एक अक्तूबर से सिटिजन चार्टर लागू करने वाली नगरपालिका ऋषिकेश राज्य का पहला निकाय है।
विधान सभा के सत्र के पहले ही दिन प्रदर्शन व घेराव करने के बाद कांग्रेस व विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता
डॉ. हरक सिंह रावत अस्वस्थ होकर जौलीग्रांट अस्पताल पहुँच गये। विधान सभा के संक्षिप्त सत्र में हंगामे के बावजूद सरकार तीन महत्वपूर्ण विधेयक पारित करवाने में सफल रही। राज्यपाल ने विधायक प्रीतम सिंह को उत्कृष्ट विधायक सम्मान-2009 प्रदान किया। मुख्यमंत्री के आमंत्रण पर देहरादून पहुँचे टीम अन्ना के सदस्यों ने जन लोक पाल विधेयक और लोकायुक्त व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने मुख्यमंत्री के साथ विचार-विमर्श किया। राज्यपाल माग्र्रेट अल्वा, विधान सभा अध्यक्ष हरबंस कपूर और मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूरी ने पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी मंसूर अली खान पटौदी के निधन पर शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने सिक्किम के भूकंप पीडि़तों के लिए तीन करोड़ रु. की मदद की घोषणा की है। शिक्षा मंत्री मातबर सिंह कंडारी ने एल.टी. ग्रेड शिक्षकों की नियुक्ति में अनियमितताओं की जाँच के लिए अपर सचिव माध्यमिक शिक्षा की अध्यक्षता में दो सदस्यीय समिति गठित की। राज्य मंत्रिमंडल ने फैसला किया कि सरकारी कर्मचारियों की पहली तैनाती दुर्गम स्थानों पर होगी और चार साल वहाँ सेवा करने के बाद सुगम स्थानों पर स्वतः तैनाती हो जाएगी। प्रदेश के अनेक स्थानों पर रामलीला मंचन आरंभ हुआ।
नैनीताल
नौ सूत्रीय माँगों को लेकर भ्रष्टाचार हटाओ समिति का क्रमिक अनशन पालिका अध्यक्ष से बातचीत के बाद स्थगित हो गया। हल्द्वानी में डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल में बसपा नेता रईसुल हसन के समर्थकों ने अस्पताल के ब्लड बैंक में तोड़फोड़ की। इसके विरोध में अगले दिन अस्पताल की ओ.पी.डी. और पैथोलॉजी सेवा ठप हो गई। जिला निर्माण समिति के बैनर तले रामनगर को जिला बनाने की मांग को लेकर विभिन्न संगठनों ने शांतिपूर्वक जुलूस निकाला और उपजिलाधिकारी कार्यालय पहुँच कर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिया। लालकुआँ में कक्षा आठ की 15 वर्षीय छात्रा ने फाँसी लगा कर आत्महत्या कर ली। लालकुआँ में पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे युवकों पर पुलिस द्वारा लाठी चार्ज किया गया। ये युवक पुलिस में भर्ती के चालान पर मुहर लगाने की एवज में सुविधा शुल्क मांगे जाने के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे। कार्बेट पार्क में घूमने के इच्छुक लोगों के लिए अब ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा आरंभ कर दी गई है। रामनगर में उद्यान व खाद्य प्रसंस्करण विभाग ने शिविरों का आयोजन कर किसान क्रेडिट कार्ड बनाने के बारे में जानकारी दी। कुलपति प्रो. वी.पी.एस. अरोड़ा ने पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए व्यावसायिक दृष्टिकोण अपनाने और बुनियादी ढांचे के विस्तार की जरूरत बताई। प्रबंधन की कर्मचारी विरोधी नीति के प्रति रोष प्रकट करते हुए कर्मचारी एक दिन के सामूहिक उपवास पर रहे। डी.एस.बी. परिसर छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष पद के पराजित उम्मीदवार हिमांशु खनायत की दोबार मतगणना संबंधी अर्जी खारिज कर दी गई।
