मकर संक्रान्ति से ठीक पहले प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में वर्षा और हिमपात ने काश्तकारों में आशा की एक किरण जगायी। वातावरण में नमी आने से कोरी ठंड से भी राहत मिली है। मगर इस सर्दी के बीच राज्य के अनेक इलाकों के लोग बिजली की अघोषित कटौती, पानी की आपूर्ति में बाधा और रसोई गैस की आपूर्ति में कमी से परेशान रहे।
राज्य सरकार ने 7 जनवरी की मध्य रात्रि से वैट में दी जा रही छूट को समाप्त कर दिया, जिससे डीजल व पेट्रोल के दामों में एक- एक रुपये प्रति लीटर की वृद्धि हो गई।
सरकार ने कार्यस्थल में महिला अधिकारियों और कर्मियों के यौन उत्पीड़न संबंधी शिकायतों की जाँच के लिए राज्य स्तरीय शिकायत निवारण समिति का गठन किया है। प्रमुख सचिव विनीता कुमार को समिति का अध्यक्ष बनाया गया है।
मिनिस्ट्रीयल कर्मचारियों ने अपनी दो सूत्रीय माँगों पर फैसला न होने पर राज्य भर में हड़ताल शुरू कर दी।
स्कूलों की मिड डे मील योजना की निगरानी के लिए समन्वयकों की नियुक्ति करने का फैसला किया गया है।
एक ही परिसर में संचालित प्राइमरी स्कूलों के विलीनीकरण का काम 31 जनवरी तक पूरा करने के निर्देश दिये गए हैं।
औली में प्रस्तावित विंटर ओपन गेम्स का आयोजन फरवरी के अंत में करने का फैसला किया गया है।
मुख्य मंत्री डा. रमेश पोखरियाल निशंक ने दावा किया है कि सरकार राज्य के दूरस्थ एवं सुविधाओं व सेवाओं से वंचित इलाकों के विकास के लिए प्राथमिकता आधार पर काम कर रही है।
राज्य सिविल सेवा संघ की बैठक में फील्ड में तैनात अफसरों से मिलने वाली जानकारी के आधार पर पहल करने पर सहमति हुई है।
राज्य में आयुर्वेदिक कालेजों की फीस में छः गुना से अधिक की वृद्धि की गई है।
प्रदेश के विधायक साल के नौ महीने बीत जाने पर भी विकास बजट का मात्र 12.74 प्रतिशत हिस्सा ही खर्च कर पाए।
नैनीताल
डी.एस.बी. परिसर के छात्र पवन साह के नव वर्ष पूर्व संध्या से गायब रहने और बाद में उसकी हत्या का पता चलने से नैनीताल में क्षोभ रहा। पुलिस ने हत्या अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
हल्द्वानी में भी व्यापारी पुत्र अंकित गुप्ता की हत्या से कुछ दिन तनाव रहा, लेकिन फिर पुलिस ने इस अपराध का कथित तौर पर पर्दाफाश कर वाहवाही लूटी।
रामनगर के महिमा हत्याकांड को लेकर अब पुलिस मृतक बालिका के रिश्तेदारों का नार्को टैस्ट करवा रही है।
वन विभाग की नंधौर रेंज में काराकोट बीट में तस्करों और वनकर्मियों के बीच मुठभेड़ के दौरान दोनों तरफ से हुई फायरिंग में दो शिकारी कुत्ते मारे गए, जबकि तस्कर फरार होने में सफल रहे।
गौला में खनन की अनुमति न मिलने के विरोध में 7 जनवरी को हल्द्वानी में आयोजित बंद के दौरान यातायात ठप रहा। इस दौरान हुई आगजनी में एक दारोगा झुलस गया।
उत्तराखंड परिवहन निगम के हल्द्वानी डिपो में तैनात दो परिचालकों व एक चालक को जाँच में अनुशासनहीनता की पुष्टि होने के बाद बर्खास्त कर दिया गया।
मुक्तेश्वर पुलिस ने धानाचूली बैंड के समीप चेकिंग अभियान के दौरान दो युवकों से 10 लाख रु. मूल्य की पाँच किलो चरस बरामद की।
रामनगर में विभिन्न संस्थाओं द्वारा बाघों को बचाने के लिये जागरूकता पैदा करने के लिये एक जलूस निकाला गया।
अल्मोड़ा
नारी निकेतन अल्मोड़ा में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सोहन सिंह की सड़क से 10 फुट नीचे गिर जाने से मौत हो गई। वह नारी निकेतन में अपनी ड्यूटी समाप्त कर अपने घर को वापस जा रहा था, तभी यह दुर्घटना हुई।
विधायक गोविन्द सिंह कुंजवाल ने कालाडुंगरा में आयोजित सभा में विधायक निधि से बांचधार- कालाडुंगरा, भाबू, बसगांव, निरई मोटर मार्ग को प्रधान मंत्री सड़क योजना के तहत बनाने का वायदा किया और विधायक निधि से पैदल मार्ग व स्टेडियम बनाने की घोषणा की।इस मौके पर दर्जनों लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
