छिटपुट वर्षा और आंधी से पहाड़ों पर मौसम कुछ ठीक हुआ है, हालाँकि तराई-भाबर में अभी गर्मी से राहत नहीं है।
केन्द्र सरकार ने चार धाम यात्रा को देखते हुए सूबे को 3550 टन अतिरिक्त खाद्यान्न आबंटित किया है। दूसरी तरफ राज्य सरकार ने यह कहते हुए कि वह पेय जल संकट का समाधान करने में समर्थ नहीं है, केन्द्र सरकार से विशेष पैकेज की माँग की है।
राज्य मंत्रिमंडल ने आयुष को पाठ्यक्रम में शामिल करने व चरक का डांडा (कोटद्वार) में एक आयुष शोध संस्थान की स्थापना का फैसला किया है। एक अन्तर्राष्ट्रीय स्तर का गौ विज्ञान प्रौद्योगिकी संस्थान बनाने का फैसला भी किया गया।
चालू वित्तीय साल में शहरी निकायों को दूसरी किस्त के रूप में 35 करोड़ 40 लाख रु. मिलेंगे।
भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी का विस्तार कर महिलाओं को 33 प्रतिशत स्थान देने की नीति पर अमल का दावा किया गया है।
ऋषिकेश में 400 करोड़ रु. के स्टर्डिया भूमि घोटाले के प्रकाश में आने के बाद काँग्रेसी प्रदेश भर में मुख्यमंत्री निशंक का पुतला फूँकने में व्यस्त हैं और भाजपायी कथित भूमि घोटाले को लेकर नेता प्रतिपक्ष हरक सिंह रावत का।
नैनीताल
नैनीताल व आसपास के इलाकों में 20 जून को हुई भारी वर्षा से लोगों को राहत मिली और पर्यटकों को कुछ परेशानियों का सामना करना पड़ा।
श्री माँ नयना देवी मंदिर की स्थापना का 127वाँ वार्षिक दिवस श्रद्धा व भक्ति के साथ मनाया गया।
दिल्ली से रामनगर आ रहे एक इंजीनियर को जहरखुरानों ने अपना शिकार बना कर पांच लाख रु. लूट लिये।
औद्योगिक पैकेज न बढ़ाने व कथित भूमि घोटाले में शामिल काँग्रेस नेता हरक सिंह रावत के विरोध में भाजपा नेताओं ने हल्द्वानी व नैनीताल में प्रदर्शन किया।
राजभवन में राज्यपाल मार्ग्रेट अल्वा ने जैव विविधता वर्ष के अवसर पर जारी फोल्डर का विमोचन किया।
इस साल के ट्रेड्स कप हॉकी टूर्नामेंट में एफ.सी.आई., नोएडा ने ऋषि क्लब शाहाबाद (हरियाणा) को हरा कर विजयश्री प्राप्त की।
अल्मोड़ा
टैक्सी स्टैंड शुरू होने के साथ ही नगर की यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के लिए मुख्य डाकघर से जाखनदेवी मंदिर तक के क्षेत्र को नो पार्किंग जोन घोषित किया गया है।
उत्तराखंड लोक वाहिनी ने नागरिकों से हस्ताक्षर करा कर डी.एम. को एक ज्ञापन दिया कि अल्मोड़ा की पटाल बाजार में या तो गाड़ियों का चलना बन्द कर दिया जाये या पैदल चलने वालों का। इसके बाद बाजार में वाहन ले जाने में पूरी तरह रोक लग गई है।
कोसी से अल्मोड़ा की तरफ आ रही एक जीप के पांडेखोला के पास गहरी खाई में गिर जाने से 13 वर्षीय बालक जयपाल सिंह की मौत हो गई।
बौरारौ घाटी में नदियों का जल स्तर कम हो जाने से धान की रोपाई का काम मुश्किल हो गया।
सोमेश्वर के अन्तर्गत आने वाले वन विभाग के ऐकुवा, सुन्चोड़ी, लमगड़ा जैसे अनेक क्षेत्र आग की चपेट में आ गए।