अल्मोड़ा
चौखुटिया में बहुजन समाज पार्टी की विधान सभा द्वाराहाट क्षेत्र की बैठक में चुनाव 2012 की तैयारी करने और सदस्यता अभियान चलाने का निर्णय किया गया। भाजपा सल्ट मंडल ने भी चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की। राजकीय होटल मैनेजमेंट एवं कैटरिंग संस्थान के प्रशिक्षुओं ने पाॅलीथीन के इस्तेमाल के विरुद्ध अभियान चलाया। विकास खंड भैंसियाछाना में जानवरों के आतंक से ग्रामीणों को मुक्त करवाने के लिए प्रदेश किसान और खेत मजदूर कांग्रेस के सचिव दुर्गापाल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। नव घोषित जिले रानीखेत का मुख्यालय पाली में बनाने की मांग के समर्थन में व्यापक आंदोलन का फैसला किया गया। उत्तराखंड ऊर्जा कामगार संगठन के शाखा प्रकोष्ठ के सदस्यों ने बांहों में काले फीते बांध कर अपना विरोध जताया। लगातार तीन-चार दिनों से चल रही अघोषित बिजली कटौती पर क्षेत्र के लोगों ने रोष प्रकट किया। गेवाड़ घाटी में खेतांे की पैदावार को सुअरों द्वारा नष्ट किये जाने की रोकथाम में प्रशासन की निष्क्रियता पर किसानों ने नाराजगी प्रकट की है। योग प्रशिक्षितों को शीघ्र नियुक्ति की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन दिया गया। पिछले साल दैवीय आपदा में मारे गए 27 लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए लोग चैघानपाटा गांधी पार्क में एकत्र हुए। विधायक करन माहरा ने ताड़ीखेत क्षेत्र में भ्रमण कर जन सम्पर्क किया और कहा कि भाजपा की जन विराधी नीतियों और घोटालों ने राज्य का विकास ठप कर दिया है। एस.एस.जे. परिसर के छात्र संघ चुनाव में अध्यक्ष पद पर अखिल विद्यार्थी परिषद के देवाशीष नेगी, महासचिव पद पर बहुजन वॉलिंटियर फ्रंट के चंदन लाल विजेता घोषित हुए।
बागेश्वर
जनपद के दोफाड़ क्षेत्र में गुलदार का आतंक छाया हुआ है। गुलदार ने धान के खेत में काम कर रही महिला पर हमला कर दिया। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में अंकतालिकाएं न पहुँचने से गुस्साए छात्रों ने महाविद्यालय में प्रदर्शन किया। कुमाऊँ के आयुक्त और मैग्नेसाइट फैक्ट्री प्रबंधन समिति के संरक्षक कुणाल शर्मा ने अल्मोड़ा मैग्नेसाइट की वार्षिक सामान्य बैठक की अध्यक्षता की। जनपद में राशन आपूर्ति करने वाले ट्रक मालिकों की हड़ताल के चलते दो माह से आपूर्ति ठप रहने से नाराज सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेताओं ने जिला पूर्ति कार्यालय में प्रदर्शन किया। खाईबगड़ निवासी सीमा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में कपकोट पुलिस ने आरोपी पति शंकर राम व सास सरूली देवी को गिरफ्तार कर लिया।
पिथौरागढ़
