11 सितम्बर को रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ के स्थान पर भुवन चन्द्र खंडूरी दुबारा उत्तराखंड के मुख्यमंत्री बन गये। नवनियुक्त मुख्यमंत्री ने कार्यभार ग्रहण करते ही सभी मंत्री व अफसरों द्वारा एक महीने में अपनी संपत्ति की घोषणा करने, राज्य में बेनामी सम्पत्ति जब्त करने, लोक सेवा अधिकार कानून बनाने तथा लोकायुक्त व्यवस्था को प्रभावशाली बनाने का वादा किया है। जल विद्युत निगम के प्रबंध निदेशक जी.पी.पटेल के अनुसार 31 अगस्त को 23 मिलियन यूनिट से अधिक का विद्युत उत्पादन हुआ, जबकि पूरे अगस्त मास में 553.39 मिलियन यूनिट का उत्पादन हुआ। शासन ने प्रदेश भर के तीन नगर निगमों समेत 60 नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के सफाईकर्मियों को दो हजार की बजाय तीन हजार रु. का मानदेय देने का निर्णय किया है। नन्दादेवी मेला प्रदेश के अनेक नगरों में धूमधाम से मनाया गया। अनेक स्थानों पर गणेशोत्सव मनाये जाने के भी समाचार हैं। पं. गोविन्द बल्लभ पन्त की 124 वीं जयंती भी राज्य में धूमधाम से मनायी गई।
नैनीताल
जिलाधिकारी ने सभी कार्यालयों में अनुपस्थित कर्मचारियों के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई करने और वेतन रोकने का निर्देश दिया है। विभिन्न कार्यालयों में मारे गए छापों में सबसे ज्यादा अनुपस्थिति नैनीताल नगरपालिका के दफ्तर में पायी गई। हाइकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल यू. सी. ध्यानी हाइकोर्ट में न्यायाधीश नियुक्त हो गये हैं। पौड़ी गढ़वाल के जिला जज के. डी. भट्ट को हाइकोर्ट का रजिस्ट्रार जनरल नियुक्त किया गया है। एन.एस.जी कमांडो लकी व उसका एक साथी प्रापर्टी के धंधे में दबंगई करते-करते भवाली के सनसनीखेज दुहरे हत्याकांड में फँस गए। गौला में अज्ञात युवक की लाश मिली और इंदिरानगर में एक वृद्ध का क्षत-विक्षत शव मिला। हल्द्वानी मेडिकल कालेज में दो शिक्षकों के बीच विवाद और मारपीट के बाद फीजियोलोजी के प्रोफेसर डॉ.आर. सी. शर्मा को अस्पताल में भर्ती करना पड़ा। रुड़की में डिप्टी जेलर नरेन्द्र सिंह खंपा की हत्या के विरोध में नैनीताल में तिब्बती व भोटिया बाजार दिन भर बंद रहे। कार्बेट टाइगर रिजर्व के गाँव हिम्मतपुर डोटियाल में बाघ द्वारा दो गायों को निवाला बनाये जाने के बाद से इलाके में भय का वातावरण है। नाराज ग्रामीणों ने कानिया रोड पर जाम लगाया। रामनगर में दहेज हत्या के आरोप में विवाहिता के पति व सास को गिरफ्तार किया गया। रामनगर को जिला घोषित करने की मांग को लेकर धरना जारी रहा। बेहतर साफ-सफाई और सुविधाओं के लिए रानीखेत एक्सप्रेस को आई.एस.ओ. 9011 प्रमाण पत्र मिला।
अल्मोड़ा