सोमेश्वर के एक समाचार के अनुसार सुदूरवर्ती गाव कांटली के प्राचीन गोलू मंदिर में गोलू देवता की नई मूर्ति में प्राण प्रतिष्ठा के साथ अखंड रामायण का पाठ किया गया। कार्यक्रम में सांसद प्रदीप टम्टा व विधायक अजय टम्टा भी शामिल हुए।
सांसद प्रदीप टम्टा ने रनमन क्षेत्र के बजेल, पाया तथा अन्य गाँवों में जा कर अतिवृष्टि से हुए नुकसान का जायजा लिया।
पिथौरागढ़
इस सीमांत जिले में 23 जून की प्रातः भूकम्प के तेज झटके महसूस किये गए। इसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.5 मापी गई। भूकंप के कारण धारचूला तहसील में एक मकान ध्वस्त हो गया, जिसमें सात बकरियाँ जिन्दा दब गईं।
राज्य सरकार ने धारचूला में प्रस्तावित हेलीपैड को लेकर हो रही कठिनाइयों के दूर होने के साथ ही इसे तीन माह में तैयार करने के निर्देश दिये हैं।
तिब्बत सीमा पर ट्राई जंक्शन के पास 17 हजार फुट की ऊँचाई पर गश्त कर रहे भारत-तिब्बत सीमा पुलिस के हेड कांस्टेबल संत कुमार की मौत हो गई।
बागेश्वर
गरुड़ विकास खंड के दर्जनों गाँवों में लम्बे समय से बाघ का आतंक जारी है।
कपकोट विकास खंड के अणु गाँव में पानी की किल्लत से जूझ रही महिलाओं ने विधायक का घेराव किया।
भाजपा के उपाध्यक्ष व राज्य सभा के सदस्य भगत सिंह कोश्यारी के जन्मदिन पर पार्टी के कार्यकर्ताओं ने हवन कर उनके दीर्घायु होने की कामना की।
जिला रेडक्रॉस सोसायटी ने शिक्षकों के लिए तीन दिन के प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया।
ग्रामीण जगदीश चन्द्र जोशी द्वारा बनाये गए गौ सेवा केन्द्र का शिलान्यास संसदीय सचिव चन्दन राम दास ने किया।
जिला साहसिक खेल विभाग द्वारा शामा में 10 दिवसीय एडवेंचर कोर्स के समापन के अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष राम सिंह कोरंगा ने कहा कि युवकों को साहसिक खेलों को रोजगार का माध्यम बनाना चाहिए।
जनपद के स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था चौपट हो जाने का आरोप लगाते हुए गाँव गरीब उत्थान मंच ने जिला शिक्षाधिकारी कार्यालय में तालाबंदी कर दी।
चम्पावत
गुरुद्वारा रीठा साहिब में बड़ी संख्या में तीर्थयात्रियों और कीर्तनी जत्थे के पहुँचने से चहल-पहल शुरू हो गई। संभागीय परिवहन विभाग द्वारा टनकपुर बनबसा व पूर्णागिरी क्षेत्र में चलाये गए चेकिंग अभियान में चार दिनों में 45 वाहनों के चालान किये गए और नौ वाहन जब्त किये गए।
लोहाघाट में राज्य जैविक उत्पाद परिषद के तत्वावधान में गैरपिण्डी और ढोरजा गाँवों में जैविक उत्पादक समूहों की खुली बैठक का आयोजन किया गया।
नगर स्थित सैयद कालू बाबा की मजार पर उर्स के मौके पर कव्वाली की धूम रही।
पेयजल मंत्री प्रकाश पन्त ने लोहाघाट स्थित चौड़ी पम्प हाउस का औचक निरीक्षण किया।
विवेकानन्द विद्यामंदिर इंटर कालेज का वार्षिक पुरस्कार वितरण व सम्मान समारोह रंगारंग कार्यक्रमों के साथ सम्पन्न हुआ।