साठ के दशक में श्रमदान से बने प्राथमिक स्कूल निरई में कार्यरत एकमात्र शिक्षा मित्र के बी.टी.सी. में चुने जाने से यहाँ अध्ययनरत 31 छात्र-छात्राओं का भविष्य अधर में लटक गया है।
सोमेश्वर के निकटवर्ती गाँव मल्लाखोली के प्राचीन हरज्यू मंदिर में आयोजित बैसी कार्यक्रम का समापन महाभंडारे के साथ हुआ।
बागेश्वर
गरुड़ के पूर्व प्रमुख चतुर सिंह परिहार के हत्यारों को गिरफ्तार न किए जाने से नाराज उक्रांद कार्यकर्ताओं ने जलूस निकाल कर प्रदर्शन किया और तहसील कार्यालय में तालाबंदी कर दी।
उत्तराखंड युवक कांग्रेस का पाँचवा स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया।
विशिष्ट बी.टी.सी. प्रक्रिया आरंभ करने की माँग को लेकर प्रशिक्षित बेरोजगारों ने गांधी मूर्ति के आगे धरना दिया।
बागेश्वर के नुमाईश मैदान में आयोजित उत्तरायणी मेले के मुख्य अतिथि स्वास्थ्य मंत्री बलवंत सिंह भौर्याल ने कहा कि इस मेले को राज्य स्तरीय मेला घोषित करने के प्रयास किये जाएंगे।
उत्तराखंड लोक वाहिनी के अध्यक्ष डॉ. शमशेर सिंह बिष्ट ने जन जागरण यात्रा के दौरान नुक्कड़ सभाओं में कहा कि उत्तराखंड की राजधानी गैरसैंण बनाये बिना पहाड़ का विकास संभव नहीं है।
पिथौरागढ़
थल क्षेत्र के स्वतंत्रता सेनानी बाला दत्त पंत का 90 वर्ष की उम्र में 10 जनवरी को निधन हो गया। उनकी अंत्येष्टि राजकीय सम्मान के साथ की गई।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष यशपाल आर्य का 58 वाँ जन्म दिन जनपद में धूमधाम से मनाया गया।
छिरकिला से धारचूला को लौट रही जीप के खाई में गिरने से जीप मालिक की मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
अपने हक के लिये लम्बे समय से लड़ रहे गुरिल्लों ने अब एसएसबी को खुफिया सूचनायें न देने का निर्णय किया है।
उधर सीएम को बागेश्वर के उत्तरायणी मेले में घेरने के लिये प्रशिक्षित बेरोजगारों ने भी कमर कस ली है।
चम्पावत
नेपाल के माओवादी नेता एवं पूर्व प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ‘प्रचंड’ द्वारा 11 जनवरी को टनकपुर से लगी सीमा पर शारदा नदी पर बने तटबंध का निरीक्षण किया गया। उन्होंने इस क्षेत्र में अपने भाषणों में नानकमत्ता से पीलीभीत तक का क्षेत्र नेपाल में होने का दावा किया।
शारदा नदी से खनन शुरू किये जाने की माँग को लेकर टनकपुर में बाजार बंद का आयोजन किया गया।
कड़ाके की ठंड के बीच लोहाघाट के लोग पेयजल का संकट झेलते रहे।
जनपद में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती से नाराज कांग्रेसियों ने मुख्यालय में पुतला फूँक कर अपना रोष प्रकट किया।
टनकपुर में जिलाधिकारी अवनेन्द्र नयाल ने तहसील दिवस पर उठी क्षेत्र की पानी, बिजली, सिंचाई और सड़क संबंधी 71 समस्याओं के तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए।
उक्रांद कार्यकर्त्ताओं ने राज्य आन्दोलनकारियों को चिन्हित किये जाने की माँग को लेकर धरना देकर नए साल की शुरूआत की।
उधमसिंह नगर
खटीमा विकास खंड के थारू जनजाति बहुल गाँवों में विवाह समारोहों के दौरान नौटंकी प्रदर्शन रोके जाने की माँग को लेकर कई संगठन सड़कों पर उतर आए।
गन्ना किसानों ने गन्ने की कीमत बढ़ाने की माँग को लेकर गन्ना सहकारी समिति के परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया और फैसला किया कि 300 रु. प्रति कुन्तल से अधिक की कीमत देने वाली चीनी मिलों को ही गन्ना बेचा जाएगा।
खटीमा नगर कांग्रेस अध्यक्ष के भाई की हत्या के विरोध में कांग्रेसियों ने प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री का पुतला फूँका।
रुद्रपुर में बिजली विभाग के निजीकरण के विरोध में कांग्रेसियों का बंद व चक्का जाम सफल रहा।
हरिद्वार