जिला कारागार के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उपकारागार रुड़की के डिप्टी जेलर नरेन्द्र सिंह की हत्या पर बाँहों में काली पट्टी बाँध कर विरोध प्रकट किया। जैंती में सालम शिल्पकार संगठन का गठन कर प्रताप राम को सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुना गया। उपराड़ी क्षेत्र के गायब हुई दो महिलाओं में से एक को राजस्व पुलिस ने मेरठ के एक व्यक्ति के साथ पकड़ लिया। सरस्वती बाल मंदिर खत्याड़ी का 18वाँ वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया गया। द्वाराहाट तहसील क्षेत्र के पैठानी गाँव में एक विवाद के बाद की गई 55 वर्षीय जीवन सिंह की हत्या में नामजद तीन महिलाओं को राजस्व पुलिस ने हिरासत में ले लिया। दिल्ली में बम धमाकों में मारे गए निर्दोष नागरिकों की मौत के लिए केन्द्र सरकार की तुष्टीकरण नीतियों को जिम्मेदार ठहराते हुए हिंदू जागरण मंच ने मोटरसाइकिल रैली निकाल कर अपना विरोध दर्ज किया। द्वाराहाट में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में चिकित्सकों व सहायक स्टाफ की तैनाती के लिए चल रहे आंदोलन में आंदोलनकारियों ने क्षेत्रीय विधायक व सी.एम.ओ को कई घंटों तक बंधक बना दिया। छतीना गाँव में गुलदार ने रात को हमला कर एक बैल को मार डाला।
बागेश्वर
नुमाइश खेत, चैरासी, दुग बाजार क्षेत्र में एक सप्ताह से पानी की आपूर्ति ठप होने से नाराज लोगों ने जल संस्थान का घेराव कर अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपा। राजकीय इंटर कालेज काफलीगैर में शिक्षकों की नियुक्ति की माँग को लेकर स्थानीय अभिभवकों ने प्रदर्शन किया। आचार्य बसंत बल्लभ पांडे को भाजपा की नगर इकाई का अध्यक्ष चुना गया। प्रकाश चन्द्र साह व तिलक पांडे महामंत्री चुने गए।
पिथौरागढ़
चमू-चैबाटी सड़क का निर्माण 15 साल बीत जाने के बाद भी पूरा न होने से नाराज निवासियों ने जिला मुख्यालय में प्रदर्शन किया। मुवानी घाटी के लोगों ने क्षेत्र की उपेक्षा दूर करने के लिए वहाँ तहसील बनाने की माँग की है। गंगोलीहाट ब्लाॅक कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष यशपाल आर्य से गंगोलीहाट विधान सभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने का अनुरोध किया है। जाख को विकास खंड का दर्जा देने की माँग को लेकर क्षेत्र के दर्जनों गाँवों के लोगों ने जिला मुख्यालय में प्रदर्शन किया। पिथौरागढ़ जिले की घोर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांधी चौक पर प्रदर्शन किया और प्रदेश सरकार का पुतला फूँका।
चंपावत
लोहाघाट महाविद्यालय छात्र संघ के नव-निर्वाचित पदाधिकारियों ने महाविद्यालय को दलगत राजनीति से दूर रखने और संगठित हो कर काम करने का संकल्प व्यक्त किया। जिला कांग्रेस महामंत्री ललित वर्मा के साथ कांग्रेस के ही एक नेता द्वारा की गई मारपीट के खिलाफ बाराकोट के कांगे्रस कार्यकर्ताओं ने आक्रोश प्रकट किया है। वर्षा के कारण पूर्णागिरी मार्ग बाधित रहा। प्रशिक्षित बेरोजगारों ने अपनी माँगें न मानी जाने पर आगामी चुनाव में सरकार को सबक सिखाने की घोषणा की है। पेय जल मंत्री प्रकाश पन्त ने कहा कि लोहाघाट जल निगम का दफ्तर कहीं नहीं जाएगा और पूर्ववत चलेगा। चन्द्रवंशीय पुरातन राजधानी में आयोजित नंदा सुनंदा मेला अनेक अनुष्ठानों और हवन यज्ञ के साथ सम्पन्न हो गया। टनकपुर में बाइक सवार एक युवक सब्जी के ठेले से टकरा कर घायल हो गया। बाद में उपचार के दौरान अस्पताल में उसकी मौत हो
गई।
उधमसिंह नगर