जिला मुख्यालय में पेयजल संकट के चलते पिकप और टेंकरों से की जा रही जलापूर्ति के समय अफरातफरी मचने को देखते हुए पुलिस की तैनाती कर पानी का वितरण करना पड़ रहा है।
उधमसिंह नगर
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय के दीक्षान्त समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए उत्तराखंड की पारंपरिक फसलों और मिश्रित खेती के संरक्षण की जरूरत पर जोर दिया। उनके पंतनगर दौरे के दौरान प्रदेश के लिए कोई घोषणा न किये जाने से नाराज भाजपाइयों ने नगर के मुख्य चौक पर केन्द्र सरकार का पुतला फूँका।
काशीपुर क्षेत्र में 16 सरकारी गेहूँ क्रय केन्द्रों में पिछले वर्ष की तुलना में मात्र 47 प्रतिशत खरीद दर्ज की गई।
जसपुर क्षेत्र के ग्राम हजीरों के दर्जनों ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर पट्टे की भूमि पर कब्जा दिलाने व मारपीट के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की माँग की।
बाजपुर में उत्तराखंड व उत्तर प्रदेश की दर्जनों जघन्य वारदातों में शामिल अन्तरराज्यीय गिरोह के तीन डकैतों को पुलिस ने करीब दो लाख के माल के साथ गिरफ्तार किया।
पानी माँगने के दौरान भाई से हुई कहासुनी पर युवती ने घर में रखी नींद की गोलियाँ खा लीं। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती किया गया।
काशीपुर क्षेत्र में ग्राम बांसखेड़ा खुर्द रेलवे क्रासिंग पर ट्रेन व ट्रैक्टर ट्राली की भिड़ंत में ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई।
बगवाड़ा मंडी के पास एक वृद्धा की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। ग्राम दरऊ में भी एक किशोरी का शव मिला।
देहरादून
अल्पसंख्यक आयोग देहरादून जिले में ही काँग्रेस के एक प्रभावशाली विधायक द्वारा अल्पसंख्यक समुदाय की 100 एकड़ से अधिक जमीन कब्जाने के आरोपों की जाँच कर रहा है।
आयुर्वेद विभाग के निष्कासित कर्मचारियों में से एक ने लगभग 36 घंटों तक मोबाइल टावर पर चढ़े रह कर व आत्महत्या की धमकी देकर कर्मचारियों का रोष प्रकट किया।
ग्राफिक एरा का एक छात्र संदिग्ध परिस्थितियों में सड़क पर पड़ा मिला। अस्पताल पहुँचाये जाने पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
व्यापार में घाटे से परेशान एक आढ़ती ने रेलगाड़ी के नीचे कट कर अपनी जान दे दी।
ठेकेदार से 25 हजार की रिश्वत लेते हुए पुलिस मुख्यालय में तैनात जूनियर इंजीनियर सुधाकर त्रिपाठी को सतर्कता विभाग ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
एम.आई.सी., सी.बी.आई. और आयकर विभाग की संयुक्त टीम ने राजधानी स्थित एस.जी.आर.आर. मेडिकल कालेज में छापा मार कर जाँच पड़ताल की और कई फाइलें अपने कब्जे में ले लीं।
पुलिस ने अन्तरराष्ट्रीय कार चोर गिरोह का पर्दाफाश कर चुराई गई एक करोड़ रु. कीमत की दस कारें बरामद कीं।
हरिद्वार
गंगा दशहरे पर आठ लाख श्रद्धालुओं द्वारा गंगा में स्नान किया गया। उसके बाद निर्जला एकादशी पर भी लगभग चार लाख लोगों ने गंगा में डुबकी लगाई।