जिलाधिकारी एम.सी. जोशी ने सभी विभागों को जनता की शिकायतों का अनिवार्य रूप से पंजीकरण करने और निश्चित समय में समाधान करने के निर्देश दिए। डीडीहाट जिले के सृजन के लिए अधिसूचना जारी करने की मांग को लेकर जिला बनाओं संघर्ष समिति का धरना जारी रहा। जौलजीवी में 27 सितम्बर को उप जिलाधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी ने जनता दरबार में लोगों की समस्याएं सुनीं। पिथौरागढ़ में नाबार्ड के सहयोग से ग्रामीणों को मशरूम उत्पादन और उसके विपणन का प्रशिक्षण दिया गया। महाविद्यालय की समस्याओं को लेकर छात्रों ने क्रमिक अनशन आरंभ कर दिया। चोरी का मुकदमा दर्ज होने को अपना उत्पीड़न बताते हुए एक युवक बी.एस.एन.एल. के टावर पर चढ़ गया और मध्य रात्रि के बाद स्वयं ही उतर गया। चमूबैंड -धुरौली मोटर मार्ग पूरा करने की माँग को लेकर दर्जन भर गांवों के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। जिला मुख्यालय के समीप बेतखोली गाँव में गधेरे में मृत मिले 30 साल के युवक शमशेर सिंह की हत्या के आरोप में उसकी पत्नी व उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया गया। गणाई क्षेत्र में बकरियों की अचानक मौत से पशुपालक परेशान हैं। दर्जनों बकरियाँ बीमारी की चपेट में बताई जा रही हैं। मिलम ग्लेशियर से लौट रहे दल में शामिल 21 साल का अमेरिकी युवक फिसल कर गोरी नदी में बह गया। उसका कुछ पता नहीं चल पाया। भारत नेपाल सीमा पर स्थित निंगालपानी में बी.एस.एन.एल. का टावर लगाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने राजमार्ग पर चार घंटे का जाम लगाया। नवसृजित डीडीहाट जिले का मुख्यालय अस्कोट में बनाने की मांग को लेकर जुलूस निकाला गया।
चंपावत
मनरेगा योजना में शत प्रतिशत रोजगार सुनिश्चित करने के लिए जिले को 17 करोड़ 42 लाख रु. से अधिक की राशि प्राप्त हुई। लोहाघाट रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के नव चयनित पदाधिकारियों ने अपनी बैठक में लोहाघाट डिपो के साथ हो रहे सौतेले व्यवहार पर रोष प्रकट किया। अद्वैत आश्रम मायावती के धर्मार्थ अस्पताल में लगे चार दिवसीय महिला चिकित्सा शिविर में चार सौ से अधिक महिला रोगियों का इलाज किया गया।
उधमसिंह नगर
विद्युत विभाग ने बकायेदारों के खिलाफ अभियान चलाते हुए 162 कनेक्शन काट दिये। कौमी सद्भावना के प्रतीक सामूहिक विवाह समारोह में 30 जोड़ों ने गृहस्थ जीवन में प्रवेश किया। सतर्कता विभाग की टीम ने मनोरंजन कर निरीक्षक को 11 हजार रु. की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। मोबाइक पर सवार तीन बदमाशों ने काशीपुर में एक कारखाने के अधिकारी से व्यस्त मार्ग पर तीन लाख की नकदी लूट ली। काशीपुर में आयोजित लोक अदालत में 189 मामलों का निबटारा करते हुए 1.37 लाख का जुर्माना वसूल किया गया।
हरिद्वार
पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि हरिद्वार महाकुंभ की शानदार व्यवस्था के कारण महाकुंभ का नामांकन नोबेल पुरस्कार के लिए हो गया। गत वर्ष 14 जनवरी से 14 अप्रेल तक चले महाकुंभ के दौरान आठ करोड़ लोगों ने पवित्र गंगा में डुबकी लगाई थी।
देहरादून