हरिद्वार में 14 जनवरी को महाकुंभ का पहला स्नान सम्पन्न हुआ। दस लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने इक्कीसवीं सदी के पहले महाकुम्भ में गंगा में डुबकी लगाने का पुण्य अर्जित किया। अगले ही दिन मौनी अमावास्या और सूर्यग्रहण के योग के कारण श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए उमड़ पड़े।
दिल्ली-हरिद्वार राजमार्ग पर गंगनहर पुल के पास एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से मोटर साइकिल में सवार महिला की मृत्यु हो गई जबकि उसका पति व पुत्र घायल हो गए।
कांग्रेसी विधान मंडल दल ने कुंभ के लिए किये गए कार्यों की गुणवत्ता की जाँच करने के लिए निर्माण स्थलों का दौरा किया। इसकी रिपोर्ट नेता प्रतिपक्ष को दी जाएगी और खामियों के मामलों को विधान सभा के अगले सत्र के दौरान उठाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने 12 जनवरी को हरिद्वार का दौरा कर कहा कि मकर संक्रांति स्नान के लिए सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। रेलवे व रोडवेज सहित अनेक विभागों ने भी कुंभ सम्बन्धी तैयारियाँ पूरी करने का दावा किया।
सिंथेटिक दूध बनाने के लिए यूरिया जैसे घातक पदार्थ को मिलाने के आरोप में दोषी पाये गए दो सगे भाइयों को अपर सत्र न्यायाधीश हरीश कुमार गोयल ने साढ़े पाँच साल की सश्रम कैद व 25 हजार के जुर्माने की सजा सुनाई।
कालागढ़ में रामगंगा बाँध के तहत सिंचाई विभाग के भंडारगृह में तैनात कर्मचारियों को हथियारों के बल पर बंधक बना कर डेढ़ दर्जन बदमाश लाखों रु. की मशीनें लूट ले गए।
केन्द्रीय खाद्य एवं प्रसंस्करण उद्योग मंत्री सुबोधकांत सहाय ने पतंजलि फूड एंड हर्बल पार्क का उद्घाटन किया। केन्द्रीय स्वास्थ्य व परिवार कल्याण मंत्री गुलाम नबी आजाद ने पतंजलि योगपीठ का दौरा करने के बाद कहा कि पतंजलि आयुर्वेद कालेज देश का सबसे आधुनिक कालेज है।
सेना के एक वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार रिटायर्ड कैप्टन की मौके पर मौत हो गई जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया।
देहरादून
देहरादून में इसी सत्र से मेडिकल कालेज शुरू करने के प्रयासों को एम.सी.आई. की मान्यता न मिल पाने के कारण झटका लगा।
एस.टी. एफ. ने ऋषिकेश में एक तस्कर को गिरफ्तार कर तीन तेंदुओं की खाल तथा भारी मात्रा में अफीम व चरस की बरामदगी की है।
हिल्ट्रान के एक जूनियर इंजीनियर को कार्यालय में शराब पी कर दुर्व्यवहार व गाली गलौज करने के आरोप में बर्खास्त कर दिया गया।
एन.डी. तिवारी के सरकारी आवास पर 12 जनवरी को नागरिक परिषद् की ओर से भोज का आयोजन किया गया। इसे तिवारी के पुनः राजनीति में सक्रिय होने का संकेत समझा जा सकता है।
चमोली
राजकीय वाहन चालक महासंघ ने अपनी 11 सूत्रीय माँगों को लेकर 6 जनवरी से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी।
कुंभ कार्यों की आपूर्ति विभाग, इंडेन गैस सर्विस तथा स्थानीय प्रशासन ने नगर क्षेत्र कर्णप्रयाग और गौचर के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर छापे मार कर घरेलू गैस के 30 सिलेंडर जब्त किये।
जिला योजनाओं की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी नीरज सेमवाल ने कम प्रगति पर सम्बद्ध अधिकारियों को फटकार लगाई।
चमोली तहसील के समीप खेनुरी गाँव में बाघ ने गोशाला में घुस कर एक बैल को मार डाला।
आदिबदरी धाम के कपाट मकर संक्रांति के दिन पूजा अर्चना के साथ खुले। इस अवसर पर कर्णप्रयाग में सात दिवसीय मेला भी आरंभ हुआ।
रुद्रप्रयाग
राइका मणिपुर के शिक्षक महिपाल सिंह रावत द्वारा स्कूटर दुर्घटना में मंदाकिनी में गिर पड़े युवक की अपनी जान पर खेल जान बचाने की सर्वत्र वाहवाही हो रही है।
विधान सभा अध्यक्ष हरवंस कपूर ने यहाँ कहा कि वे विधानसभा में होने वाली कार्यवाही का टी.वी. पर सीधा प्रसारण करवाना चाहते हैं।