पारिवारिक कलह से तंग आ कर एक महिला अपने तीन बच्चों को लेकर गंग नहर में कूद गई। काफी प्रयासों के बाद महिला व एक बच्चे को लोगों ने सुरक्षित निकाल लिया जबकि दो बच्चे पानी में डूब गए।
बिजली उपकेन्द्र पर तैनात एक कर्मचारी का शव यहाँ बिजलीघर की दीवार के पास मिला।
रुड़की में नए ट्रैफिक प्लान में सख्ती से अमल किये जाने से जीरो जोन में वाहनों पर प्रवेश थम गया। इससे दुकानदार व ग्राहक दोनों ही खुश हैं।
विशेष पोलियो अभियान के विरोध में आंदोलित महिला स्वास्थ्यकर्मियों ने सी.एम.ओ. कार्यालय पर प्रदर्शन किया और गेट पर ताले जड़ दिये जिससे वैक्सीन का वितरण नहीं हो सका।
अज्ञात वाहन की चपेटं में आने से दिल्ली निवासी एक युवक की मौत हो गई।
भारतीय किसान यूनियन से जुड़े किसानों ने किसान कुंभ से वापसी के समय जनता एक्सप्रेस पर कब्जा कर तोड़फोड़ की और यात्रियों से मारपीट की।
रुड़की में दो अलग-अलग दुर्घटनाओं में एक छात्र समेत दो लोगों की मौत हो गई जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
चमोली
पांडुकेश्वर एवं भ्यूँडार में हेमकुंड साहिब के कपाट खुलने के बाद अभी तक दोनों ही स्थानों में पाँच हजार बैग से अधिक पॉलीथीन व प्लास्टिक कचरा इकट्ठा किया गया।
दस जून को बद्रीनाथ में श्रद्धालुओं पर लाठी चार्ज की घटना के बाद अब तीर्थयात्रियों को दर्शन करवाने और लाइन में व्यवस्थित करने की जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन से हटा कर जिला प्रशासन ने अपने हाथ में ले ली है।
लंगासू के नजदीक बारात ले जा रहे सूमो वाहन के खाई में गिर जाने से नवविवाहित दंपति सहित आठ लोगों की मौत हो गई।
जोशीमठ से प्राप्त समाचार के अनुसार रविग्राम की 42 वर्षीय महिला शांति देवी ने अपनी बीमारी से तंग आ कर जहरीला पदार्थ खा कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
कर्णप्रयाग-सिमली मोटर मार्ग पर पाडली में रात को शौच के लिए बस से उतरा एक युवक लापता हो गया। उसके पिंडर में बह जाने की आशंका व्यक्त की गई है।
दैवीय आपदा के दौरान जन समुदाय, स्वैच्छिक संगठनों और सरकार के बीच समन्वय कर आपदा से होने वाले नुकसान को कम करने के बारे में श्री भुवनेश्वरी आश्रम गैरसैंण ने समन्वय बैठक आयोजित की।
रुद्रप्रयाग
‘सरकार चली जनता के द्वार’ कार्यक्रम के तहत पंचायती राज मंत्री राजेन्द्र सिंह भंडारी ने विकास खंड पोखरी के कई गांवों का दौरा किया।
ऊखीमठ तहसील के अन्तर्गत ग्राम सभा बुरूवा में भारी वर्षा व बादल फटने से भारी क्षति का समाचार है।
गुलाबराय- तूना-बौंठा मोटर मार्ग में एक मोटर साइकिल दुर्घटना में एक बच्चे की मौत हो गई जबकि दो बुरी तरह से घायलों को बेस चिकित्सालय श्रीनगर भेज दिया गया।
जिले के गुप्तकाशी, उखीमठ व कर्णप्रयाग रूट पर वाहनों की कमी से परेशान यात्रियों ने मुख्यालय में एक घंटे तक हाइवे जाम रखा।