विधान सभा सत्र की पूर्व संध्या पर मुख्य मंत्री भुवन चन्द्र खंडूरी ने पत्रकारों के साथ अनौपचारिक बातचीत में विश्वास प्रकट किया कि सत्ता में रहने के बावजूद भाजपा अगले चुनाव में जीत हासिल करेगी। प्रतिपक्ष के नेता डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि विधायकों को हर साल अपनी सम्पत्ति की घोषणा करनी चाहिए। उत्तराखंड क्रांति दल के अध्यक्ष त्रिवेन्द्र पँवार ने कहा कि उनका दल हिमाचल प्रदेश की भांति उत्तराखंड में भी धारा 371 लागू करने के पक्ष में है। वाडिया संस्थान में आयोजित संगोष्ठी का उद्घाटन करते हुए राज्यपाल माग्र्रेट अल्वा ने कहा कि हिमनदों के बचाव के लिए विशषज्ञों के कोर ग्रुप का गठन आवश्यक है। मुख्यमंत्री भुवन चन्द्र खंडूरी ने जीवन ज्योति संस्थान द्वारा हेम कुंड साहिब के लिए आयोजित साहसिक यात्रा को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। यात्रा दल में 25 विकलांग शामिल हैं। रविवार के दिन आयोजित पल्स पोलियो अभियान में 11,512 नौनिहालों को पोलियो की खुराक दी गई। त्यूणी अस्पताल में अनुपस्थित पाये गए दो डाक्टरों को शासन ने निलंबित कर दिया। तीन मनरेगा कर्मचारी अपनी मांगों पर जोर देने के लिए विधान सभा के पास बी.एस.एन.एल. के टावर पर चढ़ गए और अंततः मुख्यमंत्री से बातचीत का आश्वासन मिलने के बाद ही 44 घंटे बाद टावर से उतरे। गढ़वाल सांसद सतपाल महाराज ने कहा कि ऋषिकेश से कर्णप्रयाग तक रेल लाइन अगले पाँच सालों में पहुँच जाएगी। मुख्य मंत्री भुवन चंद्र खंडरी ने प्रख्यात साहित्यकार स्व. हरिदत्त भट्ट शैलेश के निधन पर दून स्कूल स्थित आवास पर उनकी पत्नी से भेंट कर शोक संवेदना प्रकट की और कहा कि साहित्य के क्षेत्र में उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता है। चकराता से प्राप्त समाचार के अनुसार अठगाँव खत पट्टी क्षेत्र में आधा दर्जन गांवों में पशुओं के खुर पका मुँह पका रोग के प्रकोप के कारण एक दर्जन से अधिक मवेशियों की मौत हो चुकी है।
टिहरी गढ़वाल
देवप्रयाग से कुछ दूर ऋषिकेश-बदरीनाथ मार्ग में एक टैंकर के खाई में गिर जाने से चालक सहित तीन लोगों की मौत हो गई। नरेन्द्रनगर में सिद्धपीठ कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेला परम्परागत उत्साह से आयोजित किया गया। भिलंगना ब्लाॅक में कोटी फैगुल पट्टी के इंद्रोला गांव में भू धँसाव के कारण 100 से ज्यादा परिवारों के आवासीय भवनों में दरार आ गई। नरेन्द्रनगर के समीप जंगल में एक कंकाल बरामद किया गया। यह किसी महिला का कंकाल बताया जा रहा है। नागदेवता का पारंपरिक जागड़ा ग्राम धेवन घन्सी में धूमधाम से मनाया गया। घनसाली में कपड़े धोते समय पाँव फिसलने से एक बालिका भिलंगना नदी में बह गई। नरेन्द्र नगर ब्लाक के डौर गाँव में भू-स्खलन में दबे लोगों की तलाश में पाँच लोगों के शव मिले।
उत्तरकाशी
टिहरी लोकसभा क्षेत्र की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए एन.एस.यू.आई. ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और मुख्य मंत्री का पुतला फूँका। टौंस वन विभाग पुरोला के दैनिक वेतनभोगी श्रमिकों ने अपनी दो सूत्रीय मांगों को लेकर डी.एफ.ओ कार्यालय के सामने क्रमिक अनशन शुरू कर दिया। उत्तरकाशी के रवांई क्षेत्र में 21 सितम्बर को शाम 7.45 बजे भूकंप के झटके महसूस किये गए। पायलट बाबा के आश्रम में चलने वाली गतिविधियों पर नाराजगी दिखाते हुए लोगों ने विशाल जुलूस निकाल कर विरोध प्रदर्शित किया।
पौड़ी गढ़वाल