रुद्रपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रमेश पोखरियाल निशंक के कार्यकाल में हुए भ्रष्टाचार के मामलों का उल्लेख करते हुए विरोध किया और उनका पुतला फूँका। बाजपुर में कांगे्रसियों ने प्रदर्शन कर निशंक को भ्रष्टाचार के आरोप में जेल भेजने की माँग की। सम्पूर्णानंद शिविर खुली जेल से फरार कैदी को डेढ़ माह बाद गिरफ्तार कर लिया गया। पीलीभीत के कटइया गुरुद्वारा में धर्मग्रंथ के अपमान के विरोध में लोगों ने किच्छा रोड पर जाम लगाया। इसी मुद्दे पर रुद्रपुर में दूसरे दिन भी बाजार बंद रहा। रेलवे क्रासिंग के निकट पानी भरे गड्ढे में गिरने से एक युवक की मौत हो गई। काशीपुर में ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आने से मोबाइक में सवार युवक की मौत हो गई।
हरिद्वार
पूर्णिमा स्नान पर्व पर पाँच लाख श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगाई। लघु व्यापारियों के हितों की रक्षा से जुड़ी तीन मांगों को लेकर व्यापारियों ने नगर निगम में नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। भगवानपुर -इमलीखेड़ा मार्ग पर एक तेल टैंकर के साथ टक्कर में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। रुड़की में उपकारागार के जेलर सुबह अपनी बेटी को स्कूल वैन में बिठाने के बाद जेल के गेट से वापस जाने लगे तो बाइक में सवार बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। उन्हें अस्पताल ले जाने पर चिक्त्सिकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
देहरादून
मुख्यमंत्री भुवन चन्द्र खंडूरी ने अपने नए कार्यकाल के पहले दिन की शुरूआत कचहरी स्थित शहीद स्थल पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर की। उसके बाद वे कांग्रेस के वयोवृद्ध नेता नारायण दत्त तिवारी का हालचाल पूछने उनके निवास पर गए। त्यूणी के निकट एक बस के टौंस नदी में गिर जाने से 11 लोगों की मौत हो गई और 38 लोग घायल हो गए। पौड़ी गढ़वाल के सांसद सतपाल महाराज ने सिटुर्जिया, कुंभ, सैफ गेम्स, जलविद्युत परियोजनाओं के आबंटन, स्पर्श गंगा अभियान, आपदा व खाद्यान्न वितरण जैसे घोटालों का उल्लेख करते हुए अन्ना हजारे का आह्वान किया कि वे उत्तराखंड से भ्रष्टाचार हटाने के लिए आगे आएँ। उत्तराखंड वानिकी और औद्यानिकी विश्वविद्यालय भरसार, पौड़ी के पहले कुलपति डॉ. मैथ्यू ने राज्यपाल अल्वा से भेंट की। मेयर विनोद चमोली ने बताया कि पर्यटकों के बीच देहरादून को हैरिटेज सिटी के रूप में प्रतिष्ठित करने के लिए 52 प्राचीन इमारतों को ऐतिहासिक धरोहर के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। तीन दिनों तक पेयजल समस्या से जूझने के बाद रसूलपुर के ग्रामीणों ने विकास नगर जल संस्थान कार्यालय में तोड़फोड़ कर दस्तावेज फाड़ डाले। देहरादून के चार शिक्षकों को उत्कृष्ट काम के लिए राष्ट्रपति से सम्मान मिला। सीटू के नेतृत्व में 22 उद्योगों के कर्मचारियों ने न्यूनतम वेतन 10 हजार करने तथा अन्य मांगों को लेकर उप श्रमायुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन किया और ज्ञापन दिया। गढ़वाल मंडल विकास निगम के प्रतिनिधिमंडल ने विधान सभा अध्यक्ष हरबंस कपूर, श्रम मंत्री प्रकाश पन्त और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बिशन सिंह चुफाल से भेंट कर निगम में कार्यरत दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को नियमित करवाने की मांग की। डी.