गढ़वाली समाचार पत्र ‘खबरसार’ के सम्पादक विमल नेगी को वर्ष 2009-10 और कुमाउनी मासिक पत्रिका ‘पहरू’ के सम्पादक हयात सिंह रावत को वर्ष 2010-11 का ‘पं. आदित्य राम नवानी लोकभाषा सम्मान’ से नवाजा गया है। ‘अन्तर्राष्ट्रीय मातृ भाषा दिवस’ के अवसर पर उत्तराखण्ड संस्कृति निदेशालय देहरादून के सभागार में निदेशक बीना भट्ट द्वारा एक समारोह में यह सम्मान दिया गया।
विकास खण्ड बेरीनाग (पिथौरागढ़) के 27 वर्षीय युवा प्रदीप महरा को युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा वर्ष 2010-11 का ‘राष्ट्रीय युवा पुरस्कार’ प्रदान किया गया। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सदानन्द गौड़ा और केन्द्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री अजय माकन ने उन्हें चालीस हजार का चैक, एक मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। प्रदीप द्वारा दो दर्जन ग्राम पंचायतों में सघन पौधारोपण कर युवा क्लबों का गठन कर जागरूकता अभियान चलाया गया है। वे पर्यावरण संरक्षण, गंगा स्पर्श अभियान, वर्षा जल संरक्षण, नशा मुक्ति अभियान, अल्प बचत कार्यक्रम, दहेज प्रथा, साक्षरता अभियान, मतदाता जागरूकता अभियान, युवा विकास कार्यक्रम, साहसिक पर्यटन आदि में भी सक्रिय रहते हैं।
नैनीताल समाचार की बधाई !