केदारनाथ की विधायक आशा नौटियाल ने चोपता जाखणी में ग्राम्य परियोजना के सहयोग से स्थापित शिवशक्ति स्वायत्त सहकारिता कार्यालय का उद्घाटन किया। इस कार्यालय से 11 ग्राम सभाओं के 40 स्वयं सहायता समूह और 17 कृषक समूह जुड़े हुए हैं।
प्रधान मंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत चार वर्ष पूर्व स्वीकृत सणगू- ककोड़ाखाल-सारी मोटर मार्ग पर निर्माण कार्य न होने से क्षुब्ध ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों का घेराव किया।
श्री 108 स्वामी सच्चिदानन्द वेदभवन संस्कृत महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं का सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम कोटेश्वर मंदिर में हुआ।
जिलाधिकारी रविनाथ रामन ने ननरकोटा गाँव का जायजा लिया और पटवारी को घर-घर जा कर खतौनी तैयार करने के निर्देश दिए।
राज्य में चल रही विद्युत कटौती एवं बढ़ती महंगाई को लेकर कांग्रेसियों ने मुख्यालय में प्रदर्शन कर भाजपा सरकार का पुतला फूँका।
देवप्रयाग-टिहरी मोटर मार्ग में बिड़कोट के पास एक टाटा सूमो के खाई में गिर जाने से 10 लोग घायल हो गए।
उत्तरकाशी
बिजली की अघोषित कटौती से नाराज व्यापारियों ने प्रदर्शन कर जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव किया।
गुनसोला जल विद्युत परियोजना से प्रभावित चानी के ग्रामीणों ने परियोजना के खिलाफ क्रमिक अनशन प्रारम्भ किया है।
ऋषिकेश-गंगोत्री मार्ग पर धरासू के समीप एक कार के भागीरथी में गिर जाने से तीन लोगों की मौत हो गई।
टिहरी
जनपद के अनेक स्थानों पर इस बार सर्दियों में भी पेयजल की भारी किल्लत होने से लोग बूँद-बूँद पानी के लिए तरस रहे हैं।
जिलाधिकारी सचिन कुर्वे ने जिला पुनर्वास केन्द्र व अतिथि ग्रह का उद्घाटन किया।
जिजली-बागी, मठियाणगाँव, बनाली मोटर मार्ग के निर्माण की कछुआ गति पर नाराज ग्रामीणों ने मुख्यालय में प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन प्रेषित किया।
चम्बा ब्लॉक की तीन ग्राम पंचायतों- सिलकोटी, इंडवालगाँव और जड़धार गाँव को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित करने की जिम्मेदारी कृषि, उद्यान और पशुपालन विभाग ने ली है।
पट्टी लोस्तु बडियार के ग्राम सभा देवगड़ी गहड के ग्रामीणों ने शराबियों के से तंग आ कर अब शराब विरोधी अभियान छेड़ा है।
पौड़ी
भाबर क्षेत्र के अन्तर्गत जशोधरपुर आस्थान में तीन वर्षीय मासूम के साथ दुराचार का मालला प्रकाश में आने के बाद परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
राजकीय मेडिकल कॉलेज में नियुक्तियों की माँग को लेकर चली भूख हड़ताल श्रीनगर के विधायक के आश्वासन के आधार पर समाप्त कर दी गई।
धुमाकोट थाना पुलिस ने प्रखंड एकेश्वर के अन्तर्गत स्टेट बैंक की संगलाकोट इकाई में हुई चोरी का पर्दाफाश करते हुए एक किशोर सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
क्षेत्रीय विधायक शैलेन्द्र सिंह रावत के अनुसार कण्वाश्रम को पर्यटन सर्किट में शामिल करने के लिए एक बृहद योजना तैयार की गई है।
कार्बेट पार्क की ढिकाला वन रेंज में बाघ का शव बरामद होने से वन अधिकारियों के बीच हड़कम्प मच गया।
प्रशासन द्वारा टैक्सी चालकों को निर्धारित परमिट के अनुसार ही सवारी बिठाने का फरमान जारी होने के बाद टैक्सी यूनियनों ने किराये में 25 प्रतिशत की वृद्धि कर दी।
भाकपा (माले) द्वारा नागेन्द्र सकलानी शहादत दिवस पर 11 जनवरी को श्रीनगर में आयोजित गोष्ठी में माले नेता राजा बहुगुणा, रुद्रप्रयाग के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष गंगाधर नौटियाल तथा सीपीएम नेता विजय रावत द्वारा जल विद्युत परियोजनाओं के नाम पर लोगों को विस्थापित करने की साजिश की कड़ी आलोचना की।
? आपका खबरची

























आपकी टिप्पणीयाँ