ए.वी. काॅलेज छात्र संघ चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने लगातार पाँचवी बार जीत दर्ज की। नदी में नहाने गए सात बच्चे अरंडी का बीज खाने से बेहोश हो गए। अवैध शराब के विरोध में महिलाओं के आंदोलन के बाद अब रायपुर -टिहरी मार्ग से शराब के ठेके हटाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने हंगामा किया। बहुजन समाज पार्टी ने केन्द्र व राज्य सरकार की जन विरोधी नीतियों के विरोध में ऋषिकेश में रैली निकाली। डाक पत्थर बैराज में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। प्रसिद्ध महासू मंदिर हनोल में दो दिवसीय जागरा मेला सम्पन्न हो गया। जौनसार के कई गाँवों में जागड़े मेले की धूम रही। ऋषिकेश रोड में डोईवाला के पास सड़क के पास एक शव संदिग्ध अवस्था में मिला। रायपुर की मालदेवता नहर में स्कूल से लौट रहे दो मासूम भाई-बहन डूब गए। राजधानी के मोतीबाग इलाके में दिवंगत प्रोफेसर सुरेश भटनागर की 70 वर्षीय पत्नी कैलाशो की बदमाशों ने घर में लूटपाट के बाद हत्या कर दी। माँ की मौत के सदमे में उनकी छोटी बेटी 45 वर्षीय नीहारिका माथुर की भी मौत हो गई।
टिहरी गढ़वाल
नरेन्द्रनगर ब्लाक के डौंर गाँव में भूस्खलन के कारण तीन मकान जमीन में धंसने से छः लोग दब गए। चार शव निकाले जा चुके हैं। घटना स्थल पर जलस्रोत फूटने से राहत कार्यों में बाधा आई। अलगाड़ से थत्यूड़ी जा रही बस के बंगार के पास खाई में गिर जाने से सात लोगों की मौत हो गई। केदारगंगा में ग्लेशियर टूटने से जल प्रवाह बढ़ने के फलस्वरूप भारी भू कटाव से नुकसान हुआ। देवप्रयाग से 150 किलोमीटर दूर श्रीनगर- ऋषिकेश मार्ग में एक टाटा सूमो के अलकनदा नदी में गिर जाने से छः लोगों की मौत हो गई। घनसाली को जिला बनाने की मांग को लेकर क्षेत्र के लोगों ने रैली निकाली। नरेन्द्रनगर को जिला बनाने की मांग को लेकर लोग बड़ी संख्या में सड़कों पर उतरे।
उत्तरकाशी
चार दिन तक चलने वाला 12 गावों के फतेह पट्टी का शैड़कुड़ीया महासू जागरा भितरी मेला धूमधाम के साथ सम्पन्न हुआ। नए यमुनोत्री जिले का मुख्यालय बनाने की मांग को लेकर पुरोला, नौगांव, बड़कोट में अलग-अलग प्रदर्शनों का आयोजन किया गया।
पौड़ी गढ़वाल
बी.एस.एन.एल. प्रबंधन पर मनमाने निर्णय करने का आरोप लगाते हुए कर्मचारियों ने दूरसंचार महाप्रबंधक कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। कार्बेट नेशनल पार्क की सर्पदुली वन रेंज में दो हाथियों के बीच वर्चस्व की लड़ाई में एक हाथी की मौत हो गई। विकास खंड नैनीडांडा के ग्राम किनाथ के एक व्यक्ति ने स्वयं पर मिट्टी का तेल छिड़क कर आत्मदाह कर लिया। उत्तराखंड क्रांति दल (डी) के कार्यकर्ताओं की बैठक में पहाड़ के हित में मुख्य मंत्री भुवन चन्द्र खंडूड़ी को समर्थन देने का निर्णय किया गया। