवा विनायक मंदिर को बीते दिनों सुतोल के कुछ लोगों द्वारा ध्वस्त किये जाने से क्षुब्ध ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं की गई तो उप तहसील घाट में धरने व प्रदर्शन का आयोजन किया जाएगा।

























आपकी टिप्पणीयाँ