देवस्थान के ग्रामीणों ने पेयजल समस्या का समाधान न होने के विरोध में तहसील कार्यालय पहुँच कर प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी, एस.डी.एम. और जल संस्थान के अधिशासी अभियंता का घेराव किया।
उत्तरकाशी
मुख्य चिकित्साधिकारी पर मारपीट का आरोप लगाते हुए चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण महासंघ ने कार्य का बहिष्कार किया और अधिकारी के तबादले की माँग की।
जिला प्रशासन ने कलक्ट्रेट परिसर में हड़ताल पर बैठे 14 राज्य आंदोलनकारियों को जबरन उठा लिया। इसके बाद आंदोलनकारी भूख हड़ताल का ऐलान करते हुए देहरादून को कूच कर गए।
भटवाड़ी विकास खंड में रंगारंग कार्यक्रम के साथ सांस्कृतिक विकास मेले का शुभारम्भ हुआ।
बड़कोट में प्रशिक्षित बेरोजगार महासंघ ने यमुनोत्री के विधायक केदार सिंह रावत के नेतृत्व में जुलूस निकाल कर राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
मोरी तहसील में आयोजित बहुउद्देश्यीय शिविर में क्षेत्रीय विधायक राजेन्द्र सिंह जुवाँठा को बैठने के लिए कुर्सी न मिलने के कारण हंगामे की भेंट चढ़ गया। प्रशासन की व्यवस्था से नाराज हो कर ऊर्जा राज्यमंत्री राजेन्द्र सिंह भंडारी शिविर स्थल छोड़ कर चले गए।
योग गुरू बाबा रामदेव के जीवन पर आधारित फिल्म ‘जागो रे’ की शूटिंग यहाँ आरंभ हो गई है।
टिहरी
टिहरी बाँध प्रभावित प्रतापनगर के लोगों की आवागमन की समस्या को देखते हुए बनाये गए टिपरी-मदननेगी रोप-वे में तकनीकी जाँच के चलते इसका परिचालन अस्थायी रूप से बंद किये जाने से एक बार फिर स्थानीय निवासी आवागमन की समस्या से जूझने को मजबूर हो गए हैं।
कृषि प्रबंधन अभिकरण परियोजना के अन्तर्गत कृषि विभाग की ओर से धौलधार ब्लॉक के इच्छोनी गाँव में गोष्ठी का आयोजन किया गया जिसमें ग्रामीणों को खेती के वैज्ञानिक तरीकों से उत्पादन बढ़ाने की जानकारी दी गई।
टिहरी जिले में मेडिकल कालेज व राज्य विश्वविद्यालय खोलने की मांग पर अमल में देरी का विरोध करते हुए एन.एस.यू.आई. ने नई टिहरी में प्रदेश भाजपा सरकार का पुतला फूँका।
पौड़ी
मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया की निरीक्षण टीम ने श्रीनगर मेडिकल कालेज और बेस अस्पताल का बारीकी से निरीक्षण किया।
बछेलीखाल में हुई कार दुर्घटना में गढ़वाल विश्वविद्यालय के शिक्षक दम्पति डॉ. जितेन्द्र कुमार रावत और डॉ. उषा रावत के निधन के शोक में गढ़वाल व चौरास वि. वि. बंद रहा।
काँग्रेस महासचिव राहुल गांधी के जन्म दिन के अवसर पर काँग्रेस कार्यकर्ताओं ने अस्पताल में मरीजों को फल बाँटे।
राजस्व और खाद्य आपूर्ति मंत्री दिवाकर भट्ट ने कहा कि पहाड़ों के विकास में वन अधिनियम सबसे बड़ी बाधा है।
जनपद में दो अलग-अलग दुर्घटनाओं में नौ लोग घायल हो गए।
खुद को क्रिकेट का कोच बता कर एक युवक ने न्यू विकास कालोनी के एक 14 वर्षीय बालक का फिरौती के लिए अपहरण कर लिया।

























आपकी टिप्पणीयाँ