विगत 22 वर्षों की भाँति इस वर्ष भी उमेश डोभाल स्मृति समारोह 25 मार्च को होगा। पहले इसका आयोजन मसूरी में होना तय था। किन्तु उमेश डोभाल स्मृति समिति के अध्यक्ष राजेन्द्र रावत ‘राजू’ के 15 दिसम्बर 2009 को देहान्त के बाद बदली हुई परिस्थितियों में इसे पौड़ी में किया जाना तय हुआ। इस बीच उमेश डोभाल स्मृति न्यास का भी पुनर्गठन कर लिया गया है। अब गोविन्द पंत ‘राजू’ न्यास के अध्यक्ष होंगे। ललित कोठियाल महासचिव और विमल नेगी तथा मीरा रावत उपाध्यक्ष चुने गये। सुरेन्द्र सिंह रावत को कोषाध्यक्ष तथा एस.एन.रतूड़ को सचिव/समन्वयक चुना गया।
इस बार का उमेश डोभाल सम्मान मरणोपरान्त राजेन्द्र रावत ‘राजू’ को दिया जायेगा। राजेन्द्र रावत ‘राजू’ की स्मृति में न्यास द्वारा एक जन सरोकार सम्मान शुरू किया जा रहा है, जो इस बार नयार घाटी में काम करने वाले वयोवृद्ध गांधीवादी कार्यकर्ता मान सिंह रावत को दिया जायेगा। उत्तराखण्ड में जपनक्षीय पत्रकारिता के क्षेत्र में उमेश डोभाल पत्रकारिता पुरस्कारों की घोषणा भी कर दी गई है। इस साल का प्रिन्ट मीडिया वर्ग में पुरस्कार श्रीनगर के स्वतन्त्र पत्रकार सीताराम बहुगुणा को दिया जायेगा, जबकि पहली बार आरम्भ किये गये इलेक्ट्रानिक मीडिया श्रेणी का पुरस्कार ‘सहारा समय’ रामनगर के प्रतिनिधि गणेश रावत को दिया जायेगा। कुल 15 व्यक्तियों के नामांकन में चयन समिति में ट्रस्ट के सलाहकार मण्डल संयोजक नरेन्द्र सिंह नेगी, वरिष्ठ पत्रकार जी.पी. सेमवाल, दैनिक हिन्दुस्तान के संवाददाता अनिल बहुगुणा व नेहरू युवा केन्द्र के राज्य समन्वयक डॉ. योगेश धस्माना व पत्रकार गणेश खुगसाल ‘गणी’ की चयन
समिति ने ये चयन किये। इस पुरस्कार के तहत नकद पाँच-पाँच हजार के पुरस्कार के अलावा प्रशस्ति पत्र अंगवस्त्र आदि देय होंगे।
इस बार उमेश डोभाल स्मृति समारोह में राजस्थान में तालाबों को पुनर्जीवित करने वाले, मैग्सेसे पुरस्कार प्राप्त राजेन्द्र सिंह होंगे।

























आपकी टिप्पणीयाँ