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं को पाँच नए छात्रावासों की सुविधा मिल गई है। इनमें चार सौ छात्र-छात्राएं रह सकेंगे। कोटद्वार में मालवीय उद्यान में करेंट लगने से एक 28 साल के युवक मनजीत सिंह की मौत हो गई। किरसाल के पास मैक्स वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में गिर जाने से रिस्ती व कठूड के ग्राम प्रधानों की मौत हो गई। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय लैंसडौन के छात्रसंघ चुनाव में अरविंद सिंह अध्यक्ष व आरती सचिव पद के लिए चुनी गईं।
रुद्रप्रयाग
सामुदायिक केन्द्र जखोली में चिकित्सकों की नियुक्ति एवं लाखों रु. की मशीनों का उपयोग न किये जाने की माँगों को लेकर क्षेत्रीय जन प्रतिनिधियों और जनता ने सी.एम.ओ. का घेराव कर उचित कार्रवाई करने की मांग की। जखोली ब्लाक में शिक्षा की बदहाली को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल ने जिला शिक्षा अधिकारी के कार्यालय में तालाबंदी कर रोष प्रकट किया। तिलवाड़ा क्षेत्र में छतोली ग्राम में एक युवती ने पंखे से लटक कर आत्महत्या कर ली। भूस्खलन के खतरे को देखते हुए जैली गाँव के 70 परिवारों ने घर छोड़ दिया। अब 30 भवन क्षतिग्रस्त हो चुके हैं।
चमोली
चमोली थाने की पुलिस ने दो व्यक्तियों को जबरन थाने ले जा कर न केवल लूटपाट की, वरन उनके ए.टी.एम. से 15,000 रु. भी निकाल लिए। ए.टी.एम. के सी.सी.टी कैमरे की मदद से उनकी पहचान स्थापित होने के बाद दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया। भू-स्खलन के खतरे का सामना कर रहे दशोली विकास खंड के चमेली गाँव के निवासियों ने जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और सरकार को शीघ्र कार्रवाई करने के लिए चेताया। क्षेत्र के पलेठी गाँव के निवासियों ने भी ज्ञापन दे कर गाँव को विस्थापन की श्रेणी में रखने की मांग की है। मौसम की खराबी के कारण हेमकुंड से देहरादून जा रहे निजी कम्पनी के हेलीकाप्टर को अलकनंदा नदी के तट पर आपात लैंडिंग करनी पड़ी। बालखिला नदी में गिरी कार से दोनों लापता छात्रों के शव बरामद कर लिये गए। राजकीय इंटर कालेज सिमली में प्रार्थना के बाद अचानक दस छात्र-छात्राओं के बेहोश होने से विद्यालय में अफरा -तफरी मच गई। गोपेश्वर में प्रेमिका से मिलने के लिए मेले में जाना प्रेमी को महंगा पड़ा। युवती के पिता ने उसे चाकू से गोदकर घायल कर दिया। बीच-बचाव में युवती भी घायल हो गई। गोपेश्वर महाविद्यालय छात्र संघ के चुनाव में अध्यक्ष पद पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के भरत सिंह को और सचिव पद पर एन.एस.यू.आई. के सुनील कुमार को जीत हासिल हुई। रानीगढ़ पट्टी के देवल गाँव में आयोजित तीन दिवसीय देवराड़ी देवी मेला सम्पन्न हुआ। तहसील कर्णप्रयाग के खोला गाँव में रात को एक गुलदार गोशाला में घुस गया और दो मवेशियों को निवाला बनाने के बाद रात भर वहीं रहा। सुबह गृह स्वामिनी ने देखा तो दरवाजा बंद कर दिया। बाद में गुलदार को वन विभाग ने पिंजरा लगा कर पकड़ लिया।