अमर शहीद श्रीदेव सुमन की पुण्य तिथि के मौके पर नई टिहरी स्थित बौराड़ी के मिलन केन्द्र में आयोजित कार्यक्रम में सर्वोदयी कार्यकर्ता धर्मानन्द नौटियाल को सम्मानित किया गया। यह तय किया गया कि अगले वर्ष यह कार्यक्रम श्रीनगर (पौड़ी) में होगा। धर्मानन्द नौटियाल ने बूढ़ा केदार क्षेत्र में उत्तराखंड का पहला सर्वोदय परिवार बनाने की पहल की। इस सर्वोदय परिवार में धर्मानन्द नौटियाल, बादर सिंह राणा, भरपूर नगवाण ने एक चूल्हे में साथ रह कर भेदभाव रहित आपसी सहयोग से कार्य किया। पाँचवे दशक में हुई इस पहल से पूरे क्षेत्र में धर्मानन्द नौटियाल को विद्रोह का सामना करना पड़ा। लेकिन धर्मानन्द जी ने बूढ़ा केदारनाथ मंदिर में हरिजनों का प्रवेश कराया तथा डोला पालकी, शराबबन्दी आंदोलन, चिपको आंदोलन में सुन्दर लाल बहुगुणा आदि का सहयोग किया। उन्होंने टिहरी रियासत के प्रजामंडल आंदोलन में भी अपनी भागेदारी की। कार्यक्रम में केशर सिंह राणा, जगदम्बा रतूड़ी, गीता गैरोला, सुन्दर लाल बहुगुणा, बिहारी भाई समेत कई लोगों ने धर्मानन्द नौटियाल के साथ बिताये दिनों को याद किया। समारोह की अध्यक्षता बिहारी लाल जी ने की। भिलंगना के विधायक बलवीर सिंह नेगी, टिहरी के विधायक किशोर उपाध्याय सत धर्मानन्द नौटियाल, डॉ. अनिल जोशी, अनिल स्वामी, उमाशंकर थपलियाल, विरेन्द्र पैन्यूली, सुन्दर लाल बहुगुणा, प्रभावती रावत, कृष्ण मैठाणी आदि थे।