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के जिला सम्मेलन में राज्य सरकार की नीतियों की कड़ी आलोचना की गई। माध्यमिक शिक्षा परिषद रामनगर की हाई स्कूल व इंटरमिडिएट बोर्ड परीक्षा में दस प्रतिशत से कम परीक्षा देने वाले जिले के 118 शिक्षकों को रेड कार्ड जारी किये गए जबकि 25 प्रतिशत परिणाम देने वाले 370 शिक्षकों को यलो कार्ड जारी किये गए। बेरोजगार युवकों ने खुली भर्ती के बजाय आवेदन और काल लेटर के आधार पर नौसेना भर्ती होने से नाराज होकर सांसद सतपाल महाराज का पुतला जलाया। बिजनौर वन प्रभाग सेे लगी ग्राम सभा दुर्गापुर के राजस्व ग्राम जीवानंदपुर में हाथियों ने ग्रामीणों की फसलों को नुकसान पहुँचाया। भाबर क्षेत्र के अन्तर्गत ग्राम लोकमणिपुर में आयोजित अंबेडकर चैपाल में जिलाधिकारी ने ग्रामीणों की समस्याएँ सुनीं। श्रीनगर मैं एक व्यापारी को पीटने वाले युवक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर श्रीनगर के सभी बाजार एक दिन के लिए बंद रखे गए। कोटद्वार में पूर्व सैनिक व अर्द्धसैनिक संगठन के सम्मेलन में राज्य के चहुँमुखी विकास के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प व्यक्त किया गया। डॉ. अम्बेडकर सांस्कृतिक कला मंच के तत्वावधान में रिखणीखाल प्रखंड में कोटड़ीसैंण में आयोजित ढोल सागर समारोह में उत्तराखंड की पौराणिक संस्कृति के प्रचार-प्रसार पर बल दिया गया। भारी बारिश के बावजूद दो-तीन महीनों में बदरी केदार जाने वालों की संख्या 14 लाख पार कर गई।
रुद्रप्रयाग
जखोली विकास खंड के बांगर गांवों में ओलावृष्टि के कारण धान की फसल को भारी नुकसान हुआ। प्रभावित किसानों को मुआवजा देने की मांग की गई है। केदारघाटी बचाओ संघर्ष समिति ने घाटी में बन रही जल विद्युत परियोजनाओं को असंवैधानिक बताते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से बंद करने की मांग की है। रुद्रप्रयाग-केदारनाथ रोड पर यात्री बस ने चन्द्रापुरी में पाँच वर्षीय बच्ची मोनिका को कुचल डाला। अगस्त्यमुनि ब्लाक की एक महिला का शव जंगल में पेड़ से लटका मिला।
चमोली
उपजिलाधिकारी जोशीमठ के नेतृत्व में राजस्व टीम ने अचानक निरीक्षण कर बदरीधाम में अवैध निर्माण के 10 मामले पकड़े और काम रोकने के निर्देश दिए। गोपेश्वर में जड़ी -बूटी शोध संस्थान के खाते से फर्जी चेक के जरिये पौने दो करोड़ रु. निकाले जाने के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। बैंक द्वारा ठगों की एक गलती पकड़े जाने पर इस ठगी का भंडाफोड़ संभव हुआ। गोपेश्वर महाविद्यालय की लम्बित समस्याओं के निबटारे की मांग को लेकर छात्रों ने क्रमिक अनशन किया। तहसील घाट को पूर्ण तहसील का दर्जा देने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया और प्रशासन को चेतावनी दी कि मांगों को गंभीरता से न लिये जाने पर जिला मुख्यालय में आमरण अनशन आरंभ किया जाएगा। लामबगड़ से वापस लौट रहा एक ट्रक जोशीमठ- बद्रीनाथ मार्ग में बलदौड़ा के पास अलकनन्दा नदी में जा गिरा। ट्रक में सवार चालक और परिचालक का पता नहीं चला। चमोली कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सत्येन्द्र बथ्र्वाल के इस्तीफे के बाद जिलाध्यक्ष पद पर हरी सिंह रावत की ताजपोशी की। देवाल के सरकोट गाँव में दस साल के बालक को गुलदार ने घर के आंगन में ही अपना शिकार बना डाला।